मैच (12)
IPL (2)
Women's One-Day Cup (1)
त्रिकोणीय वनडे सीरीज़, श्रीलंका (1)
PSL (1)
County DIV1 (3)
County DIV2 (4)
ख़बरें

शिखर धवन ने अंतर्राष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट से लिया संन्यास

उन्होंने एक वीडियो पोस्ट करते हुए यह जानकारी दी

Shikhar Dhawan forces one away, New Zealand vs India, 1st ODI, Auckland, November 25, 2022

धवन का वनडे रिकॉर्ड बेहतरीन है  •  Getty Images

भारतीय सलामी बल्लेबाज़ शिखर धवन ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उन्होंने शनिवार सुबह सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये यह जानकारी दी।
उन्होंने एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, "मैं अपने 14 साल के अंतर्राष्ट्रीय करियर को बहुत सारी यादों के साथ समाप्त करता हूं। आप सभी को प्यार और समर्थन के लिए शुक्रिया। जय हिंद।"
वीडियो में उन्होंने कहा, "ज़िंदगी में आगे बढ़ने का समय आ गया है, इसलिए मैं अंतर्राष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट से संन्यास ले रहा हूं। मैं भारत के लिए अब नहीं खेल पाऊंगा, यह सोचकर दुःखी होने की बजाय मैं यह सोचकर ख़ुश हूं कि मैं भारत के लिए इतने लंबे समय तक खेला। मैं अपनी इस यात्रा के लिए अपने परिवार, बचपन के कोचों, साथ खेले खिलाड़ियों और सभी फैंस का शुक्रगुज़ार हूं।"
धवन ने भारत के लिए 269 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेले, जिसमें उनके नाम 24 शतक हैं। वह इस साल IPL 2024 के दौरान अंतिम बार पंजाब किंग्स की कप्तानी करते हुए दिखे थे।
धवन की गिनती आधुनिक दौर के महान ODI बल्लेबाज़ों में होती रही है। धवन इस प्रारूप में उन आठ खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने 40 से अधिक की औसत और 90 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 5 हज़ार से ज़्यादा रन बनाए हैं। दिसंबर 2022 में वह बांग्लादेश दौरे पर भारत के लिए अंतिम बार खेलते नज़र आए थे।
टेस्ट प्रारूप में भी धवन ने धमाकेदार एंट्री करते हुए अपने डेब्यू पर ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ महज़ 85 गेंदों पर शतक जड़ दिया था। जो किसी भी खिलाड़ी द्वारा टेस्ट डेब्यू पर लगाया गया सबसे तेज़ शतक था।
2013 के साल धवन के लिए सबसे बेहतरीन था जब उन्होंने ODI में 50.52 की औसत और 97.89 के स्ट्राइक रेट से 1162 रन बनाए थे। इसमें चैंपियंस ट्रॉफ़ी में उनकी पांच पारियों में बनाए गए 363 रन टूर्नामेंट में भारतीय टीम के लिए काफ़ी अहम साबित हुए। चैंपियंस ट्रॉफ़ी के दौरान ही रोहित शर्मा और धवन ने भारतीय टीम की सलामी जोड़ी के रूप में ख़ुद को स्थापित किया था। हालांकि इसके बाद भी धवन का जलवा जारी रहा और उन्होंने भारतीय टीम में अपनी स्थाई जगह बना ली। धवन इसके बाद हुए बड़े टूर्नामेंट में भारतीय टीम की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ रहे, इसमें एशिया कप 2014, वनडे विश्व कप 2015, चैंपियंस ट्रॉफ़ी 2017 और एशिया कप 2018 शामिल है।
धवन के ODI करियर में पहला बड़ा झटका वनडे विश्व कप 2019 के दौरान लगा जब अंगूठे में चोट के चलते उन्हें बीच टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। धवन को इस बीच में नियमित खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में भारतीय टीम की अगुवाई करने का मौक़ा भी मिला।
IPL में धवन ने दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस, डेक्कन चार्जर्स, सनराइज़र्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स का प्रतिनिधित्व किया। IPL में धवन विराट कोहली के बाद सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ हैं। धवन ने IPL में 221 पारियों में 127.14 के स्ट्राइक रेट से 6769 रन बनाए हैं।
घरेलू क्रिकेट में धवन ने दिल्ली का प्रतिनिधित्व किया, उनके शुरुआती दिनों में 2007-08 के सीज़न में दिल्ली ने रणजी ट्रॉफ़ी भी अपने नाम की थी। धवन 2004 के अंडर 19 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ थे।