ख़बरें

अभिषेक को मिली अस्पताल से छुट्टी, खेलने पर गुरुवार को होगा फ़ैसला

अभिषेक को पेट में संक्रमण के चलते दिल्ली के निजी अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था

ESPNcricinfo स्टाफ़
Feb 11, 2026, 12:53 PM • 13 hrs ago
गुरुवार को दिल्ली में नामीबिया के ख़िलाफ़ भारत के दूसरे ग्रुप मुक़ाबले में अभिषेक शर्मा के खेलने पर भारतीय टीम प्रबंधन मैच से पहले फ़ैसला लेगा। भारतीय बल्लेबाज़ तिलक वर्मा ने मैच की पूर्व संध्या पर प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बताया कि अभिषेक को असप्ताल से छुट्टी मिल गई है।
तिलक ने कहा, "अभिषेक को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। उनके पेट में समस्या थी इसलिए जब हम दिल्ली पहुंचे तो वह अस्पताल में जांच कराने के लिए गए। उन्हें आज अस्पताल से छुट्टी मिल गई, हमारे पास अभी भी एक दिन का समय है इसलिए हम कल देखेंगे कि उन्हें कैसा महसूस हो रहा है और इसके बाद हम कोई फ़ैसला लेंगे।"
अभिषेक को पेट में संक्रमण के चलते दिल्ली के निजी असप्ताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को भारत के सहायक कोच रायन टेन डेश्काटे ने कहा था, "अभि (अभिषेक) के पेट में अभी भी कुछ समस्या है, लेकिन हमें उम्मीद है कि वह ठीक होकर इस मैच के लिए तैयार रहेंगे।"
अभिषेक शर्मा T20 विश्व कप के अपने पहले मुक़ाबले में खाता नहीं खोल पाए थे और पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे। इसके बाद अभिषेक फ़ील्डिंग करने नहीं आए थे। अगर अभिषेक गुरुवार के मुक़ाबले के लिए फ़िट नहीं होते हैं तो उनकी जगह संजू सैमसन को मौक़ा मिल सकता है जो कि भारतीय दल में मौजूद एक अन्य सलामी बल्लेबाज़ हैं। अभिषेक की अनुपस्थिति में सैमसन, इशान किशन के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं।
पिछले दो दिनों में भारतीय टीम के अभ्यास सत्रों से ऐसे संकेत मिलते हैं कि अभिषेक की अनुपस्थिति में सैमसन को एकादश में जगह मिल सकती है। बुधवार को भी सैमसन ने काफ़ी देर तक बल्लेबाज़ी का अभ्यास किया और उन्होंने भारतीय तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह की गेंदों का नेट्स पर सामना किया जो अस्वस्थ होने के चलते पहला मुक़ाबला नहीं खेल पाए थे। बुमराह ने मंगलवार को भी अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया था और उन्होंने भरपूर गेंदबाज़ी भी की थी। वहीं वॉशिंगटन सुंदर भी दिल्ली में भारतीय दल के साथ जुड़ गए थे।
तिलक ने नंबर तीन पर खेलने के संबंध में बात करते हुए कहा, "विश्व कप में आपसे काफ़ी उम्मीदें होती हैं और हमने टीम के भीतर यह बात की है नंबर तीन और चार पर मैंने और सूर्या भाई ने अच्छा प्रदर्शन किया है। जो टीम छह से 16 ओवर के बीच अच्छा खेलेगी वो यह टूर्नामेंट जीतेगी। हमने टीम के भीतर यह बात की है कि हम ज़िम्मेदारी उठाएंगे और बाद में आने वाले बल्लेबाज़ों का काम आसान करेंगे।"
तिलक ने कहा, "मध्य ओवर काफ़ी अहम होते हैं और यहां एक सेटल बल्लेबाज़ की ज़रूरत होती है। मैं हमेशा सोचता हूं कि मैं गेम को डीप ले जा सकता हूं क्योंकि मुझे गेम को फ़िनिश करना और जीतना अच्छा लगता है। और हमारे पास पावर हिटर की भी कमी नहीं है, हमारे पास आठ नंबर तक बल्लेबाज़ी है इसलिए एक बल्लेबाज़ का मध्य ओवरों में एंकर रोल निभाना ज़रूरी है।"