ख़बरें

हारिस रऊफ़ को फिर से केंद्रीय अनुबंध दिया गया

PCB प्रमुख ने कहा कि पहले एक 'ग़लतफ़हमी' के कारण 'ग़लत फै़सला' लिया गया था

Danyal Rasool
दन्याल रसूल
Mar 24, 2024, 1:17 PM
Haris Rauf shares a laugh after getting Shakib Al Hasan out, Bangladesh vs Pakistan, Men's ODI World Cup, Kolkata, October 31, 2023

हारिस रउफ़ फ़िलहाल चोट से उबर रहे हैं  •  Alex Davidson/Getty Images

हारिस रऊफ़ का केंद्रीय अनुबंध तत्काल प्रभाव से बहाल कर दिया गया है। पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नक़वी ने स्वीकार किया है कि रऊफ़ का केंद्रीय अनुबंध ख़त्म करने का फै़सला ग़लत था। PCB प्रमुख ने कहा कि यह फ़ैसला ग़लतफ़हमी के कारण लिया गया था। साथ ही उन्होंने रऊफ़ को पाकिस्तान का स्टार खिलाड़ी भी कहा।
नक़वी ने लाहौर में आयोजित की गई एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "मुझे हारिस रऊफ़ का पत्र मिला, जिसमें उन्होंने काफ़ी सफ़ाई से अपना पक्ष रखा है। यह एक ग़लतफ़हमी थी और उसी के कारण ग़लत निर्णय लिया गया था। उनका अनुबंध फिर से बहाल कर दिया गया है। वह चोटिल हो गए थे। इसी कारण से मैं उनको लेकर थोड़ा चिंतित भी था। ऐसे में यह साफ़ नहीं था कि उन्हें इलाज की सुविधा कौन देगा। कांट्रेक्ट मिलने के बाद उन्हें बीमा भी मिलेगा। वह हमारे देश के एक स्टार खिलाड़ी हैं और उनकी देखभाल करना महत्वपूर्ण है।"
छह सप्ताह पहले ही रऊफ़ का केंद्रीय अनुबंध ख़त्म कर दिया गया था। पाकिस्तान के ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट दौरे पर रऊफ़ ने हिस्सा नहीं लिया था। उन्होंने ख़ुद को अनुपलब्ध बताया था। इसके बाद तब के चयनकर्ता वहाब रियाज़ ने उनके ख़िलाफ़ अनुशासनात्मक कार्यवाही करते हुए, उनके अनुबंध को समाप्त करने की घोषणा की थी।
तत्कालीन मुख्य चयनकर्ता वहाब रियाज़ ने खु़द को अनुपलब्ध बताने के लिए रऊफ़ की आलोचना करते हुए कहा था कि तेज़ गेंदबाज़ के इस बर्ताव के कारण पाकिस्तान क्रिकेट को नुक़सान हुआ है। पाकिस्तान वह सीरीज़ 3-0 से हार गया था। जिस समय उनका अनुबंध समाप्त किया गया था, पीसीबी ने कहा था कि इस पूरे मामले में रऊफ़ का जवाब असंतोषजनक था।
वह फ़ैसला PSL की शुरुआत से दो दिन पहले लिया गया था। रऊफ़ ने लाहौर कलंदर्स के लिए टूर्नामेंट के चार मैच खेले। हालांकि इसके बाद वह एक कैच लेने के प्रयास में घायल हो गए और बाक़ी के सभी मैचों से बाहर हो गए। वह फ़िलहाल उस चोट से उबर रहे हैं। उनके कंधे पर चोट लगी थी।
इसके अलावा पीसीबी की तरफ़ से एक नए चयन कमिटी की भी घोषणा की गई है। एक अध्यक्ष के तौर पर वहाब का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। नए चयन पैनल में अब कोई भी अध्यक्ष नहीं होगा और इसमें कुल सात सदस्य होंगे। वहाब के साथ इस पैनल में अब्दुल रज़्ज़ाक़, असद शफीक़, और मोहम्मद युसुफ़ भी हैं। इसके अलावा इस कमिटी में राष्ट्रीय टीम के कप्तान, कोच और हसन चीमा होंगे।

दन्याल रसूल ESPNcricinfo के पाकिस्तानी संवाददाता हैं। @Danny61000