मैच (7)
IPL (2)
BAN vs ZIM (1)
Women's One-Day Cup (4)
ख़बरें

धोनी ने CSK को IPL में खेलने की पुष्टि नहीं की है

CSK धोनी को अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर रिटेन करने के योग्य है

Simarjeet Singh gets some assistance from MS Dhoni, Punjab Kings vs Chennai Super Kings, IPL 2024, Dharamsala, May 5, 2024

पिछले सीज़न ऋतुराज गायकवाड़ ने CSK की कप्तानी की थी  •  BCCI

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी काशी विश्वनाथन के अनुसार महेंद्र सिंह धोनी ने अब तक IPL 2025 में खेलने की पुष्टि नहीं की है। हालांकि उन्हें उम्मीद है कि धोनी बतौर खिलाड़ी अगले सीज़न के लिए उपलब्ध रहेंगे।
विश्वनाथन ने ESPNcricinfo से कहा, "हमारे पास उनके संबंध में अभी भी स्पष्ट जानकारी नहीं है। उम्मीद है कि वह 31 अक्तूबर से पहले इसकी पुष्टि कर देंगे।"
31 अक्तूबर IPL की तमाम फ़्रैंचाइज़ी द्वारा अपनी अपनी रिटेंशन सूची जमा करने का अंतिम दिन है। CSK धोनी को अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर रिटेन करने के योग्य है। IPL के रिटेंशन नियमों में बदलाव के बाद यह संभव हो पाया था, जिसके तहत IPL ने 2021 में ख़त्म किए गए नियम को वापस लाने का फ़ैसला किया था। इस नियम के तहत अगर किसी खिलाड़ी को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिए पांच वर्ष हो चुके हैं तब उसे अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर रिटेन किया जा सकता है।
धोनी ने भारत के लिए अंतिम बार 2019 वर्ल्ड कप के सेमीफ़ाइनल में खेला था और उन्होंने अगस्त 2020 में संन्यास की घोषणा कर दी थी। IPL के अलावा वह किसी अन्य टूर्नामेंट में नहीं खेलते हैं। ऋतुराज गायकवाड़ को CSK की कमान सौंपने के बाद 2024 के सीज़न में उन्होंने 161 के स्ट्राइक रेट से 220 रन बनाए थे।
इस बात की प्रबल संभावना है कि CSK धोनी को रिटेन करेगी क्योंकि धोनी को रिटेन करने पर CSK को 120 करोड़ के नीलामी पर्स से सिर्फ़ चार करोड़ रुपए ख़र्च करने होंगे।
IPL फ़्रैंचाइज़ी बड़ी नीलामी से पहले अधिकतम छह खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती हैं, जिसमें अधिकतम पांच कैप्ड अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी हो सकते हैं। IPL ने खिलाड़ियों को रिटेन किए जाने के संबंध में न्यूनतम राशि भी तय की है। जिसके अनुसार पहले खिलाड़ी के लिए किसी टीम को कम से कम 18 करोड़ रुपए, दूसरे रिटेंशन के लिए 14 करोड़ और तीसरे रिटेंशन के लिए 11 करोड़ और चौथे और पांचवें रिटेंशन के लिए क्रमशः 18 और 14 करोड़ रुपए ख़र्च करने होंगे। उदाहरण के तौर पर, सनराइज़र्स हैदराबाद (SRH) हाइनरिक क्लासन को 23 करोड़ रुपए में रिटेन करने वाली है, जबकि पैट कमिंस और अभिषेक शर्मा को रिटेन करने के लिए SRH अपने पर्स से क्रमशः 18 और 14 करोड़ रुपए ख़र्च करने वाली है।