ख़बरें

भारत दौरे के लिए साउथ अफ़्रीका ए के दल में बवूमा शामिल

बवूमा दो प्रथम श्रेणी मुक़ाबलों में से बेंगलुरु में होने वाले दूसरे मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे, वह पिंडली की चोट के बाद मैदान में वापसी करेंगे

Temba Bavuma takes on a short ball, Australia vs South Africa, World Test Championship final, 2nd day, Lord's, June 12, 2025

Temba Bavuma इस समय पाकिस्तान में जारी टेस्ट सीरीज़ का हिस्सा नहीं हैं  •  AFP/Getty Images

पिंडली की चोट से उबरने के बाद साउथ अफ़्रीका के टेस्ट कप्तान टेम्बा बवूमा इस महीने के अंत में शुरू हो रहे भारत दौरे के लिए साउथ अफ़्रीका ए के दल में शामिल किए गए हैं। बवूमा पाकिस्तान के ख़िलाफ़ टेस्ट सीरीज़ के लिए साउथ अफ़्रीका के दल का हिस्सा नहीं हैं और आगामी भारत दौरे और उनकी रिकवरी को ध्यान में रखते हुए वह वनडे सीरीज़ का भी हिस्सा नहीं हैं।
वह भारत में खेले जाने वाले दो प्रथम श्रेणी मैचों में से बेंगलुरु में खेलने जाने वाले दूसरे मुक़ाबले के लिए उपलब्ध होंगे।
साउथ अफ़्रीका 14 नवंबर से 19 दिसंबर के बीच भारत में दो टेस्ट, तीन वनडे और पांच T20 मैच खेलेगा। पाकिस्तान के बाद यह उपमहाद्वीप का उनका लगातार दूसरा विदेशी दौरा है, और 2025-2027 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) चक्र में भी यह उनका दूसरा दौरा है। सितंबर में इंग्लैंड में सीमित ओवरों की सीरीज़ के दौरान पिंडली में खिंचाव आने के बाद बवूमा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) खिताब की रक्षा के लिए तुरंत कप्तानी नहीं कर पाए थे।
चार दिवसीय मुक़ाबलों में टीम की कप्तानी शीर्ष क्रम के बल्लेबाज़ मार्केस एकरमैन करेंगे और इसमें ज़ुबैर हम्ज़ा और प्रेनेलन सुब्रायन भी शामिल हैं, जो दोनों पाकिस्तान में टेस्ट टीम का हिस्सा हैं। सुब्रायन लाहौर मैच में खेले थे, जिसमें साउथ अफ़्रीका 93 रनों से हार गया था। साउथ अफ़्रीका के लिए सीमित ओवरों की क्रिकेट खेलने वाले तेज़ गेंदबाज़ कोडी यूसुफ़ को भी टीम में शामिल किया गया है। ये दोनों चार दिवसीय मैच 30 अक्तूबर से 9 नवंबर तक बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस में खेले जाएंगे।
साउथ अफ़्रीका ए टीम 13 से 19 नवंबर के बीच राजकोट में भारत ए के ख़िलाफ़ तीन पचास ओवर के मैच भी खेलेगी। बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ क्वेना मफ़ाक़ा हैमस्ट्रिंग की चोट से वापसी करेंगे, जिसके कारण वह पाकिस्तान में सीमित ओवरों की सीरीज़ से बाहर रहने पर मजबूर होना पड़ा है।

फ़िरदौस मूंडा ESPNcricinfo की साउथ अफ़्रीकी संवाददाता हैं।