ख़बरें

नामीबिया के कोच और कप्तान ने हार का ठीकरा बल्लेबाज़ों के ऊपर फोड़ा

T20 विश्व कप के मैच में नीदरलैंड्स ने दिल्ली में नामीबिया को 7 विकेट से हराया

Daya Sagar
दया सागर
Feb 10, 2026, 12:51 PM
Louren Steenkamp is out stumped off Aryan Dutt, Namibia vs Netherlands, T20 World Cup, Delhi, February 10, 2026

नामीबिया की टीम नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ बड़ा स्कोर नहीं बना सकी  •  AFP/Getty Images

नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ T20 विश्व कप के अपने पहले मैच में मिली सात विकेट की हार के बाद नामीबिया के कोच और कप्तान ने हार का ठीकरा अपने बल्लेबाज़ों पर फोड़ा और कहा कि वे शायद 20 से 30 रन कम रह गए। इसके अलावा उन्होंने टॉस को बहुत महत्वपूर्ण माना, जिसे नीदरलैंड्स ने जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया था।
नामीबिया के कोच क्रेग विलियम्स ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "हम 20 से 30 रन कम रह गए। अगर आप पिच और परिस्थितियों को देखें, तो मुझे लगता है कि हमारे गेंदबाज़ों ने बहुत अच्छा काम किया। हालांकि डच (नीदरलैंड्स) हमेशा हमसे 10 रन आगे थे। यह हार, ख़ासकर हमारा बल्लेबाज़ी प्रदर्शन बहुत निराशाजनक है। हम लगातार विकेट गंवाते रहे, जिससे हम कभी भी पिच पर सेट नहीं हो सके। उस स्कोर को डिफ़ेंड करना हमेशा से चुनौतीपूर्ण था।"
टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी नामीबिया की टीम को पहला झटका तीसरे ओवर में ही लगा, जब उनके सलामी बल्लेबाज़ लॉरेन स्टीनकैंप, नीदरलैंड्स के ऑफ़ स्पिनर आर्यन दत्त की ऑफ़ स्टंप से बाहर की बैक ऑफ़ लेंथ गेंद पर एक कट शॉट खेलने के लिए बाहर निकले, लेकिन लेंथ को पूरी तरह मिस किया और स्टंप आउट हो गए।
दिल्ली की पिच पर दिन वाले मैच में गेंद रूककर आ रही थी, इस कारण नीदरलैंड्स ने ऑफ़ स्पिनर दत्त के साथ शुरूआत की और पावरप्ले में दत्त ने तीन ओवर फेंके। स्पिनरों की मददग़ार पिच को नीदरलैंड्स के कप्तान ने जल्दी ही भांप लिया और पावरप्ले का आख़िरी ओवर कॉलिन ऐकरमैन को दिया।
विलियम्स ने भी माना कि शुरूआत में परिस्थितियां बल्लेबाज़ी के लिए कठिन थी, लेकिन इसका बहाना नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने कहा, "मैं परिस्थितियों पर ज़्यादा कुछ बोलना नहीं चाहता, लेकिन यह हमारे लड़कों के लिए कठिन था। गेंद पिच से थोड़ी फंसकर आ रही थी और अगर हम भी टॉस जीतते तो हम भी पहले गेंदबाज़ी करते। हालांकि मुझे लगता है कि हमने पहले आठ ओवर में इसे संभलकर खेला और हम अंतिम ओवरों में इसे मैक्सिमाइज़ कर सकते थे। लेकिन हम लगातार दूसरे ओवर में विकेट खोते रहे और हमें बीच में वह साझेदारी नहीं मिली, जिसकी हमें तलाश थी। अंत में हमारे पास कुछ बिग हिटर बल्लेबाज़ हैं, जो बड़े शॉट लगा सकते थे। लेकिन इसके लिए हमारे शीर्ष चार में से कोई एक बल्लेबाज़ का वहां होना और उनका साथ देना ज़रूरी था।"
नामीबिया के कप्तान एरार्ड इरास्मस भी अपने कोच से सहमत दिखे। ICC मीडिया मिक्स ज़ोन में बात करते हुए उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि टॉस ने बहुत अहम भूमिका निभाई, जिसे उनके (नीदरलैंड्स के) कप्तान स्कॉटी (स्कॉट एडवर्ड्स) ने भी स्वीकार किया। गेंद, विकेट से रूककर आ रही थी, इसलिए उन्होंने पहले और तीसरे ओवर में स्पिन को लगाया। हालांकि यह सब हमारे नियंत्रण में नहीं है। हो सकता है कि उन्हें परिस्थितियों का फ़ायदा मिला हो, लेकिन हमारे बल्लेबाज़ों को भी अच्छा खेल दिखाना था।"
"फिर भी मुझे लगता है कि हमने पारी के आधे समय तक अच्छा काम किया। अगर 10वें-11वें ओवर में 70 या 80 रन के क़रीब थे, तो मुझे लगा था कि हम 165 या 170 के स्कोर तक पहुंच सकते थे, जिससे विपक्षी टीम पर थोड़ा दबाव होता। लेकिन आख़िरी तीन ओवरों में हम बडे शॉट नहीं लगा पाए और पारी का अंत बेहतर ढंग से नहीं कर पाए। इन दिनों 150-160 रन बनाकर हम मैच नहीं जीत सकते।"
157 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स की टीम ने पावरप्ले में अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन इसके समाप्ति तक 50 रन पर दो विकेट भी गंवा दिए थे। यहां पर नामीबिया की टीम के वापसी करने की एक संभावना बन सकती थी। कॉलिन एकरमैन और बास डे लीड ने संभलकर पारी को आगे बढ़ाना शुरू किया ही था कि पारी के 10वें ओवर में जेजे स्मिट की गेंद पर स्टीनकैंप ने डीप स्क्वेयर लेग पर उनका एक आसान कैच छोड़ दिया।
क्या वह कैच भी मैच का अहम मोड़ था। इस सवाल के जवाब में कोच विलियम्स ने कहा, "अगर एक कम स्कोर का हम बचाव कर रहे हैं, तो आपको सारे मौक़े भुनाने होंगे। लेकिन हमने यह भी देखा है कि पिछले कुछ मैचों में सभी टीमों ने कैच गंवाए हैं, जो बाद में मैच के परिणाम के लिए बहुत महत्वपूर्ण साबित हुए हैं। जब भी कोई नया बल्लेबाज़ क्रीज़ पर आता है, तो आपके पास निश्चित रूप से कुछ एडवांटेज़ होता है।
"तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वह कैच छूटा। हालांकि हमें हमारे फ़ील्डिंग पर गर्व है और हमने अच्छी फ़ील्डिंग की। इसलिए आप खिलाड़ियों पर इसके लिए काफ़ी हार्ड नहीं हो सकते। हमें बस अगले मैचों के लिए और कड़ा अभ्यास करना है।"

दया सागर ESPNcricinfo हिंदी में सब एडिटर हैं।dayasagar95