मैच (10)
IPL (3)
County DIV1 (3)
County DIV2 (4)
ख़बरें

अय्यर, पंत, राहुल सहित 12 खिलाड़ी IPL 2025 नीलामी में होंगे मार्की खिलाड़ी

मार्की खिलाड़‍ियों के अन्‍य नामों में बटलर, अर्शदीप, स्‍टार्क, चहल, लिविंगस्‍टन, मिलर, शमी और सिराज शामिल

Rishabh Pant had a tough day as captain, Kolkata Knight Riders vs Delhi Capitals, IPL 2024, Kolkata, April 29, 2024

पहले सेट में शामिल होंगे ऋषभ पंत  •  AFP/Getty Images

जेद्दाह में 24 और 25 नवंबर को होने वाली IPL 2025 की बड़ी नीलामी में अपनी-अपनी टीमों द्वारा रिलीज़ किए गए कप्‍तान श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत और केएल राहुल 12 मार्की खिलाड़‍ियों में शामिल हैं।
मार्की खिलाड़‍ियों की सूची में सात भारतीय हैं। अय्यर, पंत और अर्शदीप सिंह छह मार्की खिलाड़‍ियों के पहले सेट में शामिल हैं। युज़वेंद्र चहल, मोहम्‍मद शमी और मोहम्‍मद सिराज दूसरे सेट में शामिल हैं। पांच विदेशी खिलाड़‍ियों में IPL नीलामी इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी मिचेल स्‍टार्क, इंग्‍लैंड के सफ़ेद गेंद के कप्‍तान जॉस बटलर, इंग्‍लैंड के ऑलराउंडर लियम लिविंगस्‍टन, साउथ अफ़्रीका के विस्‍फ़ोटक बल्‍लेबाज़ डेविड मिलर और साउथ अफ़्रीका के तेज़ गेंदबाज़ कगिसो रबाडा शामिल हैं।
574 खिलाड़‍ियों की नीलामी सूची में जोफ़्रा आर्चर नहीं हैं, जिन्‍होंने चोट से उबरने के बाद हाल ही में वापसी की है। मुंबई इंडियंस ने 2022 की नीलामी में उनको आठ करोड़ रूपये में ख़रीदा था। तब उनकी कोहनी की सर्जरी हुई थी और उस सीज़न तक उनके ठीक होने की उम्‍मीद नहीं थी। आख़‍िरी में वह दोनों सीज़न मुंबई इंडियंस के लिए नहीं खेले और बाद में उन्‍हें रिलीज़ कर दिया गया।
2018 नीलामी के बाद से यह पहली बार है, जब मार्की खिलाड़‍ियों की सूची को दो भागों में बांटा गया है। 2018 में दो सेट में 16 मार्की खिलाड़ी शामिल थे। 2022 की बड़ी नीलामी में 10 मार्की खिलाड़ी एक ही सेट में थे।
कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) और राजस्‍थान रॉयल्‍स (RR) ने सभी छह खिलाड़‍ियों को रिटेन किया था, जिसके कारण उनके पास नीलामी में राइट-टू-मैच का विकल्‍प नहीं होगा। पंजाब किंग्‍स (PBKS) के पास चार RTM, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के पास तीन, दिल्‍ली कैपिटल्‍स (DC) के पास दो, चेन्‍नई सुपर किंग्‍स (CSK), गुजरात टाइटंस (GT), लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और मुंबई इंडियंस (MI) के पास एक-एक RTM विकल्‍प होगा।
इस बार की बड़ी नीलामी में 574 खिलाड़ियों का भविष्य दांव पर होगा, जिसमें 366 भारतीय जबकि 208 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। तीन खिलाड़ी एसोसिएट टीमों से हैं, जिसमें पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी क्रिकेटर अली ख़ान, पूर्व भारतीय अंडर-19 कप्तान उन्मुक्त चंद और स्कॉटलैंड के ब्रैंडन मक्मलेन का नाम शामिल है। कुल 330 अनकैप्ड खिलाड़ी इस नीलामी का हिस्सा होंगे, जिसमें 318 भारतीय और 12 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं।
10 टीमों में 204 खिलाड़ियों के लिए स्लॉट खाली हैं, जिसमें 70 विदेशी खिलाड़ी जगह बना सकते हैं। बड़ी नीलामी 24 नवंबर को भारतीय समयानुसार दोपहर 3.30 बजे शुरू होगी।