बटलर के शतक और चहल-अश्विन की गेंदबाज़ी ने राजस्थान के विजय रथ को रखा जारी
किशन और युवा वर्मा का अर्धशतक काम नहीं आया
शशांक किशोर
02-Apr-2022
आईपीएल 2022 में बटलर ने पहला शतक लगाया है • BCCI
राजस्थान रॉयल्स 193 पर 8 (बटलर 100, हेटमायर 35, बुमराह 3-17) ने मुंबई इंडियंस 170 पर 8 ( तिलक 61, चहल 2-26, अश्विन 1-30 ) को 23 रनों से हराया
युज़वेंद्र चहल और आर अश्विन ने आज के मैच में शानदार गेंदबाज़ी का मुज़ाहिरा किया। उन्होंने महत्वपूर्ण समय पर अपनी फिरकी से मुंबई इंडियंस के कई अहम बल्लेबाज़ों को अपनी जाल में फंसाया। पहली पारी में जॉस बटलर ने अपने शतक के बदौलत राजस्थान रॉयल्स की टीम को एक सम्मानजनक स्कोर(193) तक पहुंचाने का काम किया और इनदोनों स्पिनरों की जोड़ी ने यह सुनिश्चित किया कि इस स्कोर की रक्षा की जा सके। मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2022 में यह लगातार दूसरी हार है।
मुंबई की टीम के लिए यह मैच हार जाना काफ़ी निराशजनक रहा होगा, क्योंकि एक समय पर ऐसा लग रहा था कि वह आसानी से इस लक्ष्य का पीछा कर लेंगे। भले ही लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने अपने दो विकेट जल्दी-जल्दी गंवा दिए लेकिन इशान किशन और तिलक वर्मा के बीच एक शानदार और आक्रामक साझेदारी हुई। इन दोनों बल्लेबाज़ों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी करते हुए अर्धशतक लगाया और जब इन दोनों का विकेट गिरा तो 36 गेंदों में 65 रनों की आवश्यकता थी। इसके बाद मुंबई ने 7 गेंदों के अंतराल में तीन विकेट गंवा दिए और वह दबाव में आ गए।
कायरन पोलार्ड ने कुछ देर के लिए मुंबई के जीत के सपने को जीवित रखा। हालांकि पारी के 19वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाज़ी की और सिर्फ़ 10 रन दिए। इसके बाद अंतिम ओवर में मुंबई को जीतने के लिए अंतिम ओवर में 29 रनों की आवश्यकता थी। हालांकि 20वें ओवर में भी पोलार्ड सिर्फ़ एक ही चौका मार सके। वह जितना भी शॉट लगा रहे थे, वो सभी फील्डर के हाथों में जा रहा था। अंतिम गेंद को सीमा रेखा के बाहर भेजने में वह स्वीपर कवर के स्थान पर बटलर को कैच दे बैठे।
अश्विन और चहल की कलाकारी
आज के मैच में ओस का कोई प्रभाव नहीं था। ऐसे में संजू सैमसन के पास यह मौक़ा था कि वह अश्विन और चहल के कोटे का पूरा उपयोग करे। चहल और अश्विन ने भी अपने अनुभव से मुंबई के बल्लेबाज़ों को काफ़ी परेशान किया।
15वें ओवर की पहली गेंद पर युवा तिलक ने अश्विन की गेंद पर रिवर्स स्वीप लगा कर आधे दर्जन रन बटोरे। उसके बाद वाली गेंद पर अश्विन ने गति कम कर दी और एक ऑफ़ ब्रेक गेंद पर तिलक स्लॉग स्वीप लगाने के चक्कर में बोल्ड हो गए। तिलक को आउट करने के बाद अश्विन ने तिलक की देखते हुए दहाड़ लगाई।
इसके बाद 16वें ओवर में चहल ने पहले टिम डेविड तो पहले पगबाधा आउट करवाया और उसकी अगली गेंद पर उन्होंने डेनियल सैम्स को लांग ऑन पर कैच आउट करवा दिया। चहल आज हैट्रिक ले लेते लेकिन पहले स्लिप के स्थान पर करूण नायर ने मुर्गन अश्विन का आसान सा कैच छोड़ दिया।
इन दो ओवरों के बाद मैच का पलड़ा काफ़ी हद तक राजस्थान की तरफ झुक गया।
किशन और तिलक की शानदार साझेदारी
मुंबई ने आज रोहित शर्मा और अनमोलप्रीत का विकेट काफ़ी जल्दी गंवा दिया था। हालांकि इसके बाद किशन और तिलक के बीच एक शानदार साझेदारी हुई। इन दोनों खिलाड़ियों ने 54 गेंदों में 81 रन बटोरे। तिलक ने अपनी पारी के दौरान 33 गेंदों में 61 रन बनाया और वहीं किशन ने 43 गेंदो में 54 रन बनाया। इस पार्टनरशिप के कारण एक समय ऐसा लग रहा था कि मुंबई आसानी से यह मैच जीत जाएगी लेकिन ट्रेंट बोल्ट ने किशन को 121 के स्कोर पर स्क्वायर लेग पर कैच आउट करा दिया फिर विकेटों की झड़ी लग गई और मुंबई अपने लक्ष्य से भटक गई।
शशांक किशोर ESPNcricinfo के सीनियर सब एडिटर हैं। अनुवाद ESPNcricinfo हिंदी के सब एडिटर राजन राज ने किया है।