BCCI सचिव को PCB के साथ एशिया कप ट्रॉफ़ी के समाधान की उम्मीद
एशिया कप फ़ाइनल के बाद मोहसिन नक़वी के हाथों ट्रॉफ़ी लेने से इनकार के बाद भारत को अब तक ट्रॉफ़ी नहीं मिली है
ESPNcricinfo स्टाफ़
Nov 8, 2025, 2:16 PM
एशिया कप जीतने के बाद भारत ने मोहसिन नक़वी के हाथों ट्रॉफ़ी लेने से इनकार कर दिया था • AFP/Getty Images
दुबई में हाल ही में ICC बैठक में दोनों बोर्ड के बीच हुई वार्ता के बाद BCCI के सचिव देवाजित सैकिया को उम्मीद है कि PCB के साथ एशिया कप ट्रॉफ़ी का समाधान निकल जाएगा।
सैकिया ने PTI से कहा, "मैं ICC की औपचारिक और अनौपचारिक दोनों ही बैठक का हिस्सा था। PCB के अध्यक्ष मोहसिन नक़वी भी मौजूद थे। औपचारिक बैठक के दौरान यह विषय एजेंडा का हिस्सा नहीं था लेकिन ICC ने एक पदाधिकारी और एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी की मौजूदगी में मेरे और PCB चीफ़ के बीच अलग से बैठक कराई। बातचीत की प्रक्रिया शुरू करना काफ़ी अच्छा था।"
"दोनों ही ओर से इसका जल्द समाधान तलाश करने की कोशिश की जाएगी। कड़वाहट कम हुई है इसलिए विभिन्न विकल्प तलाशे जाएंगे। दूसरे पक्ष के पास भी विकल्प होंगे और हम भी विकल्प देंगे कि कैसे इसे सुलझाया जाए और एक सौहार्दपूर्ण समाधान निकाला जाए।"
भारत को 28 सितंबर को एशिया कप फ़ाइनल में पाकिस्तान को हराने के बाद ट्रॉफ़ी अभी तक नहीं मिली है। एशिया कप जीत के बाद भारत ने एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष मोहसिन नक़वी के हाथों से ट्रॉफ़ी लेने से इनकार कर दिया था जो कि पाकिस्तान सरकार में मंत्री भी हैं।
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप में फ़ाइनल सहित कुल तीन बार मुक़ाबला हुआ था और 14 सितंबर को दोनों टीमों के बीच खेले गए पहले मैच से ही भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था।
फ़ाइनल के बाद प्रेज़ेंटेशन सेरेमनी 90 मिनट तक टला रहा क्योंकि नक़वी लगातार ज़ोर देते रहे कि वह ही भारत को ट्रॉफ़ी सौंपेंगे लेकिन भारत नक़वी के हाथों से ट्रॉफ़ी न लेने पर अड़ा रहा। आख़िरकार ट्रॉफ़ी भारत को नहीं सौंपी गई जिसका भारत को सौंपा जाना अभी तक लंबित है।
