मैच (15)
ZIM vs NZ (1)
County DIV1 (5)
County DIV2 (4)
Women's One-Day Cup (4)
WCL (1)
फ़ीचर्स

आंकड़े: बवूमा और साउथ अफ़्रीका के खिलाड़ियों का बेहतरीन रिकॉर्ड

2023-25 चक्र में बवूमा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, साथ ही उनकी टीम के तेज़ गेंदबाज़ अव्वल रहे

Temba Bavuma leads South Africa's celebrations, Australia vs South Africa, World Test Championship final, fourth day, Lord's, June 14, 2025

साउथ अफ़्रीका और उनकी टीम से जुड़े कुछ अहम कीर्तिमान  •  ICC/Getty Images

बेहतरीन घरेलू रिकॉर्ड

साउथ अफ़्रीका का 2023-25 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) चक्र में घरेलू मैदान पर प्रदर्शन लगभग बेदाग़ रहा। उन्होंने तीन घरेलू सीरीज़ में कुल छह टेस्ट मैच खेले, जिनमें से पांच जीते। उनकी एकमात्र हार केपटाउन में भारत के ख़िलाफ़ आई, जहां वे सात विकेट से हार गए। यह अब तक का सबसे छोटा टेस्ट मैच रहा, जो दो दिन के अंदर समाप्त हो गया था।
लेकिन उन्होंने श्रीलंका और पाकिस्तान दोनों को क्लीन स्वीप किया। इस चक्र में उनका जीत-हार अनुपात 5.0 रहा, जो किसी भी टीम का घरेलू मैदान पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। ऑस्ट्रेलिया का 3.5 (दस घरेलू टेस्ट में सात जीत) के साथ दूसरा स्थान रहा।
घरेलू मैदान के बाहर साउथ अफ़्रीका ने तीन में से दो सीरीज़ जीतीं, जिसमें बांग्लादेश को हराकर उन्होंने एक दशक बाद एशिया में पहली टेस्ट सीरीज़ अपने नाम की। विदेश में उनका जीत-हार अनुपात 1.50 रहा, जो इस चक्र में ऑस्ट्रेलिया के 3.0 के बाद दूसरा सर्वश्रेष्ठ रहा।

आठ मैचों की विजयी अभियान

साउथ अफ़्रीका ने जब 2024 में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ 2-0 से सीरीज़ गंवाई, तब वह एक कमज़ोर टेस्ट टीम के साथ खेल रही थी। इसके बाद उन्होंने अपने अभियान के मध्य में वेस्टइंडीज़ को 1-0 से उनके घर में हराया। उस समय उनके सामने तीन सीरीज़ और छह टेस्ट बाक़ी थे, और वो अंक तालिका में सातवें स्थान पर थे। फ़ाइनल में पहुंचने के लिए उन्हें ये सभी छह टेस्ट जीतने थे -- और उन्होंने वही किया।
साउथ अफ़्रीका की लगातार आठ टेस्ट मैचों की जीत अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की शुरुआत (2019) के बाद किसी भी टीम की सबसे लंबी जीत की फ़ेहरिस्त है। इससे पहले यह रिकॉर्ड सात मैचों का था ल। भारत ने 2019 में अपने अभियान की शुरुआत लगातार सात जीतों से की थी, और न्यूज़ीलैंड ने उसी चक्र के फ़ाइनल में जीत के साथ भारत की बराबरी की थी।
अगर इस लय की शुरुआत से ठीक पहले वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ पोर्ट ऑफ़ स्पेन में हुआ ड्रॉ भी शामिल करें, तो साउथ अफ़्रीका ने WTC में कुल नौ टेस्ट तक अजेय रहने का रिकॉर्ड भी बना लिया है - जो कि अब तक का संयुक्त रूप से सबसे लंबा अजेय क्रम है।
ऑस्ट्रेलिया भी एक बार इतने ही मैचों तक अजेय रहा था। 2021 के आख़िरी महीनों से लेकर जून 2022 तक उन्होंने ऐसा किया था। उस दौरान उन्होंने छह टेस्ट जीते और तीन ड्रॉ खेले, जिसमें घरेलू मैदान पर 4-0 की ऐशेज़ जीत भी शामिल थी।

कप्तान बवूमा

टेम्बा बवूमा को 2023-25 WTC चक्र की शुरुआत से पहले टेस्ट कप्तान नियुक्त किया गया, और यह भूमिका उनके लिए बेहद मुफ़ीद साबित हुई। कप्तान के तौर पर अपने पहले दस टेस्ट में उन्होंने नौ जीत दर्ज कीं - जो इंग्लैंड के पर्सी चैपमैन के रिकॉर्ड की बराबरी है।
बल्लेबाज़ के तौर पर भी बवूमा ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने इस चक्र में 13 पारियों में 59.30 की औसत से 711 रन बनाए - जो कम से कम पांच पारियां खेलने वाले 153 बल्लेबाज़ों में दूसरा सर्वश्रेष्ठ औसत रहा। अपने आख़िरी पांच टेस्ट में उन्होंने छह बार 50 से ज़्यादा रन बनाए। साउथ अफ़्रीका की ओर से अगला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन एडन मारक्रम का रहा, जिन्होंने तीन बार ऐसा किया।
बवूमा ने पूरे चक्र में महत्वपूर्ण साझेदारियां भी कीं, जिनमें फ़ाइनल की साझेदारी भी शामिल हैं। बवूमा की साझेदारियों का औसत 60.35 रहा। कम से कम दस साझेदारियों में शामिल किसी भी बल्लेबाज़ के लिए यह सबसे ज़्यादा है।

साउथ अफ़्रीका के तेज़ गेंदबाज़ों का जलवा

साउथ अफ़्रीका के फ़ास्ट बॉलर्स का गेंदबाज़ी औसत 23.75 और स्ट्राइक रेट 41.9 रहा - जो इस WTC चक्र में किसी भी टीम के लिए सबसे बेहतर है। भारत के तेज़ गेंदबाज़ों का औसत 24.65 और स्ट्राइक रेट 42.4 रहा। दोनों मामलों में वे दूसरे स्थान पर रहे।
कगिसो रबाडा साउथ अफ़्रीका की गेंदबाज़ी के अगुआ रहे। उन्होंने 11 टेस्ट में 18.73 की औसत से 56 विकेट लिए। यह औसत इस चक्र में 15 से ज़्यादा विकेट लेने वाले 34 तेज़ गेंदबाज़ों में तीसरा सर्वश्रेष्ठ है। उनसे आगे जसप्रीत बुमराह (15.09) और मैट हेनरी (18.58) रहे।

मैच विनर्स से भरी टीम

साउथ अफ़्रीका की नौ जीतों में पंद्रह अलग-अलग खिलाड़ियों ने या तो शतक लगाया या चार विकेट लिए - जो किसी भी टीम में सबसे ज़्यादा है। इन 15 में से नौ खिलाड़ी फाइनल में खेले और चार बेंच पर थे। रबाडा ने पांच बार चार या उससे अधिक विकेट लिए। विकेटकीपर काइल वेरेन ने, जिन्होंने फाइनल में विजयी रन मारे, तीन शतक लगाए। टीम के नौ अलग-अलग खिलाड़ियों को प्लेयर ऑफ़ द मैच अवॉर्ड मिला। यह भी किसी भी टीम में सबसे ज़्यादा है।