शेडगे के ऑलराउंड प्रदर्शन से दूसरी बार चैंपियन बनी मुंबई
पाटीदार के 81 रनों की आतिशी पारी गई बेकार, सूर्यकुमार ने बनाए 48 रन
निखिल शर्मा
15-Dec-2024
मुंबई के लिए यह दूसरा ख़िताब है • PTI
मुंबई 180 पर 5 (सूर्यकुमार 48, शेडगे नाबाद 36, त्रिपुरेश 2 विकेट) ने मध्य प्रदेश 174 पर 8 (रजत पाटीदार नाबाद 81, शार्दुल ठाकुर 2 विकेट) को पांच विकेट से हराया
मुंबई ने अपनी सामूहिक बल्लेबाज़ी की ताक़त के दम पर रविवार को मध्य प्रदेश को पांच विकेट से हराकर सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफ़ी (SMAT) जीत ली। कप्तान रजत पाटीदार की 40 गेंदों में नाबाद 81 रनों की पारी की बदौलत मुंबई को 175 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के दौरान एक से अधिक मौक़ों पर परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन अंत में वे 17.5 ओवरों में पांच विकेट पर 180 रन तक पहुंच गए।
यह मुंबई का दूसरा SMAT ख़िताब है, इससे पहले वे 2022 में इस ख़िताब को जीत चुके हैं, जबकि मध्य प्रदेश को अपने पहले ख़िताब के लिए अभी और इंतज़ार करना होगा।
ख़राब शुरुआत के बाद सूर्यकुमार यादव (35 गेंद में 48 रन) ने अजिंक्य रहाणे (30 गेंद में 37 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी की।
इससे मुंबई को पृथ्वी शॉ और कप्तान श्रेयस अय्यर को जल्द खोने के बाद उबरने का मौक़ा मिला। जब लग रहा था कि ये दोनों मुंबई के वरिष्ठ बल्लेबाज़ टीम को जीत दिला देंगे तभी वेंकटेश अय्यर ने रहाणे को पवेलियन भेज दिया।
सूर्यकुमार भी जल्दी आउट हो गए जब ऑफ़ स्पिनर शिवम शुक्ला की गेंद पर वह बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर फ़ाइन लेग पर आवेश ख़ान को कैच दे बैठे।
14.4 ओवर में मुंबई ने पांच विकेट पर 129 रन बनाए थे, तब मुंबई को 46 रन की दरक़ार थी, लेकिन तभी सूर्यांश शेडगे (15 गेंद में 36 नाबाद) और अथर्व अंकोलेकर (6 गेंद में नाबाद 16) आए और लगभग तीन ओवर रहते उन्होंने टीम को जीत दिला दी।
इससे पहले पाटीदार ने इस टूर्नामेंट में अपना पांचवां अर्धशतक लगाया और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के इस खिलाड़ी ने अपने प्रशंसकों को कतई निराश नहीं किया।
पाटीदार ने मध्य प्रदेश को अकेले दम पर इस स्कोर तक पहुंचाया। उनके बाद मध्य प्रदेश के लिए सबसे अधिक 23 रन शुभरांशु सेनापति ने बनाए।
मध्य प्रदेश को शुरुआत में ही अर्पित गौड़ (3) और हर्ष गावली (2) के तौर पर दो झटके लगे और पावरप्ले तक उन्होंने दो विकेट पर 38 रन बनाए थे। जबकि इससे आगे उन्होंने 15 ओवर में पांच विकेट पर 114 रन बना दिए।
हालांकि पाटीदार ने बॉथम के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 56 रन जोड़े, जिससे मध्य प्रदेश आख़िरी पांच ओवर में 60 रन बनाने में क़ामयाब रहे।
शार्दुल ठाकुर के ख़िलाफ़ लगाया गया पाटीदार का नो लुक पुल शॉट उनके गेम के उच्च स्तर पर पहुंचने को दर्शाता है, लेकिन यह एक व्यक्तिगत पारी मुंबई को जश्न मनाने से नहीं रोक सकी।
निखिल शर्मा ESPNcricinfo हिंदी में सीनियर सब एडिटर हैं। @nikss26