रहाणे, सरफ़राज़ ने रणजी ट्रॉफ़ी के पहले दिन जड़ा शतक
सौराष्ट्र के ख़िलाफ़ अहमदाबाद में इस जोड़ी ने मुंबई को पहले दिन 44-3 से 263-3 तक पहुंचाया
पीटीआई
17-Feb-2022
फ़ाइल फ़ोटो: अजिंक्य रहाणे ने जड़ा अपना 36वां प्रथम श्रेणी शतक • AFP/Getty Images
भारतीय दिग्गज बल्लेबाज़ अजिंक्य रहाणे, जिनका टेस्ट करियर इस समय दांव पर है, उन्होंने सही मौक़े पर और कठिन परिस्थिति में शतक जड़ते हुए भारतीय टेस्ट टीम में अपनी दावेदारी मज़बूत कर दी है।
गुरुवार को शुरू हुए रणजी ट्रॉफ़ी के पहले दिन मुंबई की तरफ़ से खेलते हुए रहाणे ने सौराष्ट्र के ख़िलाफ़ अहमदाबाद में न सिर्फ़ शतक जड़ा बल्कि मुंबई को कठिन हालात से भी बाहर निकाला। पहले दिन का खेल ख़त्म होने तक मुंबई ने 44-3 से 263-3 रन बना लिए हैं।
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए मुंबई को ख़राब शुरुआत से बाहर निकालने में रहाणे के अलावा सरफ़राज़ ख़ान ने भी शतक लगाया। एलीट ग्रुप डी के इस मैच में सरफ़राज़ 219 गेंदों पर 121 रन बनाकर अभी भी क्रीज़ पर मौजूद हैं।
हालांकि सभी की निगाहें रहाणे पर थीं, जो पहले दिन का खेल ख़त्म होने तक 250 गेंदों पर 108 रन बनाकर नाबाद हैं।
रहाणे ने हाल ही में साउथ अफ़्रीका दौरे पर टेस्ट सीरीज़ में निराशाजनक प्रदर्शन किया था, उस दौरे पर उन्होंने छह पारियों में महज़ 136 रन बनाए थे। लेकिन गुरुवार को वह एक अलग अंदाज़ में नज़र आए। 212 गेंदों पर रहाणे ने अपना शतक पूरा किया और इस दौरान उनके बल्ले से 14 चौके और दो छक्के भी आए।
श्रीलंका के ख़िलाफ़ भारत को अपने ही घर में चार मार्च से दो टेस्ट मैचों की सीरीज़ खेलना है, ऐसे में रहाणे का यह शतक उनके आत्मविश्वास को काफ़ी बढ़ाने का काम करेगा। इस पारी के बाद वह एक बार फिर टेस्ट टीम में अपनी दावेदारी पेश कर चुके हैं।
इसी मैच में एक और भारतीय टेस्ट बल्लेबाज़ चेतेश्वर पुजारा भी खेल रहे हैं और वह भी रहाणे की ही तरह काफ़ी दबाव में महसूस कर रहे होंगे। चयनकर्ताओं को आकर्षित करने के लिए उनकी भी नज़र इस मैच में एक बड़ी पारी खेलने पर होगी।
सौराष्ट्र को नई गेंद से जयदेव उनादकट और चेतन साकरिया ने शानदार आग़ाज़ दिलाया था। शुरुआती लम्हों में मुंबई की स्थिति नाज़ुक दिखाई दे रही थी। सलामी बल्लेबाज़ आकर्षित गोमेल (8) और पृथ्वी शॉ (1) 22 रन के स्कोर पर ही पवेलियन लौट चुके थे।
इसके बाद चिराग़ जानी ने नंबर-3 पर आए सचिन यादव को भी पगबाधा आउट करते हुए मुंबई का स्कोर 44-3 कर दिया था।
लेकिन इसके बाद रहाणे और सरफ़राज़ ने सौराष्ट्र को कोई और ख़ुशी का पल नहीं दिया, चौथे विकेट के लिए इन दोनों के बीच अब तक 219 रन की साझेदारी हो चुकी है।
हालांकि इस पारी में रहाणे ने शुरुआत में थोड़ा समय लिया और जब एक बार उनकी नज़रें जम गईं तो फिर उनके बल्ले से रन बेहद आसानी से आने लगे थे।
रहाणे ने धर्मेंद्र सिंह जाडेजा की गेंद पर 93 के व्यक्तिगत स्कोर पर छक्का लगाते हुए 99 रन पर पहुंचे और फिर सिंगल के साथ अपना 36वां प्रथम श्रेणी शतक पूरा किया।
साल 2021 में रहाणे ने 20.82 की औसत से 479 टेस्ट रन बनाए थे, जिसके बाद उन्हें साउथ अफ़्रीका दौरे पर उप-कप्तानी के पद से भी हटा दिया गया था।
अनुवाद ESPNcricinfo हिंदी के मल्टीमीडिया जर्नलिस्ट सैयद हुसैन ने किया है। @imsyedhussain