ख़बरें

ओमान ने चुनी गेंदबाज़ी, श्रीलंका ने हेमंता को दिया मौक़ा

ओमान ने भी इस मैच में अपनी प्लेइंग 11 में किए हैं दो बदलाव

ESPNcricinfo स्टाफ़
Feb 12, 2026, 5:23 AM • 7 hrs ago
Jatinder Singh in a jolly good mood, Ireland vs Oman, World Cup Qualifier, Bulawayo, June 19, 2023

जतिंदर ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाज़ी  •  ICC/Getty Images

ओमान ने श्रीलंका के ख़िलाफ़ अपने पहले T20I मुक़ाबले में टॉस जीतकर पहले फ़ील्डिंग करने का फैसला लिया है। T20 विश्व कप में पिछले मैच में ओमान की बल्लेबाज़ी काफ़ी निराशाजनक रही थी तो वे आज चेज़ करते हुए इसमें सुधार लाने की पूरी कोशिश करेंगे। दूसरी ओर श्रीलंका को मज़बूरी में हसरंगा के बाहर होने के कारण कम से कम एक बदलाव से गुजरना ही थी।
टॉस जीतने के बाद जतिंदर ने कहा, "पिच में नमी है तो हम परिस्थितियों का लाभ लेना चाहते हैं। मुझे लगता है कि पहले मैच से सीख़ने लायक शायद ही कोई चीज़ होगी तो हमें केवल अपनी बल्लेबाज़ी सुधारनी होगी, बाक़ी चीज़ें अपने आप सही हो जाएंगी। वे फुल मेंबर देश हैं तो जाहिर तौर पर अच्छा क्रिकेट खेलेंगे। हमें टेस्ट खेलने वाले देशों के ख़िलाफ़ खेलने का मौक़ा नहीं मिल पाता है तो हमारे लिए यह अपना टैलेंट दिखाने का बेहतरीन समय है। हमने दो बदलाव किए हैं।"
शानका ने कहा, "बल्लेबाज़ी पाकर खुश हैं क्योंकि पिच अच्छी लग रही है। दुर्भाग्य है कि हमारे चैंपियन गेंदबाज़ हसरंगा बाहर हो गए हैं तो हमें वह बदलाव करना ही पड़ा। पिछले मैच में हम अधिक रन बनाना चाहते थे, लेकिन धीमी पिच पर ऐसा हो नहीं सका। उम्मीद है कि आज परिस्थितियां अलग़ होंगी। हमने कुछ प्लान और रणनीतियों के बारे में बात की है तो यदि परिस्थितियों ने साथ दिया तो हम उन्हें अमल में भी ला सकेंगे।"
श्रीलंका (प्लेइंग इलेवन): पतुम निसंका, कमिल मिशारा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), पवन रत्नायके, कामिंडु मेंडिस, दसुन शानका (कप्तान), दुशान हेमंथा, दुनिथ वेल्लालागे, दुश्मंता चमीरा, महेश तीक्षणा, मतीशा पथिराना
ओमान (प्लेइंग इलेवन): आमिर कलीम, जतिंदर सिंह (कप्तान), हम्माद मिर्जा, वसीम अली, मोहम्मद नदीम, जितेन रामानंदी, विनायक शुक्ला (विकेटकीपर), सुफ़ियान महमूद, नदीम खान, शाह फैसल, जय ओडेद्रा

पिच और परिस्थितियां

हाल ही में हुए श्रीलंका-इंग्लैंड सीरीज़ में पिच बल्लेबाज़ों के लिए मिली-जुली रही थी लेकिन श्रीलंका के कप्तान शानका के अनुसार यहां बड़े स्कोर वाले मैच देखने को मिल सकते हैं। दिन का मैच होने के कारण शुरुआत में तेज़ गेंदबाज़ों को मदद मिल सकती है। मौसम साफ़ रहने की उम्मीद है और कोलंबो की तुलना में नमी भी कम रहेगी।