मैच (37)
NZ vs WI (1)
WBBL (4)
IND-A vs SA-A (1)
रणजी ट्रॉफ़ी (19)
Hong Kong Sixes (10)
Sheffield Shield (2)
ख़बरें

IPL 2026 : सैमसन के लिए जाडेजा और करन को RR से ट्रेड कर सकती है CSK

ऐसा समझा जा रहा है कि फ़्रैंचाइजियों ने ट्रेड में शामिल तीनों खिलाड़ियों से चर्चा कर ली है

Sanju Samson got Ravindra Jadeja out obstructing the field, Chennai Super Kings vs Rajasthan Royals, IPL 2024, Chennai, May 12, 2024

सैमसन ने IPL 2025 के बाद ही रिलीज़ किए जाने की इच्छा व्यक्त की थी  •  BCCI

यह IPL इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा ट्रेड हो सकता है क्योंकि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) संजू सैमसन के लिए रवींद्र जाडेजा को राजस्थान रॉयल्स (RR) को ट्रेड कर सकती है। ESPNcricinfo को पता चला है कि इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन भी इस ट्रेड का हिस्सा हैं।
ऐसा समझा जा रहा है कि फ़्रैंचाइजियों ने ट्रेड में शामिल तीनों खिलाड़ियों से चर्चा कर ली है। हालांकि ESPNcricinfo ने जब इस घटनाक्रम को लेकर फ़्रैंचाइज़ियों से संपर्क करने की कोशिश की तो उन्होंने इसकी पुष्टि नहीं की।
दोनों ही खिलाड़ी अपनी फ़्रैंचाइज़ी का लंबे समय से हिस्सा रहे हैं, सैमसन ने RR का 11 सीज़न तक प्रतिनिधित्व किया है तो वहीं जाडेजा 2016 और 2017 को छोड़कर जब टीम प्रतिबंधित थी, 2012 से ही CSK का हिस्सा हैं। सैमसन ने IPL 2025 के बाद ही रिलीज़ किए जाने के संकेत दिए थे क्योंकि वह फ़्रैंचाइज़ी बदलने की सोच रहे थे।
जाडेजा को IPL 2025 की बड़ी नीलामी में CSK ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के बाद 18 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। एम एस धोनी के साथ ही जाडेजा भी CSK के कोर का हिस्सा रहे हैं और CSK की पांच ट्रॉफ़ी जीत में से जाडेजा तीन जीत का हिस्सा रहे हैं।
2023 में अपनी बल्लेबाज़ी से जाडेजा ने गुजरात टाइटंस (GT) के ख़िलाफ़ CSK ख़िताबी जीत सुनिश्चित की थी। गेंद के साथ भी यह उनका सर्वश्रेष्ठ सीज़न था जिसमें उन्होंने 20 विकेट लिए थे।
2025 में भी उन्होंने बल्ले के साथ अच्छा प्रदर्शन किया और मध्य क्रम में CSK के लिए अहम भूमिका अदा करते हुए दो अर्धशतक की बदौलत 305 रन बनाए। जाडेजा ने इस टूर्नामेंट में पांचवें सबसे ज़्यादा 254 मैच खेले हैं। उनसे ज़्यादा मैच सिर्फ़ धोनी, विराट कोहली, रोहित शर्मा और दिनेश कार्तिक ने खेले हैं। 143 विकेटों के साथ वह CSK के लिए सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज़ भी हैं जिसमें 16 रन देकर पांच विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। धोनी के साथ उनके नाम सबसे ज़्यादा (16) प्लेयर ऑफ़ द मैच अवॉर्ड भी हैं। 2022 में जाडेजा को CSK की कप्तानी भी मिली थी लेकिन सीज़न की ख़राब शुरुआत के बाद उन्होंने धोनी को वापस कप्तानी सौंप दी।
