टॉस हार पहले बल्लेबाज़ी करेगा भारत, बुमराह की हुई वापसी
अभिषेक शर्मा अभी भी उपलब्ध नहीं हैं। टीम में बुमराह की वापसी हुई है
ESPNcricinfo staff
Feb 12, 2026, 1:31 PM • 5 hrs ago
Suryakumar Yadav ने कहा है कि अभिषेक की वापसी में कुछ दिन और लग सकते हैं • Getty Images
T20 विश्व कप में भारत और नामीबिया के बीच खेले जाने वाले मैच में भारतीय टीम पहले बल्लेबाज़ी करेगी। सूर्यकुमार यादव ने सिक्का उछाला था, जेरार्ड इरास्मस ने टेल्स कहां और सिक्का उन्हीं के पक्ष में गिरा। नामीबिया ने गेंदबाज़ी चुनी। विपक्षी कप्तानी के इस फ़ैसले से मैदान पर सभी दर्शक काफ़ी ख़ुश हो गए, क्योंकि भारत को पहले बल्लेबाज़ी करने का मौक़ा मिलेगा।
टॉस जीतने के बाद इरास्मस ने कहा कि विकेट फ़्लैट नज़र आ रही है और उन्होंने ओस की संभावना देखते हुए बाद में बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया है। नामीबिया के एकादश में दो बदलाव है, शिकोंगो एकादश में शामिल हैं। इरास्मस ने कहा कि उनके एकादश में एक अतिरिक्त तेज़ गेंदबाज़ को शामिल किया गया है।
वहीं भारतीय टीम ने इस मैच में कई बदलाव देखने को मिले हैं। अभिषेक शर्मा अभी भी फ़िट नहीं हुए हैं। उनकी जगह संजू सैमसन लेंगे। जसप्रीत बुमराह उपलब्ध हैं तो मोहम्मद सिराज को बाहर रखा गया है।
सूर्यकुमार यादव ने कहा, "जब तक हम टॉस हार रहे हैं और मैच जीत रहे हैं, तब तक सब ठीक है। यह बड़ा टूर्नामेंट है। ओस बड़ा फ़ैक्टर होगी। ओस के बीच डिफेंड करना हमारे आत्मविश्वास को मज़बूत करेगा। उम्मीद है हमारे बल्लेबाज़ दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे। अभिषेक अभी पूरी तरह फ़िट नहीं हैं। उन्हें एक या दो मैच लग सकते हैं। सैमसन टीम में आए हैं। बुमराह सिराज की जगह शामिल हुए हैं।
भारत: 1 संजू सैमसन, 2 इशान किशन (विकेटकीपर), 3 तिलक वर्मा, 4 सूर्यकुमार यादव (कप्तान), 5 रिंकू सिंह, 6 शिवम दुबे, 7 हार्दिक पंड्या, 8 अक्षर पटेल, 9 अर्शदीप सिंह, 10 जसप्रीत बुमराह, 11 वरुण चक्रवर्ती
नामीबिया: 1 लॉरेन स्टीनकाम्प, 2 जैन फ़्राइलिंक, 3 जैन निकोल लॉफ़्टी-इटोन 4 जेरार्ड इरास्मस (कप्तान), 5 जे जे स्मिट, 6 जे़न ग्रीन (विकेटकीपर), 7 रुबेन ट्रंपल मैन, 8 मलान क्रूगर, 9 बेर्नार्ड स्कॉट्ज़, 10 बेन शिकोंगो, 11 मैक्स हिंगो
वहीं अगर पिच की बात करें तो विलिंग्डन एंड से दाएं हाथ के बल्लेबाज़ के लिए ऑफ़ साइड में लंबी बाउंड्री है। ब्रॉडकास्ट पर कहा गया कि पिच फ़्लैट नज़र आ रही है। यहां पर उछाल अधिक नहीं मिलेगी। पिच पर दरारें भी मौजूद हैं और ओस का असर रह सकता है। हवा चल रही है इसलिए यह ओस को प्रभावित कर सकती है।
