टेन डेशकाटे: हम पाकिस्तान के ख़िलाफ़ मैच के लिए हमेशा से तैयार थे
भारत के सहायक कोच ने जसप्रीत बुमराह, अभिषेक शर्मा और वॉशिंगटन सुंदर के फ़िटनेस पर भी जानकारी दी
दया सागर
Feb 10, 2026, 3:02 PM • 4 hrs ago
Ryan ten Doeschate ने भारत को तैयार बताया • AFP/Getty Images
T20 विश्व कप में भारत-पाकिस्तान मुक़ाबला अब तय कार्यक्रम के अनुसार 15 फ़रवरी को कोलंबो में होगा। सोमवार देर रात इस मुक़ाबले पर आ रहे सारे संकट के बादल छंट गए और अब भारतीय टीम इस मुक़ाबले को लेकर तैयार दिख रही है।
दिल्ली में नामीबिया के ख़िलाफ़ विश्व कप मुक़ाबले से दो दिन पहले प्रेस कॉन्फ़्रेंस में टीम के सहायक कोच रायन टेन डेश्काटे ने कहा, "सबसे पहले यह अच्छी बात है कि यह मैच हो रहा है। हमने इस मैच की तैयारियां जारी रखी थी। हमें लग रहा था कि कुछ होगा और हम मैच खेलेंगे। इसलिए हमारी तैयारियों में कोई बदलाव नहीं है। कल शाम और इस सुबह हमें पूरी तरह पुष्टि हुई कि यह मैच होगा और हमें एक अच्छी टीम के साथ मैच खेलने का एक और मौक़ा मिलेगा। यह टीम के लिए अच्छा है। ऐसा हमारे दिमाग़ में कभी नहीं था कि हम नहीं खेले जा रहे हैं। इसके साथ यह भी था कि हमें राजनीति से दूर रहने की कोशिश करना है।"
उन्होंने आगे कहा, "हमें देश के सेंटिमेंट के बारे में पहले भी बताया गया था और हमें पता है कि दोनों देशों की राजनीति में अंतर है। लेकिन हमारे लिए क्रिकेट पर फ़ोकस रखना ही महत्वपूर्ण है। कोलंबो में पाकिस्तानी टीम दो सप्ताह से है और यह हमारे लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। हम अगले सप्ताह होने वाले इस मैच के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाने पर फ़ोकस करेंगे।"
वॉशिंगटन फ़िट, अभिषेक के पेट में अभी भी समस्या, बुमराह कर रहे गेंदबाज़ी का अभ्यास
इसके साथ ही टेन डेश्काटे ने भारतीय टीम के फ़िटनेस समस्याओं पर भी अपडेट दिया। वॉशिंगटन सुंदर भारतीय टीम से जुड़ चुके हैं और उन्होंने गेंदबाज़ी का अभ्यास किया। अभिषेक शर्मा के पेट में कुछ गड़बड़ी है और वह टीम के साथ नहीं थे। वहीं बुमराह ने भी गेंदबाज़ी का अभ्यास किया।
टेन डेश्काटे ने कहा, "वॉशिंगटन कल ही टीम के साथ जुड़े हैं। अभि (अभिषेक) के पेट में अभी भी कुछ समस्या है, लेकिन हमें उम्मीद है कि वह ठीक होकर इस मैच के लिए तैयार रहेंगे। वहीं बुमराह 10 दिन के ब्रेक के बाद आज अभ्यास करेंगे। वह पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं और हम देखेंगे कि उनका अभ्यास कैसे जाता है।"
पिछले सप्ताह मुंबई में USA को हराने के बाद भारत का अगला मुक़ाबला गुरूवार को दिल्ली में नामीबिया के ख़िलाफ़ है।
दया सागर ESPNcricinfo हिंदी में सब एडिटर हैं।dayasagar95
