फ़ीचर्स

क्रिकेट, रग्बी और कोलकाता: खेल की दुनिया में एक अद्भुत संयोग

T20 विश्व कप में इंग्लैंड के बीच होने वाले मुक़ाबले से पहले स्कॉटलैंड के ब्रेड व्हील ने कहा, "आप अब किसी जीत या हार को उलटफेर नहीं कह सकते"

राजन राज
Feb 13, 2026, 5:30 PM • 11 hrs ago
Michael Leask celebrates a wicket, Scotland vs West Indies, T20 World Cup, Kolkata, February 7, 2026

इंग्लैंड के ख़िलाफ़ स्कॉटलैंड के पास कुछ सुनहरी यादें भी हैं  •  ICC/Getty Images

खेल की दुनिया में कभी-कभी ऐसे दुर्लभ संयोग बनते हैं जो इतिहास और वर्तमान को एक सूत्र में बांध देते हैं। शनिवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में जब इंग्लैंड और स्कॉटलैंड क्रिकेट विश्व कप के अहम मुक़ाबले के लिए मैदान पर उतरेंगे, तो ठीक उसी वक़्त सात समंदर पार इन दोनों देशों की रग्बी टीमें भी 'कलकत्ता कप' के लिए भिड़ रही होंगी। डेढ़ सदी पुरानी इस प्रतिद्वंद्विता का अपने जन्मस्थान यानी कोलकाता में इस तरह लौटकर आना किसी रोमांचक कहानी से कम नहीं है।
इस ऐतिहासिक जुड़ाव की शुरुआत 1872 में इसी शहर में हुई थी। ब्रिटिश सेना के अधिकारियों ने 'कलकत्ता रग्बी फ़ुटबॉल क्लब' बनाया था और क्लब बंद होने के बाद उसके चांदी के सिक्कों को पिघलाकर एक ट्रॉफ़ी तैयार की गई, जिसे आज 'कलकत्ता कप' कहा जाता है। आज वही विरासत क्रिकेट के मैदान पर एक नई ऊर्जा बनकर लौटी है।
मैच की पूर्व संध्या पर जब दोनों टीमें अभ्यास कर रही थीं, तब रग्बी की वह गर्माहट क्रिकेट के मैदान पर भी महसूस की गई। प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान स्कॉटलैंड के तेज़ गेंदबाज़ ब्रैड व्हील ने इसे एक बेहतरीन संयोग बताया।
उन्होंने कहा, "यह एक अद्भुत संयोग है कि दोनों टीमें विश्व कप में उसी दिन आमने-सामने हैं, जब सिक्स नेशंस कप में भी इंग्लैंड और स्कॉटलैंड का मुक़ाबला होना है। यह खेल जगत के लिए एक बहुत बड़ा दिन है और हमारी कोशिश यही रहेगी कि दोनों ही मैदानों पर स्कॉटलैंड विजयी बनकर उभरे।"
इस टूर्नामेंट में अब तक इंग्लैंड का प्रदर्शन कुछ ख़ास नहीं रहा है। अपने पहले मैच में जहां उन्हें नेपाल से कड़ी टक्कर मिली, वहीं वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ उन्हें करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा।
इस संदर्भ में व्हील ने कहा, "हमारे लिए यह बात साफ़ है कि इंग्लैंड की टीम कल हमारे ख़िलाफ़ पूरी ताक़त के साथ आक्रमण करेगी। हालांकि एक बात यह भी है कि ऐसे मौक़े बार-बार नहीं आते और हम इंग्लैंड के ख़िलाफ़ ज़्यादा मैच भी नहीं खेलते। इसलिए टीम मैदान पर वह हर मुमकिन कोशिश करेगी, जिससे सकारात्मक परिणाम हासिल किए जा सकें।"
2024 के विश्व कप में जब आख़िरी बार ये दोनों टीमें टकराई थीं, तब स्कॉटलैंड ने कमाल का खेल दिखाया था। उस मैच में स्कॉटलैंड ने महज़ 10 ओवरों में ही 90 रन बना दिए थे, लेकिन बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
अंत में वही मैच नॉकआउट की रेस में निर्णायक साबित हुआ था, जहां बेहतर रनरेट के आधार पर इंग्लैंड आगे बढ़ गया था। वनडे क्रिकेट के पिछले रिकॉर्ड्स को देखें तो 2018 में भी स्कॉटलैंड ने इंग्लैंड को मात दी थी।
व्हील ने कहा, "पिछली बार जब हम वनडे में उनके ख़िलाफ़ खेले थे तो हमें जीत मिली थी। पिछले विश्व कप में भी हम उनके ख़िलाफ़ अच्छी लय में थे। लेकिन यह सब अब पुरानी बातें हैं और कल का मैच दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जिसके लिए किसी अलग मोटिवेशन की ज़रूरत नहीं है।"
"इंग्लैंड के पास IPL खेलने का अच्छा अनुभव है, लेकिन हमारी टीम भी इस मैदान पर दो मैच खेल चुका है और उन्हें यहां के हालात की अच्छी समझ है, इसलिए ऐसा नहीं है कि हम इंग्लैंड के ख़िलाफ़ मैच की शुरुआत से ही पीछे हैं।"
व्हील से पूछा गया कि इस विश्व कप में कई एसोशिएट देशों ने बड़ी टीमों को चौंकाया है और ज़िम्बाब्वे ने तो ऑस्ट्रेलिया को हराया भी है। क्या कल के मैच में भी ऐसा कोई उलटफेर देखने को मिल सकता है?
इस बारे में व्हील ने कहा, "क्रिकेट की दुनिया बदल रही है। अलग-अलग लीग और अलग-अलग देशों में खेलने के बाद सभी टीम के खिलाड़ियों का स्तर काफ़ी ऊंचा गया है। आप शुरुआत से ही परिणाम के बारे में पूरे आत्मविश्वास के साथ कुछ नहीं कह सकते। जैसे नेपाल के मैच को देखें तो उसमें परिणाम जो भी रहे लेकिन वह मैच अदभुत था। आप अब किसी जीत या हार को उलटफेर नहीं कह सकते। क्रिकेट की दुनिया काफ़ी बड़ी होती जा रही है। परिणाम कुछ भी आ सकता है।"

राजन राज ESPNcricinfo हिंदी में सब एडिटर हैं