पूरन, मयंक सहित पांच खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती है LSG
पूरन और मयंक के अलावा दो अनकैप्ड खिलाड़ी रिटेन किए जा सकते हैं
नागराज गोलापुड़ी
28-Oct-2024
पूरन को LSG ने 16 करोड़ में ख़रीदा था • AFP/Getty Images
निकोलस पूरन, मयंक यादव, रवि बिश्नोई के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) IPL 2025 के लिए दो अनकैप्ड खिलाड़ियों मोहसिन ख़ान और आयुष बदोनी को भी रिटेन कर सकती है। केएल राहुल को LSG रिटेन न करने का फ़ैसला कर सकती है, हालांकि ऐसी स्थिति में उनके पास नीलामी में एक राइट टू मैच कार्ड का भी विकल्प होगा।
इन खिलाड़ियों को रिटेन किए जाने की कुल राशि का पता नहीं चल पाया है लेकिन नीलामी के लिए निर्धारित मापदंडों के अनुसार LSG के पर्स से 51 करोड़ काट लिए जाएंगे। अगर यह पर्स 51 करोड़ की निर्धारित राशि को पार करती है तब उतनी ही राशि 120 करोड़ के कुल पर्स में से काट ली जाएगी।
ऐसी जानकारी है कि पूरन LSG के पहले रिटेंशन होंगे और इसके बाद मयंक और बिश्नोई होंगे। 2024 में रन बनाने के मामले में पूरन राहुल से पीछे थे। पहले चरण में राहुल के निगल के चलते बाहर होने पर उन्होंने अंतरिम कप्तान और विकेटकीपर की भूमिका भी अदा की थी। पूरन को LSG ने 2024 के सीज़न से पहले 16 करोड़ में ख़रीदा था। 2017 में मुंबई इंडियंस (MI) के साथ IPL में डेब्यू करने वाले पूरन की क़ीमत लगातार बढ़ती ही गई है। पहले सीज़न में MI ने उन्हें 30 लाख में ख़रीदा था, इसके दो साल बाद पंजाब किंग्स (PBKS) ने उन्हें 4.2 करोड़ रुपए में ख़रीदा। 2022 की बड़ी नीलामी में सनराइज़र्स हैदराबाद (SRH) ने उन्हें 10.75 करोड़ रुपए में ख़रीदा, हालांकि उन्हें पूरन को रिलीज़ कर दिया, जिसके बाद LSG ने उन्हें अपने दल में शामिल कर लिया।
बिश्नोई को LSG ने नीलामी से पहले चार करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा था क्योंकि उस समय बिश्नोई अनकैप्ड खिलाड़ी हुआ करते थे। 2022 में बिश्नोई ने 14 मैचों में 8.44 की इकॉनमी से 13 विकेट चटकाए थे। एक साल बाद बिश्नोई अब भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके थे और उन्होंने अगले सीज़न में 7.74 की इकॉनमी से 16 विकेट चटकाए। हालांकि पिछले सीज़न बिश्नोई 14 मैचों में 8.77 की इकॉनमी से 10 विकेट ही ले पाए थे।
मयंक को LSG ने 2022 की बड़ी नीलामी में 20 लाख रुपए में ख़रीदा था। अब तक उन्होंने IPL के चार मैच सहित कुल सात T20 खेले हैं। जिसमें तीन उन्होंने बांग्लादेश के ख़िलाफ़ हालिया T20I सीरीज़ के दौरान खेले थे। मयंक BCCI द्वारा बेंगलुरु में हाल में ही खोले गए सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस में हैं और इसके पीछे के कारण की पुष्टि नहीं हो सकी है।
बदोनी और मोहसिन दोनों को LSG ने 2022 की नीलामी में 20 लाख रुपए में ख़रीदा था और यह दोनों ही खिलाड़ी टीम की सफलता का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। बदोनी ने 2023 के सीज़न में 12 पारियों में 138 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 238 रन बनाए थे। मोहसिन ने IPL के अपने पहले सीज़न में नौ मैचों में 14 विकेट चटकाते हुए काफ़ी प्रभावित किया था। हालांकि इसके बाद मोहसिन चोटिल हुए, चोट इतनी गंभीर थी कि उनका करियर भी समाप्त हो सकता था। मोहसिन ने वापसी की और 2023 के सीज़न के दूसरे चरण में उन्होंने LSG के लिए खेला और 2024 में उन्होंने 10 से अधिक की इकॉनमी से 10 विकेट लिए।
नागराज गोलापुड़ी ESPNcricinfo के न्यूज़ एडिटर हैं।