मैच (15)
T20 विश्व कप (7)
रणजी ट्रॉफ़ी (2)
Sheffield Shield (3)
Rising Stars (2)
SA Women vs PAK Women (1)
ख़बरें

इंग्लैंड ने इटली के ख़िलाफ़ बल्लेबाज़ी करने का किया फ़ैसला, टीम में कोई बदलाव नहीं

अगर इटली अपने बचे हुए दोनों ग्रुप मैच जीत लेती है, तो वह सुपर 8 में पहुंच सकती है। हालांकि इसके लिए उन्हें इंग्लैंड और वेस्टइंडीज़ जैसी मज़बूत टीमों को मात देनी होगी

ESPNcricinfo स्टाफ़
Feb 16, 2026, 9:32 AM • 3 hrs ago
Tom Banton's half-century settled England's chase, England vs Scotland, T20 World Cup, Group C, Kolkata, February 14, 2026

टॉम बैंटन ने स्कॉटलैंड के ख़िलाफ़ पिछले मैच में अर्धशतकीय पारी खेली थी  •  AFP/Getty Images

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर इटली के ख़िलाफ़ पहले बल्लेबाज़ी चुनी
T20 विश्व कप में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया है। अगर इंग्लैंड की टीम आज जीत दर्ज करती है, तो वह सीधे सुपर 8 में अपनी जगह पक्की कर लेगी। सिक्का लगातार चौथी बार कप्तान हैरी ब्रूक के हक़ में गिरा और उन्होंने साफ़ किया कि उनकी टीम आज बिना किसी डर के बल्लेबाज़ी करना चाहती है। दूसरी ओर, इटली के कप्तान हैरी मैनेंटी ने कहा कि वे भी टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का ही मन बना रहे थे।
ब्रूक के इस फ़ैसले ने उनकी बल्लेबाज़ी यूनिट को इस विश्व कप में पहली बार खुल कर खेलने का पूरा मौक़ा दे दिया है। टूर्नामेंट का आग़ाज़ उनके लिए वैसा नहीं रहा जैसा उन्होंने उम्मीद की थी। जब कप्तान हैरी ब्रूक से पूछा गया कि क्या इंग्लैंड ने अब तक अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट दिखाया है, तो उन्होंने मुस्कुराहट के साथ जवाब दिया, "मुझे लगता है कि हर कोई जानता है कि हमने अभी तक अपनी पूरी ताक़त नहीं दिखाई है, लेकिन हम किसी तरह जीत की राह तलाशने में सफल रहे हैं।"
शनिवार को स्कॉटलैंड को पटखनी देने वाली टीम में इंग्लैंड ने कोई बदलाव नहीं किया है। जेमी ओवर्टन को तीसरे तेज़ गेंदबाज़ के विकल्प के रूप में टीम में बनाए रखा गया है। ब्रूक ने अपने खिलाड़ियों को निडर क्रिकेट खेलने की हिदायत दी और टॉस जीतकर पहले बैटिंग के फ़ैसले पर कहा, "आंकड़ों के लिहाज़ से यहां कोई बहुत बड़ा फ़र्क नहीं पड़ता, पर आज हम पहले स्कोरबोर्ड पर रन टांगना चाहते थे।"
मुंबई में नेपाल पर 10 विकेट की ऐतिहासिक जीत के बाद इटली की टीम पहले गेंदबाज़ी मिलने से संतुष्ट दिखी। कार्यवाहक कप्तान हैरी मैनेंटी ने बताया कि यही उनका प्लान था। मैनेंटी के मुताबिक उस बड़ी जीत के जश्न के बाद टीम अब पूरी तरह से संभल चुकी है और मुक़ाबले के लिए तैयार है। यह T20 विश्व कप के इतिहास में इटली की पहली जीत थी।
मैनेंटी ने कहा, "ड्रेसिंग रूम का माहौल बहुत बढ़िया है और हर खिलाड़ी जोश से भरा हुआ है। उस जीत ने हमें काफ़ी आत्मविश्वास दिया है। हमारी टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।"
स्कॉटलैंड के ख़िलाफ़ पहले मैच में फ़ील्डिंग के दौरान कंधे की चोट (डिस्लोकेशन) का शिकार हुए वेन मैडसन अब भी बाहर हैं, लेकिन उनकी नज़रें ग्रुप के आख़िरी मैच पर टिकी हैं। मैनेंटी ने बताया, "उनकी रिकवरी सही दिशा में बढ़ रही है। हमें उम्मीद है कि वह वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ मैच में हिस्सा लेने में सक्षम होंगे।"
अगर इटली अपने बचे हुए दोनों ग्रुप मैच जीत लेती है, तो वह सुपर 8 में पहुंच सकती है। हालांकि इसके लिए उसे इंग्लैंड और वेस्टइंडीज़ जैसी मज़बूत टीमों को मात देनी होगी।
इंग्लैंड: 1 फ़िल सॉल्ट, 2 जोस बटलर (विकेटकीपर), 3 जैकब बेथेल, 4 टॉम बैंटन, 5 हैरी ब्रूक (कप्तान), 6 सैम करन, 7 विल जैक्स, 8 जेमी ओवर्टन, 9 लियम डॉसन, 10 जोफ़्रा आर्चर, 11 आदिल रशीद।
इटली: 1 एंथनी मोस्का, 2 जस्टिन मोस्का, 3 जे जे स्मट्स, 4 हैरी मैनेंटी (कप्तान), 5 बेन मैनेंटी, 6 ग्रांट स्टीवर्ट, 7 मार्कस कैंपोपियानो, 8 जियान पिएरो मीड (विकेटकीपर), 9 जसप्रीत सिंह, 10 क्रिशन कालुगामगे, 11 अली हसन।