ख़बरें

घरामी के शतक ने बंगाल को संभाला, देशपांडे और अवस्थी की मदद से मुंबई की वापसी

रणजी ट्रॉफ़ी के क्वार्टर फ़ाइनल मुक़ाबलों का ब्यौरा, उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर को मिली पहली पारी की बढ़त

ESPNcricinfo स्टाफ़
Feb 7, 2026, 12:38 PM
Sudip Kumar Gharami brings up his fifty, Bengal vs Gujarat, 1st day, Ranji Trophy 2025-26, Kolkata, October 25, 2025

फ़ाइल फ़ोटो: सुदीप कुमार घरामी ने अपना सातवां प्रथम श्रेणी शतक जड़ा  •  PTI

बंगाल 199 पर 5 (घरामी 112*, सुमंत 22*, शशिकांत 2-43), आंध्र 295 (भुई 83, मुकेश 5-66, आकाश दीप 4-79) से 96 रन पीछे
सुदीप कुमार घरामी के शानदार शतक की मदद से एक समय 43 रन पर 3 विकेट खोकर संघर्ष कर रही बंगाल की टीम ने जबरदस्त वापसी की। उनकी नाबाद 112 रन की पारी की बदौलत बंगाल ने दूसरे दिन स्टंप्स तक 199 पर 5 विकेट बना लिए हैं। हालांकि, बंगाल अब भी आंध्र के पहली पारी के 295 रन के स्कोर से 96 रन पीछे है।
घरामी पांचवें ओवर में बल्लेबाज़ी करने उतरे, जब कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन 1 रन बनाकर आउट हो गए। कवर पर खड़े शेख़ रशीद ने बाईं ओर डाइव लगाकर उनका एक शानदार कैच लिया। इसके बाद बंगाल ने सुदीप चटर्जी और अनुस्तूप मजूमदार के विकेट गंवाए, लेकिन घरामी ने सूरज सिंधु जायसवाल के साथ चौथे विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी कर बंगाल की पारी को संभाला।
26 वर्षीय घरामी ने अंतिम सत्र में के राजू की शॉर्ट गेंद को डीप बैकवर्ड स्क्वेयर लेग पर चौके के लिए पुल करते हुए अपना सातवां प्रथम श्रेणी शतक पूरा किया। आंध्र ने अंत के ओवरों में घरामी और सुमंत गुप्ता के ख़िलाफ़ शॉर्ट-बॉल की रणनीति जारी रखी, लेकिन दोनों ने 46 रन की नाबाद साझेदारी करते हुए विकेट नहीं गिरने दिए।
इससे पहले दिन में मुकेश कुमार ने 86वें ओवर में दो विकेट लेकर अपना 5-विकेट हॉल पूरा किया। मुकेश ने 66 रन देकर 5 विकेट लिए, जबकि आकाश दीप ने 79 रन देकर 4 विकेट चटकाए। निचले क्रम के बल्लेबाज़ सौरभ कुमार ने 18 रन की तेज़ पारी खेलकर आंध्र के स्कोर को आगे बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन वे आकाश दीप की यॉर्कर पर आख़िरी विकेट के रूप में आउट हो गए।
मुंबई 189 पर 2 (आनंद 53*, मुशीर 49*, गोपाल 1-35) और 120, कर्नाटक 173 (अग्रवाल 92, अवस्थी 4-27, देशपांडे 4-33) से 136 रन आगे
कर्नाटक के सिर्फ़ तीन बल्लेबाज़ ही दहाई के आंकड़े तक पहुंच सके, क्योंकि BKC पिच पर तेज़ गेंदबाज़ों को लगातार मदद मिलती रही। मुंबई ने कर्नाटक को 173 रन पर समेट दिया और इस तरह उन्होंने, मेहमान टीम की पहली पारी की बढ़त को 53 रन तक सीमित कर दिया। कर्नाटक के कप्तान मयंक अग्रवाल ने 92 रन की जुझारू पारी खेली, लेकिन उनकी टीम ने 54 रन के भीतर आख़िरी 8 विकेट गंवा दिए।
मोहित अवस्थी और तुषार देशपांडे ने मुंबई के लिए चार-चार विकेट लिए।
मुंबई की टीम पहले दिन 120 रन पर ऑलआउट हो गई थी, लेकिन दूसरे दिन सुबह शार्दुल ठाकुर ने करुण नायर को आउट कर कर्नाटक की पारी को शुरुआती झटका दिया। इसके बाद अवस्थी और देशपांडे ने मध्य और निचले क्रम को तहस-नहस कर दिया। सबसे अहम विकेट तब गिरा, जब देशपांडे ने अग्रवाल को आठवें बल्लेबाज़ के रूप में आउट किया।
पीछे होने के बावजूद मुंबई के सलामी बल्लेबाज़ यशस्वी जायसवाल और अखिल हेरवाड़कर ने दूसरी पारी की शुरुआत आक्रामक अंदाज़ में की। 11 ओवर के बाद मुंबई बिना विकेट खोए 63 रन पर पहुंच चुका था और दोनों बल्लेबाज़ लगातार बाउंड्री लगा रहे थे। हालांकि, 13वें ओवर में हरवड़कर 33 और 14वें ओवर में जायसवाल 36 रन बनाकर आउट हो गए, जिससे 77 रन की साझेदारी टूट गई।
इसके बाद आकाश आनंद (53*) और मुशीर ख़ान (49*) ने मुंबई की पारी को संभाला। दोनों दूसरे दिन नाबाद लौटे और उनकी 112 रन की साझेदारी की बदौलत मुंबई चुनौतीपूर्ण पिच पर उतार-चढ़ाव भरे मुक़ाबले में कुल मिलाकर 136 रन की बढ़त हासिल करने में सफल रहा।