मैच (11)
IPL (2)
विश्व कप लीग 2 (1)
County DIV1 (3)
County DIV2 (4)
Women's One-Day Cup (1)
ख़बरें

अतापत्तू के नेतृत्व वाली श्रीलंकाई टीम में अनुभव और युवा जोश का संतुलन

टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का संतुलन मौजूद है

Udeshika Prabodhani and Inoshi Priyadharshani combined for five wickets, Sri Lanka vs Thailand, Women's T20 World Cup Qualifier, Group A, Tolerance Oval, April 25, 2024

प्रबोधनी और प्रियदर्शिनी दोनों ही श्रीलंका के आक्रमण के लिए काफ़ी अहम साबित होंगी  •  ICC via Getty Images

उदेशिका प्रबोधनी, अचिनी कुलासूर्या और अनुष्का संजीवनी की अनुभवी तिकड़ी को आगामी महिला एशिया कप 2024 के लिए श्रीलंका के दल में शामिल किया गया है। इन्हें वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ हालिया श्रृंखला के लिए आराम दिया गया था लेकिन एशिया कप में इनकी वापसी हुई है।
आगामी टूर्नामेंट के लिए श्रीलंका की टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का संतुलन मौजूद है। इस टीम की सबसे युवा खिलाड़ी बाएं हाथ की स्पिनर शशिनी गिम्हानी हैं जो इस वर्ष 16 साल की हो जाएंगी। हालांकि प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह अभी सुनिश्चित नहीं है लेकिन 18 वर्षीय विष्मी गुणारत्ने कप्तान चमारी अतापत्तू के साथ पारी की शुरुआत करते दिखाई देंगी।
स्पिन गेंदबाज़ी ऑलराउंडर कविशा दिलहारी, तेज़ गेंदबाज़ काव्या कविंदी और लेग स्पिनर सचिनी निसांसला इस दल की तीन अन्य खिलाड़ी हैं जिनकी उम्र 25 वर्ष से कम है। निसांसला ने वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ अपने प्रदर्शन से काफ़ी प्रभावित भी किया था और इसका इनाम इन्हें एशिया कप के दल में चयनित होने पर मिला है।
श्रीलंका का मज़बूत पक्ष उसकी बल्लेबाज़ी है। जिसकी बागडोर ख़ुद कप्तान अतापत्तू के हाथों में है। शीर्ष क्रम में गुणारत्ने के साथ उनकी जोड़ी ने हालिया समय में काफ़ी प्रभावित किया है। विकेटकीपर बल्लेबाज़ संजीवनी के साथ नीलाक्षी डिसिल्वा, हसिनी परेरा, हर्षिता समाराविक्रमा और कविशा दिलहारी की मौजूदगी से मध्य क्रम काफ़ी मज़बूत नज़र आ रहा है।
गेंदबाज़ी में भी श्रीलंका के पास स्पिनर्स की भरमार है। जहां इनोशी प्रियदर्शनी और सुगंधिका कुमारी के अलावा का साथ देने के लिए निसांसला, गिमहानी, दिलहारी और अतापत्तू मौजूद हैं। प्रबोधनी और कुलासूर्या की वापसी से श्रीलंका के तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण को भी काफ़ी मज़बूती मिली है। एशिया कप में श्रीलंका को अपना पहला मैच बांग्लादेश के ख़िलाफ़ खेलना है।

एशिया कप के लिए श्रीलंका का दल

चमारी अतापत्तू (कप्तान), अमा कंचना, शशिनी गिम्हानी, विष्मी गुणारत्ने, काव्या कविंदी, सुगंधिका कुमारी, अचिनी कुलासूर्या, नीलाक्षी डिसिल्वा, कविशा दिलहारी, सचिनी निसांसला, हसिनी परेरा, उदेशिका प्रबोधनी, इनोशी प्रियदर्शिनी, अनुष्का संजीवनी, हर्षिता समाराविक्रमा