ख़बरें

IPL 2026: इयान बेल बने दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच

इंग्लैंड के लिए 118 टेस्ट खेलने वाले बेल ने इससे पहले भी कोचिंग भूमिकाएं निभाई हैं

ESPNcricinfo स्टाफ़
Feb 10, 2026, 3:00 PM • 4 hrs ago
Ian Bell worked with Birmingham Phoenix in the Hundred

इयान बेल ने द हंड्रेड में बर्मिंघम फ़ीनिक्स के साथ काम किया है  •  Roy Smiljanic/Birmingham Phoenix

इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज़ इयान बेल को IPL 2026 से पहले दिल्ली कैपिटल्स (DC) का सहायक कोच नियुक्त किया गया है। फ़्रैंचाइज़ी ने मंगलवार को ट्वीट करके इसकी जानकारी दी।
2025 में DC प्लेऑफ़ में जगह बनाने से मामूली अंतर से चूक गई थी। लीग चरण में सिर्फ़ एक अंक से पीछे रहकर उनकी टीम पांचवें स्थान पर रही थी। वह प्रमुख कोच हेमंग बदानी, सहायक कोच मैथ्यू मॉट और टीम मेंटॉर केविन पीटरसन के साथ काम करेंगे। इस कोचिंग ग्रुप में डायरेक्टर ऑफ़ क्रिकेट वेणुगोपाल राव और गेंदबाज़ी कोच मुनाफ़ पटेल भी शामिल हैं।
इंग्लैंड के लिए 118 टेस्ट, 161 ODI और आठ T20I खेलने वाले बेल इस भूमिका में भरपूर अंतरराष्ट्रीय अनुभव लेकर आते हैं। वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज़्यादा सफल रहे, जहां उन्होंने 22 शतक और 46 अर्धशतक के साथ 7727 रन बनाए। खेल से संन्यास लेने के बाद वह इंग्लैंड की जूनियर टीमों के साथ कोचिंग भूमिकाओं में जुड़े रहे, जिनमें कई आयु-वर्ग की टीमें भी शामिल हैं। इसके बाद अब वह IPL सेटअप में भी आ रहे हैं।
उन्होंने 2024 में इंग्लैंड दौरे के दौरान श्रीलंका की टेस्ट टीम के साथ बल्लेबाज़ी कोच के रूप में भी काम किया था। वह 2023 वनडे विश्व कप से पहले इंग्लैंड दौरे पर आई न्यूज़ीलैंड पुरुष टीम के साथ भी थोड़े समय के लिए जुड़े रहे थे। बेल पुरुषों के द हंड्रेड में बर्मिंघम फ़ीनिक्स के सहायक कोच भी रह चुके हैं।