पहली बार WPL का फ़ाइनल खेलने के प्रयास में गुजरात जायंट्स
WPL 20226 के एलिमिनेटर में GG और DC की टीम आमने-सामने होगी
ESPNcricinfo स्टाफ़
02-Feb-2026 • 3 hrs ago
Ashleigh Gardner की कप्तानी में GG इस सीज़न एक अलग रंग में नज़र आ रही है • BCCI
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु WPL 2026 के फ़ाइनल में पहुंच चुकी है। अब यह टूर्नामेंट एलिमिनेटर में अपना दूसरा फ़ाइनलिस्ट तलाशेगा। इस मुक़ाबले के लिए एकतरफ़ पिछले तीन सीज़न की फ़ाइनलिस्ट दिल्ली कैपिटल्स की टीम है, तो दूसरी तरफ़ गुजरात जायंट्स, जो लगातार दूसरी बार एलिमिनेटर खेल रही है। जेमिमाह रोड्रिग्स की कप्तानी में DC की टीम शुरुआती मैचों में लड़खड़ाने के बाद बेहतरीन लय में नज़र आई है। दूसरी ओर ऐश्ली गार्डनर की कप्तानी में GG की टीम इस सीज़न एक अलग रंग में नज़र आई है। आइए देखते हैं कि इस मैच में दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग XI कैसी होगी और पिच कैसी हो सकती है।
टीम न्यूज़ और संभावित प्लेइंग XI
GG ने पिछले दो मैचों से अपनी प्लेइंग XI में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं DC ने भी लगातार तीन मैचों से एक ही कॉम्बिनेशन पर भरोसा जताया है। किसी ऐन वक़्त की चोट के बिना बदलाव की गुंजाइश कम ही है।
गुजरात जायंट्स: 1 बेथ मूनी (विकेटकीपर), 2 सोफ़ी डिवाइन, 3 अनुष्का शर्मा, 4 ऐश्ली गार्डनर (कप्तान), 5 जॉर्जिया वेयरहम, 6 भारती फुलमाली, 7 कनिका अहूजा, 8 काश्वी गौतम, 9 तनुजा कंवर, 10 राजेश्वरी गायकवाड़, 11 रेणुका सिंह।
दिल्ली कैपिटल्स: 1 लिज़ेल ली (विकेटकीपर), 2 शेफ़ाली वर्मा, 3 लॉरा वुलफ़ॉर्ट, 4 जेमिमाह रोड्रिग्स (कप्तान), 5 मारीज़ान काप, 6 चिनेल हेनरी, 7 निकी प्रसाद, 8 स्नेह राणा, 9 मिन्नू मानी, 10 नंदनी शर्मा, 11 एन श्री चरणी।
पिच और हालात
वडोदरा चरण की शुरुआत के मुक़ाबले अब पिचें काफ़ी बेहतर हो गई हैं। BCCI के हेड क्यूरेटर की निगरानी में रन बनाने के लिए मुफ़ीद पिच तैयार किए गए हैं। वडोदरा के मौसम में अब दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने लगा है और शाम की ठंडक अब कम हो चुकी है। ओस का असर कम होने की वजह से टॉस की भूमिका अब उतनी निर्णायक नहीं रह गई है।
जॉर्जिया वेयरहैम WPL खिताब जीत चुकी हैं•BCCI
आंकड़े और रोचक तथ्य
- इस सीज़न पहले बल्लेबाज़ी करते हुए GG का रिकॉर्ड 5-1 का रहा है, जो WPL के किसी भी एक सीज़न में सबसे शानदार है।
- सोफ़ी डिवाइन को एक WPL सीज़न में सबसे ज़्यादा विकेट (18) लेने वाली अमेलिया कर और हेली मैथ्यूज़ का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए सिर्फ़ दो विकेट और चाहिए।
- लिज़ेल ली के ख़िलाफ़ सोफ़ी डिवाइन का पलड़ा हमेशा भारी रहा है। 23 पारियों में डिवाइन ने ली को 11 बार अपना शिकार बनाया है।
- GG की इस सीज़न की सभी 5 जीत पहले बैटिंग करते हुए आई हैं, वहीं DC ने अपनी चारों जीत लक्ष्य का पीछा करते हुए दर्ज की हैं।
- नंदनी शर्मा और एन श्री चरणी के इस सीज़न में 14-14 विकेट हैं। किसी भारतीय द्वारा एक WPL सीज़न में यह संयुक्त रूप से दूसरा सबसे अच्छा प्रदर्शन है। सायका इशाक (15 विकेट) अब भी पहले नंबर पर हैं।
