पाकिस्तान के सीमित ओवर टीमों के कोच बने माइक हेसन
हेसन PSL में इस्लामाबाद यूनाइटेड टीम से जुड़े हैं और फ़िलहाल पाकिस्तान में ही हैं
ESPNcricinfo स्टाफ़
13-May-2025 • 4 hrs ago
माइक हेसन फ़िलहाल PSL में इस्लामाबाद यूनाइटेड के कोच हैं • Getty Images
माइक हेसन को पाकिस्तान की सीमित ओवर टीमों का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। न्यूज़ीलैंड के पूर्व मुख्य कोच इस समय पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) की मौज़ूदा चैंपियन इस्लामाबाद यूनाइटेड के साथ हैं।
वह 26 मई से PCB से जुड़ेंगे, जो PSL 2025 के समापन के बाद का अगला दिन है। PCB ने हेसन के अनुबंध की अवधि आधिकारिक रूप से नहीं बताई है, लेकिन ESPNcricinfo की जानकारी के अनुसार उन्हें दो साल के लिए नियुक्त किया गया है।
हेसन, आक़िब जावेद की जगह लेंगे, जो पिछले पांच महीने से टीम के अंतरिम मुख्य कोच थे। उन्होंने यह ज़िम्मेदारी तब संभाली थी, जब गैरी कर्स्टन ने अचानक अपने दो साल के अनुबंध को छह महीने के भीतर ही तोड़कर इस्तीफ़ा दिया था।
वहीं जावेद को अब टीम का हाई परफ़ॉर्मेंस डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। ESPNcricinfo की जानकारी के अनुसार, वे PCB की चयन समिति में पांच सदस्यों में से एक के रूप में बने रहेंगे, यह भूमिका उन्होंने कोच रहते हुए भी निभाई थी।
PCB अध्यक्ष मोहसिन नक़वी ने कहा, "मैं यह घोषणा करते हुए प्रसन्न हूं कि न्यूज़ीलैंड के पूर्व क्रिकेटर और प्रसिद्ध कोच माइक हेसन को पाकिस्तान पुरुष टीम के सफ़ेद गेंद प्रारूप का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। हम पाकिस्तान की सफ़ेद गेंद क्रिकेट के भविष्य को उनके नेतृत्व और विशेषज्ञता से संवारने की आशा करते हैं। टीम में आपका स्वागत है, माइक!"
जैसे ही यह पद अप्रैल में रिक्त हुआ था, PCB ने हेसन को अपनी पहली प्राथमिकता बताया था। उनकी पहली चुनौती संभवतः बांग्लादेश के ख़िलाफ़ घरेलू मैदान पर पांच मैचों की T20I सीरीज़ होगी, अगर यह सीरीज़ तय कार्यक्रम के अनुसार होती है।
50 वर्षीय हेसन को 2012 में न्यूज़ीलैंड का मुख्य कोच नियुक्त किया गया था, जहां उन्होंने छह वर्षों तक राष्ट्रीय टीम के साथ बेहद सफल कार्यकाल बिताया। उनके कार्यकाल में न्यूज़ीलैंड घरेलू मैदान पर एक मज़बूत टीम बनी और 2015 में उन्होंने पहली बार विश्व कप फ़ाइनल में प्रवेश किया, जहां वे ऑस्ट्रेलिया से हार गए थे।
उन्हें 2019 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू का क्रिकेट निदेशक नियुक्त किया गया था, लेकिन 2023 में उनका कार्यकाल समाप्त हो गया।
पाकिस्तान के पास इस समय कोई लाल गेंद का कोच नहीं है और इसके नियुक्त होने की कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है। जावेद ने साउथ अफ़्रीका के दौरे और साल की शुरुआत में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ घरेलू सीरीज़ में अंतरिम टेस्ट कोच की भी भूमिका निभाई थी, जब जेसन गिलेस्पी ने भी छह महीने में यह पद छोड़ दिया था।
पाकिस्तान की अगली टेस्ट सीरीज़ अक्टूबर में साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ घरेलू मैदान पर होगी।