अबू धाबी T10 में पुणे डेविल्स के पूर्व सहायक कोच पर ICC ने लगाया प्रतिबंध
सनी ढिल्लों पर सितंबर 2023 में आरोप लगे थे और वह पुणे डेविल्स की फ़्रैंचाइज़ी से प्रतिबंधित किए गए नए व्यक्ति हैं
ESPNcricinfo स्टाफ़
10-Dec-2024
Abu Dhabi T10 league में कई लोगों पर फ़िक्सिंग के आरोप लगे हैं • Abu Dhabi Cricket
अबू धाबी T10 लीग में पुणे डेविल्स के पूर्व सहायक कोच सनी ढिल्लों पर ICC ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से छह वर्ष का प्रतिबंध लगा दिया है। जांच में यह पाया गया था कि ढिल्लों ने अमीरात क्रिकेट बोर्ड (ECB) के भ्रष्टाचार विरोधी संहिता का उल्लंघन किया है।
ढिल्लों उन आठ लोगों में शामिल थे, जिनके ऊपर पिछले वर्ष आरोप लगे थे। इसमें बांग्लादेश के ऑलराउंडर नासिर हुसैन का भी नाम शामिल था। अबू धाबी T10 लीग 2021 के दौरान इन लोगों द्वारा मैच के नतीजे को प्रभावित करने के आरोप लगे थे। आरोप में नामजद अन्य लोगों में पुणे डेविल्स के सह मालिक (कृष्ण कुमार चौधरी और पराग संघवी), दो घरेलू खिलाड़ी, टीम के बल्लेबाज़ी कोच (अशार ज़ैदी) और टीम मैनेजर शादाब अहमद शामिल थे।
हुसैन को इसी साल जनवरी में दो साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया था जबकि ज़ैदी, संघवी और चौधरी को अगस्त 2024 में भ्रष्ट गतिविधियों में संलिप्त रहने और ECB के भ्रष्टाचार विरोधी संहिता का उल्लंघन करने की बात स्वीकारने के बाद प्रतिबंधित कर दिया गया था।
ICC द्वारा जारी बयान के अनुसार ढिल्लों को इन धाराओं के तहत दोषी पाया गया -
- अनुच्छेद 2.1.1 - अबू धाबी T10 2021 में मैचों या उनके पहलुओं को फ़िक्स करने, या ग़लत तरीके से प्रभावित करने के प्रयास में पक्षकार बनना।
- अनुच्छेद 2.4.4 - संहिता के तहत भ्रष्ट आचरण में संलिप्त होने के लिए प्राप्त किसी भी तरह के प्रस्ताव की पूरी जानकारी DACO (भ्रष्टाचार विरोधी अधिकारी) को देने में विफल होना।
- अनुच्छेद 2.4.6 - नियम के तहत भ्रष्ट आचरण संबंधी की जाने वाली जांच में DACO का सहयोग ना देना।
ढिल्लों पर प्रतिबंध की अवधि को 13 सितंबर 2023 से शुरू माना जाएगा क्योंकि उस दिन उन्हें अस्थाई रूप से निलंबित किया गया था। 2021 अंतिम सीज़न था जब डेविल्स की टीम ने यह लीग खेला था। उस सीज़न यह टीम छह में से सिर्फ़ एक मैच जीतकर अंक तालिका में अंतिम पायदान पर रही थी।