मैच (13)
IPL 2023 (4)
न्यूज़ीलैंड बनाम श्रीलंका (1)
विश्व कप क्वालिफ़ायर (6)
साउथ अफ़्रीका बनाम नीदरलैंड्स (1)
बांग्लादेश बनाम आयरलैंड (1)
ख़बरें

सूर्यकुमार को आईसीसी ने टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर ऑफ़ द ईयर चुना

2022 में सूर्यकुमार यादव ने 31 टी20 अंतर्राष्ट्रीय पारियों में 187.43 के स्ट्राइक रेट से 1164 रन बनाए थे

सूर्यकुमार ने 2022 में दो शतक लगाए थे  •  Getty Images

सूर्यकुमार ने 2022 में दो शतक लगाए थे  •  Getty Images

आईसीसी ने अपने वार्षिक पुरस्कारों में 2022 के लिए सूर्यकुमार यादव को टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर ऑफ़ द ईयर नामित किया है।
2022 कैलेंडर वर्ष में सूर्यकुमार ने 31 टी20 अंतर्राष्ट्रीय पारियों में 187.43 के स्ट्राइक रेट और 46.56 की औसत से 1164 रन बनाए थे। सूर्यकुमार ने पिछले साल दो शतक और नौ अर्धशतक ठोके थे, जिसमें सितंबर-अक्तूबर में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ तीन मैचों में लगातार तीन अर्धशतक शामिल हैं।
मार्च 2021 में इस फ़ॉर्मैट में पदार्पण करने के बाद से उन्होंने कुल 43 टी20 अंतर्राष्ट्रीय पारियों में 180.34 के स्ट्राइक रेट और 46.41 की औसत से 1578 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं।
2022 में एक कैलेंडर वर्ष में सूर्यकुमार टी20 अंतर्राष्ट्रीय में 1000 से अधिक रन बनाने वाले सिर्फ़ दूसरे बल्लेबाज़ बने और इस फ़ॉर्मैट में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी के रूप में साल का अंत किया। साथ ही वह नवंबर की शुरुआत में मोहम्मद रिज़वान को पछाड़कर नंबर एक टी20 अंतर्राष्ट्रीय बल्लेबाज़ भी बने।
2022 में सूर्यकुमार ने टी20 अंतर्राष्ट्रीय में 68 छक्के भी लगाए, जो एक साल में किसी खिलाड़ी द्वारा लगाए गए सर्वाधिक छक्के हैं।
टी20 अंतर्राष्ट्रीय में तीन शतक के साथ सूर्यकुमार सर्वाधिक शतक लगाने वालों की सूची में रोहित शर्मा के बाद संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर हैं। पूर्ण सदस्य टीमों के कोलिन मनरो और ग्लेन मैक्सवेल ने भी तीन-तीन शतक लगाए हैं।
टी20 अंतर्राष्ट्रीय में साल का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने जाने से पहले सूर्यकुमार ने आईसीसी की टी20 अंतर्राष्ट्रीय टीम ऑफ़ द इयर में भी जगह बनाई थी, जिसमें अन्य भारतीय नामों में विराट कोहली और हार्दिक पंड्या शामिल थे।
भारत 2022 टी20 विश्व कप के सेमीफ़ाइनल में इंग्लैंड से दस विकेट से हारकर बाहर हो गया था, लेकिन सूर्यकुमार के लिए व्यक्तिगत रूप से यह बेहतरीन टूर्नामेंट रहा था। वह कोहली (छह पारियों में 296) और मैक्स ओदाउद (आठ पारियों में 242 रन) के बाद छह पारियों में 239 रनों के साथ सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में तीसरे स्थान पर रहे। सूर्यकुमार ने 189.68 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए, जो किसी विशेषज्ञ बल्लेबाज़ द्वारा सर्वश्रेष्ठ है। साथ ही उन्होंने तीन अर्धशतक भी जड़े।