नामीबिया कप्तान इरास्मस: हमें लाइट्स के अंडर अभ्यास का मौक़ा नहीं मिला
नामीबिया दिल्ली में सात फ़रवरी से ही अभ्यास कर रही है, लेकिन उन्हें अभी तक फ़्लड लाइट में अभ्यास नहीं मिला है
दया सागर
Feb 11, 2026, 2:42 PM • 22 hrs ago
नामीबिया को अभी तक दिल्ली में अंडर लाइट्स अभ्यास का मौक़ा नहीं मिल पाया है • Zimbabwe Cricket
नामीबिया के कप्तान जेरार्ड इरास्मस ने भारत के ख़िलाफ़ रात्रि मैच से पहले लाइट्स के अंदर अभ्यास नहीं मिलने पर अपनी नाराज़गी जाहिर की है। नामीबिया का भारत के ख़िलाफ़ मुक़ाबला गुरुवार को शाम सात बजे से शुरू होना है। बुधवार को उन्होंने दोपहर दो बजे से पांच बजे तक अभ्यास किया। नामीबिया का पहला मैच भी दिल्ली में नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ था। तब भी नामीबिया ने दिन में ही अभ्यास किया था, हालांकि वह एक दोपहर का मैच था।
भारत के ख़िलाफ़ महत्वपूर्ण मैच से पहले प्रेस कॉन्फ़्रेंस में इरास्मस ने कहा, "हमारे पास नामीबिया में लाइट्स के अंडर अभ्यास करने का इंफ़्रास्ट्रक्चर नहीं है और यह हमारे लिए चुनौती है। और यह मामूली बात भी नहीं है। नेपाल प्रीमियर लीग, ILT20 और विश्व कप के अलावा हमारे खिलाड़ियों के पास लाइट्स के अंडर ज़्यादा खेलने और अभ्यास करने का अनुभव नहीं होता है। हमें इस मैच के लिए भी लाइट्स का अभ्यास नहीं मिला और मुझे नहीं पता कि इसका कारण क्या है। भारत ने दो रात के अभ्यास किए और मैं अभी देख रहा हूं कि कनाडा भी अभी लाइट्स के अंडर में अभ्यास करेगी। अब आपको जो समझना है समझ सकते हैं, लेकिन हम इसे अपने नामिबियाई तरीके से हैंडल करेंगे, मतलब मुक़ाबला करेंगे।"
जब इरास्मस यह बयान दे रहे थे, तब भारत के साथ-साथ कनाडा की टीम भी अरुण जेटली स्टेडियम में लाइट्स के अंडर अभ्यास कर रही थी। कनाडा का मैच शुक्रवार को UAE के ख़िलाफ़ दिल्ली में ही निर्धारित है, जबकि वह दोपहर तीन बजे का मैच है। भारत ने इस मैच से पहले दो अभ्यास सत्रों में हिस्सा लिया और दोनों ही लाइट्स के अंडर हुआ।
इससे पहले नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ हार के बाद जब नामीबिया के कोच क्रेग विलियम्स से अगले मैच की चुनौतियों के बारे में पूछा गया था, तो उन्होंने भी कहा था कि उनके पास लाइट्स में खेलने का अनुभव नहीं है और भारतीय टीम के साथ यही उनकी सबसे बड़ी चुनौती होगी।
उन्होंने कहा, "हम ज़्यादा से ज़्यादा एक रात्रि का अभ्यास रख सकते हैं। मैं ईमानदारी से बताना चाहूंगा कि लाइट्स के अंडर में खेलना हमेशा से हमारे लिए मुश्किल रहा है क्योंकि हम इसके आदी नहीं हैं। हम भारत के विरूद्ध खेलने जा रहे हैं, यही सबसे बड़ी चुनौती है। इसलिए हम अपने सर्वश्रेष्ठ तरीके से इस मैच के लिए तैयार होने की कोशिश करेंगे।"
दया सागर ESPNcricinfo हिंदी में सब एडिटर हैं।dayasagar95
