चेन्नई सुपर किंग्स की टीम में शामिल हुए डेवाल्ड ब्रेविस
ब्रेविस को गुरजपनीत की जगह पर 2.2 करोड़ रुपए में शामिल किया गया है
ESPNcricinfo staff
18-Apr-2025
ब्रेविस इससे पहले मुंबई इंडियंस की टीम में खेल चुके हैं • Sportzpics
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने चोटिल गुरजपनीत सिंह की जगह डेवाल्ड ब्रेविस को टीम में शामिल किया है। CSK ने ब्रेविस को IPL 2025 के शेष हिस्से के लिए साइन किया है।
IPL और CSK की ओर से इस बात की आधिकारिक घोषणा होने से करीब दो घंटे पहले ही ब्रेविस ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट डालकर इस डेवलपमेंट की ओर इशारा कर दिया था।
ब्रेविस ने अब तक 81 T20 मुक़ाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 1787 रन बनाए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 162 रहा है। उन्होंने 2023 में साउथ अफ़्रीका के लिए T20I डेब्यू किया था और अब तक 2 T20I मैच खेल चुके हैं। ब्रेविस पहले मुंबई इंडियंस (MI) का हिस्सा थे, जहां उन्होंने 10 मैच खेले थे। वह CSK से 2.2 करोड़ रुपए में जुड़ेंगे। गुरजपनीत को CSK ने नीलामी के दौरान 2.2 करोड़ रुपए में ख़रीदा था।
2022 में अपना पहला IPL खेलने वाले ब्रेविस ने MI के लिए उस सीज़न कुल सात मुक़ाबले खेले थे, जिसमें उन्होंने 142.48 के स्ट्राइक रेट से कुल 169 रन बनाए थे। उस सीज़न उनका उच्चतम स्कोर 49 रहा था। हालिया SA20 सीज़न ब्रेविस बेहतरीन फ़ॉर्म में थे, जहां उन्होंने 48.50 की औसत और184.18 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट के साथ कुल 291 रन बनाए थे। इस दौरान उनका उच्च स्कोर 79 रहा था और उन्होंने दो अर्धशतक भी लगाए थे।
ब्रेविस IPL 2025 की बड़ी नीलामी में 75 लाख के बेस प्राइस के साथ गए थे लेकिन उन्हें कोई ख़रीददार नहीं मिला था।
And now, Dewald Brevis is Yellove! #WhistlePodu #Yellove
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) April 18, 2025
pic.twitter.com/UPtNqfeuCA
इससे पहले CSK ने मुंबई के युवा बल्लेबाज़ आयुष म्हात्रे को अपने दल में शामिल किया था। वह CSK के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की जगह पर टीम में आए थे।
CSK की टीम इस सीज़न काफ़ी ख़राब फ़ॉर्म से गुजर रही है। पहले मैच में MI के ख़िलाफ़ मिली जीत के बाद, उन्हें लगातार पांच हार मिली। फिर उन्होंने LSG के ख़िलाफ़ अपना पिछला मुक़ाबला जीता। सात मैच में सिर्फ़ दो जीत के साथ अंक तालिका में वह फ़िलहाल आख़िरी पायदान पर हैं। ऐसा भी हो सकता है कि ब्रेविस को सीधे प्लेइंग XI में मौक़ा मिल जाए, जहां वह मिडिल ऑर्डर या ऊपरी क्रम में अहम भूमिका निभा सकते हैं।