ख़बरें

WBBL के शेष मुक़ाबलों से जेमिमाह रॉड्रिग्स बाहर

रॉड्रिग्स, मांधना के विवाह में शामिल होने के लिए भारत लौटी थीं और अब उन्होंने अपनी साथी खिलाड़ी के साथ रहने का फ़ैसला किया है

Jemimah Rodrigues took advantage of the power surge, Brisbane Heat vs Hobart Hurricanes, WBBL, Junction Oval, November 2, 2024

Jemimah Rodrigues ने इस सीज़न हीट के लिए कुल तीन मुक़ाबले खेले  •  Getty Images

WBBL के शेष सीज़न के लिए वापस न लौटने के जेमिमाह रॉड्रिग्स के फ़ैसले को ब्रिस्बेन हीट ने स्वीकार कर लिया है, जिसका मतलब है कि भारतीय बल्लेबाज़ WBBL के मौजूदा सीज़न के शेष चार मुक़ाबलों के लिए अपनी फ़्रैंचाइज़ी के साथ नहीं जुड़ेंगी।
हीट द्वारा जारी मीडिया रिलीज़ में बताया गया है कि रॉड्रिग्स, स्मृति मांधना के विवाह समारोह में शिरकत करने के लिए भारत लौटी थीं और मांधना के पिता का स्वास्थ्य ख़राब होने के चलते उन्होंने भारत में अपनी टीम की साथी खिलाड़ी के साथ ही रहने का फ़ैसला किया है। फ़्रैंचाइज़ी ने बताया कि उन्होंने रॉड्रिग्स के इस आग्रह को स्वीकार कर लिया है।
ब्रिस्बेन हीट के CEO टेरी स्वेंसन ने अपने बयान में कहा, "निश्चित तौर पर यह जेमी के लिए चुनौतीपूर्ण समय है और साथ ही यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वह WBBL में हिस्सा नहीं ले पाएंगी। हम भारत में उनके रहने के अनुरोध को स्वीकार करने के लिए पूरी तरह से तैयार थे। हीट क्लब उन्हें और स्मृति मांधना के परिवार को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता है।"
"जेमी वापस न लौट पाने से काफ़ी निराश थीं लेकिन उन्होंने परिस्थितियों को समझने के लिए क्लब और हीट के प्रशंसकों के प्रति अपना आभार व्यक्त किया है। वह खिलाड़ियों के संपर्क में हैं और उन्होंने शेष मुक़ाबलों के लिए अभी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।"
रॉड्रिग्स 15 नवंबर को हुए होबार्ट हरिकेन्स के ख़िालफ़ मुक़ाबला खेलने के बाद भारत लौटी थीं। हीट को अभी भी इस सीज़न अपनी पहली जीत का इंतज़ार है।
रॉड्रिग्स इस सीज़न दूसरी बार हीट के साथ जुड़ी थीं। इस साल उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्लेयर ड्रॉफ़्ट में हीट ने नंबर वन पिक के तौर पर अपने दल में शामिल किया था। इस सीज़न रॉड्रिग्स ने तीन मुक़ाबले खेले थे, जिसमें उन्होंने 12.33 की औसत और 102.77 के स्ट्राइक रेट से 37 रन बनाए थे।