6.10pm: टेस्ट क्रिकेट के लिए एक शानदार दिन समाप्त हुआ। जहां एक तरफ़ वेस्टइंडीज़ ने विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को उनके घर में, उनके सबसे मज़बूत क़िले में हराया, वहीं दूसरी तरफ़ इंग्लैंड ने भारत को उनके घरेलू सरज़मी पर मात देकर इतिहास बनाया। मिलते हैं अब अगले मैच में, तब तक के लिए विदा!
बेन स्टोक्स, कप्तान, इंग्लैंड: जबसे मैंने कप्तानी संभाली है, यह हमारी सर्वश्रेष्ठ जीतों में से एक है। टॉम का यह पहला मैच था और उनकी पहली पारी भी अच्छी नहीं गई थी। मैं उन्हें आत्मविश्वास देना चाहता था, इसलिए मैंने उन्हें लंबी गेंदबाज़ी दी और उन्होंने कर दिखाया। ऑली पोप की यह कंधे की चोट के बाद वापसी थी और उन्होंने इस कठिन विकेट पर एक महान पारी खेली। मेरे ख़्याल से यह किसी भी इंग्लिश बल्लेबाज़ की उपमहाद्वीप में सबसे बेहतरीन पारी है। हम असफल होने से नहीं डरते हैं।
रोहित शर्मा, कप्तान, भारत: यह कहना कठिन होगा कि कहां हमारे लिए चीज़े विपरीत गईं। हमारे पास 190 रनों की बढ़त थी और हम बहुत हद तक नियंत्रण में थे। लेकिन पोप ने इन परिस्थितियों में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़ी की। मुझे लगा था कि इस लक्ष्य को हम प्राप्त कर सकेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हम विश्लेषण करेंगे कि क्या सही गया और क्या ग़लत।
ऑली पोप, प्लेयर ऑफ़ द मैच: भारत में टेस्ट मैचों में बल्लेबाज़ी करना सबसे कठिन है। यहां पर मैच जिताऊ प्रदर्शन कर मैं बहुत ख़ुश हूं। मैं भाग्यशाली भी रहा कि मुझे कुछ जीवनदान मिले। मैं स्वीप और रिवर्स स्वीप खेल पॉज़िटिव बना रहना चाहता था। मैंने इस सीरीज़ के लिए अपनी बल्लेबाज़ी तकनीक में भी कुछ परिवर्तन किए थे।
5.35pm: भारत के पुछल्ले बल्लेबाज़ों ने संघर्ष किया, लेकिन यह नाकाफ़ी था। पहली पारी में बुरी तरह पिटने के बाद हार्टली ने दिल जीता और सात विकेट के साथ एक यादग़ार डेब्यू किया। 2012 से ही इंग्लैंड की टीम एशिया में कभी भी पहला मैच नहीं हारी है। यह पिछले 48 घरेलू टेस्ट मैचों में भारत की सिर्फ़ चौथी हार है।