फ़ीचर्स

आंकड़े: T20 विश्व कप में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ 8-1 से आगे भारत

पुरुष T20I में लगातार छठे मैच में भारत ने पाकिस्तान को हराया

संपत बंडारुपल्ली
Feb 16, 2026, 4:16 AM • 3 hrs ago
इशान किशन और गेंदबाज़ी आक्रमण ने रविवार को 61 रन की ज़ोरदार जीत के साथ भारत को पाकिस्तान के ख़िलाफ़ T20 विश्व कप 2026 के बहुप्रतीक्षित मुक़ाबले में शानदार कामयाबी दिलाई। आंकड़ों में इस मैच की कहानी कुछ यूं रही।
8-1 - पुरुषों के T20 विश्व कप में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ भारत का जीत-हार रिकॉर्ड 8-1 हो गया, जिसमें 2007 में बॉल-आउट से मिली जीत भी शामिल है। टूर्नामेंट के इतिहास में किसी भी टीम ने किसी एक विपक्षी के ख़िलाफ़ छह से ज़्यादा मैच नहीं जीते हैं।
यह पाकिस्तान के ख़िलाफ़ पुरुषों के T20I में भारत की लगातार छठी जीत भी रही, जिसमें T20 विश्व कप की जीतें शामिल हैं।
16 - ICC लिमिटेड ओवर्स टूर्नामेंट्स वनडे और T20 विश्व कप तथा चैंपियंस ट्रॉफ़ी में भारत की लगातार 16वीं जीत, जो 2023 वनडे विश्व कप फ़ाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार के बाद शुरू हुआ।
यह पुरुषों की किसी भी टीम का अब तक का सबसे लंबा विनिंग स्ट्रीक है, जिसने ऑस्ट्रेलिया की 2006 चैंपियंस ट्रॉफ़ी और 2007 वनडे विश्व कप के बीच की 15 लगातार जीतों का रिकॉर्ड तोड़ा। ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की स्ट्रीक इससे भी लंबी रही है। 2020 से 2024 के बीच लगातार 24 जीतें।
रविवार की जीत के साथ पुरुषों के T20 विश्व कप में भारत की लगातार जीतों की संख्या 11 हो गई और यह भी एक रिकॉर्ड है।
175/7 - कोलंबो में भारत का 175/7 का स्कोर पुरुषों के T20 विश्व कप में भारत-पाकिस्तान मुक़ाबलों में अब तक का सबसे बड़ा टोटल रहा। इससे पहले सर्वाधिक स्कोर 2022 संस्करण में भारत का 160/6 था, जो MCG पर बना था।
वहीं पाकिस्तान का 114 रन का स्कोर भारत-पाकिस्तान के पुरुषों के T20I मुक़ाबलों में तीसरा सबसे कम रहा। इससे कम 2016 एशिया कप में पाकिस्तान के 83 ऑलआउट और 2024 विश्व कप में पाकिस्तान के 113/7 रहे हैं।
61 रन - कोलंबो में भारत ने 61 रन से मैच जीता और उनकी इस जीत का अंतर पुरुषों के T20I में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ रनों के लिहाज़ से भारत की सबसे बड़ी जीत रहा। इससे पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत की तीन जीतें क्रमशः 11, 6 और 5 रन से थीं।
61 रन की यह हार पाकिस्तान की पुरुषों के T20 विश्व कप में दूसरी सबसे बड़ी हार भी रही। इससे पहले 2014 में वेस्टइंडीज़ से 84 रन से हार मिली थी।
77 - रविवार को किशन ने 77 रनों की पारी खेली और उनका स्कोर पुरुषों के T20I में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ किसी भी भारतीय ओपनिंग बल्लेबाज़ का सर्वोच्च स्कोर रहा। इससे पहले 2007 T20 विश्व कप फ़ाइनल में गौतम गंभीर के 75 रन शीर्ष पर थे। यह भारत-पाकिस्तान के बीच सभी पुरुषों के T20I में चौथा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी रहा।
87.5 - जिस वक़्त किशन आउट हुए, उस समय टीम के कुल स्कोर में उनका योगदान 87.5 प्रतिशत था और उन्होंने 88 में से 77 रन अकेले बनाए थे। पुरुषों के T20I में, जब टीम स्कोर 80 या उससे ज़्यादा रहा हो, आउट होने के समय इससे ज़्यादा प्रतिशत योगदान सिर्फ़ एक बल्लेबाज़ का रहा है: 2022 में ओमान के ख़िलाफ़ कनाडा के लिए  एरन जॉनसन ने चौथे विकेट के रूप में आउट होने से पहले 100 में से 89 रन बनाए थे
11 - रविवार को कोलंबो में दोनों से टीमों से मिलाकर कुल 11 स्पिनर्स का इस्तेमाल किया गया। किसी भी पुरुषों के T20I मैच में ये सबसे ज़्यादा स्पिनर्स की संख्या हो गई है। इनमें से छह स्पिनर पाकिस्तान की ओर से थे जो पुरुषों के T20 विश्व कप की एक पारी में सबसे अधिक हैं।
18 - पाकिस्तान के स्पिनरों ने कुल 18 ओवर डाले जो पुरुषों के T20 विश्व कप के किसी भी मैच में संयुक्त रूप से सबसे अधिक हैं। इससे पहले पाकिस्तान ने 2012 में इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ भी 18 ओवर स्पिन के कराए थे।
यह पुरुषों के T20I में किसी भी फ़ुल मेम्बर टीम द्वारा फेंके गए स्पिन ओवरों का संयुक्त रिकॉर्ड भी है। 2010 में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ ज़िम्बाब्वे ने भी पोर्ट ऑफ़ स्पेन में 18 ओवर स्पिन डाली थी।
8 - T20 विश्व कप में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ चार पारियों में हार्दिक पंड्या ने आठ विकेट लिए हैं। ये इस विपक्षी के ख़िलाफ़ किसी भी गेंदबाज़ द्वारा सबसे अधिक हैं। सभी T20I में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ उन्होंने नौ पारियों में 17 विकेट लिए हैं, 10.7 गेंदों की स्ट्राइक रेट के साथ।
0 - किशन द्वारा इस टूर्नामेंट में लगातार दो अर्धशतक लगाने से पहले तक पुरुषों के T20 विश्व कप में भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज़ों के शून्य अर्धशतक थे। 2007 में साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ एमएस धोनी के 45 रन, नामीबिया के ख़िलाफ़ किशन के 61 रन से पहले भारत का सर्वोच्च स्कोर थे। अब उन्होंने रविवार को स्कोर और बेहतर किया।
7 - सात बल्लेबाज़ पुरुषों के T20 विश्व कप में अपने पहले दो मैचों में शून्य पर आउट हो चुके हैं, जिसमें अभिषेक शर्मा भी शामिल हैं। वह इस रिकॉर्ड वाले पहले भारतीय बल्लेबाज़ हैं।
अभिषेक सिर्फ़ सात T20I पारियों में चार बार शून्य पर आउट हुए हैं जिसमें 2026 में तीन बार पहली ही गेंद पर आउट होना शामिल है। पुरुषों के T20I में एक कैलेंडर वर्ष में चार या उससे ज़्यादा डक लगाने वाले भारत के अन्य एकमात्र बल्लेबाज़ संजू सैमसन हैं। 2024 में पांच डक

Sampath Bandarupalli is a statistician at ESPNcricinfo