सूर्यकुमार: घर पर खेलने का दबाव तो होता ही है
भारतीय कप्तान ने कहा कि T20 विश्व कप में उनके लिए हर मैच अहम है
ESPNcricinfo स्टाफ़
Feb 6, 2026, 6:22 PM • 3 hrs ago
शनिवार को गतविजेता भारत T20 विश्व कप के ख़िताब का अपने घर पर बचाव करने के अभियान का आग़ाज़ करेगा। संयुक्त राज्य अमेरिका के ख़िलाफ़ मुक़ाबले से पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने घर पर विश्व कप खेलने के दबाव को दरकिनार नहीं किया।
सूर्यकुमार ने कहा, "निश्चित तौर पर हम घर पर खेल रहे हैं और जिस तरह की क्रिकेट हमने खेली है हमसे टूर्नामेंट जीतने की उम्मीद होना लाज़मी है। अभी तक किसी भी टीम ने ख़िताब का बचाव नहीं किया है, किसी ने घर पर जीत दर्ज नहीं की है। हां, यह सारी चीज़ें दिमाग़ में चलती हैं, लेकिन ठीक उसी समय आपको वर्तमान में रहने की कोशिश करनी चाहिए। आपको इस पर ध्यान देना चाहिए कि किसी ख़ास दिन पर आप क्या करना चाहते हैं, आप किस तरह की क्रिकेट खेलना चाहते हैं। यह बहुत ज़रूरी है।"
"वर्तमान में रहना और भावनाओं को नियंत्रित करना ज़रूरी है। क्योंकि जब आप घर पर खेल रहे होते हैं तो आप ज़्यादा उत्साहित होना चाहते हैं। आप लोगों को अपने खेल से उनकी उम्मीद से ज़्यादा उन्हें देना चाहते हैं। और यही वो समय होता है जब आपसे ग़लती हो सकती है। लेकिन मुझे लगता है कि इस विश्व कप में वर्तमान में बने रहना काफ़ी महत्वपूर्ण होगा। तब भी जब हम अंत तक जाएं लेकिन मुझे लगता है कि हम जो भी मैच खेलें, हमें निश्चिंत रहना होगा और उसी मुक़ाबले पर सोचने पर ज़ोर देना होगा जो हम खेल रहे हैं।"
भले ही सूर्यकुमार बाहरी आवाज़ों को बंद करने का प्रयास करें लेकिन उन्हें इस विश्व कप की यात्रा में हर क़दम याद दिलाया जाएगा कि यह घर पर खेला जा रहा है जैसा कि शुक्रवार को हुआ जब उनके अभ्यास के लिए आते ही किसी ने बाउंड्री के बाहर से उन्हें आवाज़ लगाई। सूर्याकुमार पीछे मुड़े और उन्होंने व्यक्ति की ओर अपना हाथ हिलाया और इसके बाद उन्होंने उस व्यक्ति से बात भी की। ग्राउंड स्टाफ़ उनके साथ सेल्फ़ी खिंचवाना चाहते थे।
सूर्यकुमार ने कहा, "देखिए, जैसा कि मैंने कहा कि घर पर खेलना काफ़ी उत्सुकता भरा अनुभव होता है। मैंने इसे 2023 में वनडे विश्व कप के दौरान भी अनुभव किया था। भारी संख्या में लोग आ रहे थे, एयरपोर्ट पर लोग बात कर रहे थे। इससे आपको प्रेरणा मिलती है। लेकिन ठीक उसी समय यह अपने साथ ज़िम्मेदारी भी लाता है कि आपको एक बेहतरीन दल का नेतृत्व करने का मौक़ा मिल रहा है, वो भी घर पर और वानखेड़े से शुरुआत करने वाले हैं। तो लड़के कल मैदान पर उतरने के लिए काफ़ी उत्साहित हैं।"
विशेषकर 2024 T20 विश्व कप जीत के बाद जिस तरह का T20I में भारतीय टीम ने प्रदर्शन किया है, उसने भारतीय टीम से उम्मीदें और बढ़ा दी हैं।
सूर्यकुमार ने कहा, "जिस तरह से पिछले एक या दो वर्ष में हमने क्रिकेट खेली है उसे देखते हुए लोगों को हमसे निश्चित तौर पर वैसी ही उम्मीदें होंगी। और हम उन्हें इसके और कारण देने का प्रयास करेंगे और इसी ब्रांड की क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। मैंने अपनी टीम के साथियों से भी कहा है कि 30-35 हज़ार लोग स्टेडियम में आएंगे और भारी संख्या में लोग घर से मैच देख रहे होंगे। चलिए उन्हें कुछ अच्छे पल देते हैं, उनका मनोरंजन करते हैं।"
