मैच (15)
T20 विश्व कप (6)
रणजी ट्रॉफ़ी (2)
Rising Stars (4)
Sheffield Shield (3)
ख़बरें

'उनके साथ अच्छा व्यवहार करें' - गावस्कर, चैपल सहित 14 कप्तान इमरान ख़ान के समर्थन में आए

सभी कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार को पत्र लिखकर कहा कि इमरान की तबियत को देखते हुए उन्हें सही मेडिकल सुविधा मिले

ESPNcricinfo स्टाफ़
Feb 17, 2026, 11:59 AM • 9 hrs ago
Imran Khan, Pakistan's former prime minister, was discharged from hospital earlier this month after an attempt on his life, November 4, 2022

इमरान ख़ान लगभग 2 साल से जेल में हैं  •  Getty Images

14 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज़ शरीफ़ को पत्र लिखकर इमरान ख़ान के तबियत को लेकर चिंता जताई है और उनके साथ अच्छा व्यवहार करने की अपील की है।
हाल ही में ऐसे रिपोर्ट्स आए थे कि इमरान को आंखों में तकलीफ़ हुई थी और सही समय पर मेडिकल सुविधा नहीं मिलने के कारण उनकी एक आंख की रोशनी लगभग चली गई है। यह जानकारी इमरान के परिवार ने दी थी। इसके कारण क्रिकेट जगत में भी उन्हें लेकर काफ़ी चिंता जताई जा रही है।
The Age की रिपोर्ट के अनुसार इमरान के करियर के दौरान उनके साथ कई पूर्व कप्तान उनके समर्थन में सामने आए हैं। ग्रेग चैपल ने एक पेटिशन डाली थी जिसमें इयान चैपल, सुनील गावस्कर, कपिल देव, क्लाइव लॉयड, ऐलन बॉर्डर, माइकल आथर्टन, नासीर हुसैन, माइकल ब्रेयरली, डेविड गावर, स्टीव वॉ, जॉन राईट, किम ह्यूज और बेलिंडा क्लार्क ने साइन किया है।
पत्र में लिखा गया, "उनकी तबियत को लेकर काफ़ी चिंता है और जेल में रहते हुए उनकी जैसी हालत हो रही है वो अच्छी नहीं है। क्रिकेट में इमरान ख़ान का योगदान काफ़ी अहम रहा है। 1992 वनडे विश्व कप में उन्होंने पाकिस्तान को अपनी कप्तानी में विश्व चैंपियन भी बनवाया था।"
हमने उनके साथ खेला है और उनके ऑलराउंड खेल से हमें काफ़ी कुछ सीखने को मिला है। वह क्रिकेट के महानतम ऑलराउंडर और कप्तानों में शुमार हैं एवं उन्हें खिलाड़ियों एवं फ़ैंस से काफ़ी सराहना मिली है।"
कुछ दिन पहले इमरान की सेहत को लेकर दिग्गज तेज़ गेंदबाज़ वसीम अकरम और वक़ार यूनिस ने भी आवाज़ उठाई थी। दोनों पूर्व क्रिकेटरों ने मांग की थी कि जेल में बंद इमरान को बेहतर मेडिकल ट्रीटमेंट मुहैया कराया जाए। इमरान 2018 से 2022 तक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री भी रहे थे लेकिन पद से हटने के बाद उनके ऊपर आरोप लगे और अगस्त 2023 में उन्हें गिरफ़्तार किया गया था। अलग-अलग मामलों में इमरान को लंबी सज़ा सुनाई गई थी।
पत्र में आगे लिखा गया,"क्रिकेट के अलावा इमरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री भी रहे और मुश्किल समय में देश का नेतृत्व किया। हम पाकिस्तान की सरकार से अपील करते हैं कि इमरान की स्थिति देखते हुए उन्हें समय पर मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाए।"
"दो देशों के बीच हमेशा क्रिकेट ने एक ब्रिज का काम किया है। हमने फ़ील्ड पर काफ़ी समय साथ बिताया है और इमरान को लेकर हमारे मन में काफ़ी सम्मान है। हमारी यह अपील खेल भावना और मानवता को ध्यान में रखते हुए की जा रही है।"
कप्तानों की लिस्ट
सुनील गावस्कर, कपिल देव, इयान चैपल, ग्रेग चैपल, क्लाइव लॉयड, ऐलन बॉर्डर, माइकल आथर्टन, नासीर हुसैन, माइकल ब्रेयरली, डेविड गावर, स्टीव वॉ, जॉन राईट, किम ह्यूज और बेलिंडा क्लार्क