RR जाडेजा की पहली टीम थी जिसके लिए उन्होंने IPL खेला था और 2008 में वह 19 वर्ष की उम्र में शेन वॉर्न की अगुवाई वाली टीम की ख़िताबी जीत का हिस्सा भी थे। जाडेजा ने RR के लिए दो सीज़न खेले लेकिन मुंबई इंडियंस से अनुबंध के लिए सीधी बातचीत के लिए उन्हें 2010 में एक सीज़न का प्रतिबंध झेलना पड़ा। इसके बाद जाडेजा 2011 में कोच्चि टस्कर्स केरला का हिस्सा थे।
2013 के बेहतरीन IPL के पहले सीज़न के बाद जब RR ने चैंपियंस लीग T20 के उपविजेता के रूप में समाप्त किया तब 19 वर्षीय सैमसन 2014 के सीज़न के लिए रिटेन किए गए सबसे युवा खिलाड़ी थे। 2018 में RR के प्रतिबंध से वापस आने के बाद सैमसन एक बार फिर इस फ़्रैंचाइज़ी का हिस्सा बने और 2021 में उन्हें कप्तान नियुक्त किया गया। 2022 में उनकी कप्तानी में RR 2008 के बाद पहली बार फ़ाइनल में पहुंची।
सैमसन ने IPL में 67 मैचों में कप्तानी की है जिसमें उन्हें 33 में जीत और 33 में हार मिली है। इसमें एक सुपर ओवर में मिली हार शामिल है और एक मैच बेनतीजा रहा। 2024 में RR ने एक बार फिर प्लेऑफ़ में प्रवेश किया और इसमें पहली बार सैमसन ने किसी सीज़न में 500 का आंकड़ा पार किया। उन्होंने पांच अर्धशतक, 153.47 के स्ट्राइक रेट और 48.27 की औसत से 531 रन बनाए। सैमसन 2025 के सीज़न के लिए RR के रिटेन किए गए छह खिलाड़ियों में शामिल थे और उन्हें 18 करोड़ में रिटेन करने के साथ ही बतौर कप्तान भी बरक़रार रखा गया। हालांकि साइड इंजरी के चलते सैमसन को पिछले सीज़न का दूसरा चरण डगआउट में बिताना पड़ा जिसके चलते उन्हें अपनी टीम को हाथ में आई कुछ जीतों को फिसलता देखने पर भी मजबूर होना पड़ा। अंत में RR ने चार जीत के साथ सीज़न को नौवें स्थान पर रहते हुए समाप्त किया।
2025 के सीज़न के तुरंत बाद सैमसन ने RR को सूचित कर दिया था कि वह रिलीज़ होना चाहते हैं क्योंकि वह बदलाव की तलाश में हैं। इसके कारण फ़्रैंचाइज़ी ने कई टीमों के साथ व्यापार वार्ता शुरू की। बेशक न सिर्फ़ एक कप्तान बल्कि एक बल्लेबाज़ और विकेटकीपर के रूप में भी सैमसन को खोना RR के लिए चुनौती होगी। सैमसन 4027 रनों के साथ RR के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ भी हैं, जिसमें सबसे अधिक 50+ स्कोर (25), सबसे ज़्यादा चौके (327), सबसे ज़्यादा छक्के (192) के साथ-साथ सबसे अधिक कैच (149) लेने का रिकॉर्ड भी है।

अब क्या होगा

CSK और RR दोनों को व्यापार में शामिल तीनों खिलाड़ियों का नाम बताते हुए रुचि पत्र IPL को भेजना होगा। IPL व्यापार नियमों के अनुसार खिलाड़ियों की लिखित सहमति मिलने के बाद दोनों ख़रीदने और बेचने वालीं फ़्रैंचाइज़ी अंतिम समझौते तक पहुंचने के लिए आगे की चर्चा शुरू कर सकती हैं, जिसे बाद में IPL द्वारा अनुमोदित किया जाएगा।

नागराज गोलापुड़ी ESPNcricinfo के न्यूज़ एडिटर हैं।