ICC वनडे बल्लेबाज़ी रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंचे विराट कोहली
वनडे बल्लेबाज़ी रैंकिंग में अब शीर्ष दो में दोनों भारतीय बल्लेबाज़ हैं, रोहित शर्मा पहले स्थान पर बरक़रार हैं
ESPNcricinfo स्टाफ़
Dec 10, 2025, 9:21 AM
Virat Kohli अब सिर्फ़ रोहित शर्मा से पीछे हैं • BCCI
साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ तीन मैचों की वनडे सीरीज़ में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय बल्लेबाज़ विराट कोहली ICC वनडे बल्लेबाज़ी रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। कोहली ने साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ दो शतक और एक अर्धशतक के साथ 302 रन बनाए थे और उन्हें प्लेयर ऑफ़ द सीरीज़ भी चुना गया था।
इस प्रदर्शन के फलस्वरूप कोहली की रैंकिंग में दो स्थान का सुधार हुआ और वह रैंकिंग में अब सिर्फ़ रोहित शर्मा से पीछे हैं। रोहित ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एक शतक और एक अर्धशतक लगाने के बाद पहली बार वनडे बल्लेबाज़ी रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचे थे और वह अभी भी शीर्ष स्थान पर बरक़रार हैं। रोहित ने साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ तीन मैचों की सीरीज़ में कुल 146 रन बनाए।
कोहली ने अप्रैल 2021 में वनडे बल्लेबाज़ी रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान गंवा दिया था और तब बाबर आज़म उन्हें पछाड़ते हुए शीर्ष पर पहुंचे थे। इसके बाद कोहली दोबारा शीर्ष स्थान हासिल नहीं कर पाए। इस समय शीर्ष 10 बल्लेबाज़ी रैंकिंग में रोहित और कोहली के अलावा शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर भी मौजूद हैं। गिल पांचवें स्थान पर जबकि अय्यर 10वें स्थान पर हैं।
के एल राहुल की भी रैंकिंग में दो स्थान का सुधार हुआ है और वह अब 12वें स्थान पर पहुंच गए हैं जबकि कुलदीप यादव वनडे गेंदबाज़ी रैंकिंग में तीन स्थान के सुधार के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
पूर्ण रैंकिंग तालिका
और पूर्ण खिलाड़ी रैंकिंग यहां देखें।
साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ पहले पहले T20I के बाद अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह की गेंदबाज़ी रैंकिंग में भी सुधार हुआ है। अक्षर दो स्थान के सुधार 13वें, अर्शदीप तीन स्थान के सुधार के साथ 20वें और बुमराह छह स्थान के सुधार के साथ 25वें स्थान पर पहुंचे हैं। वहीं डेवाल्ड ब्रेविस तीन स्थान के सुधार के साथ T20I बल्लेबाज़ी रैंकिंग में आठवें स्थान पर पहुंचे हैं।
ऐशेज़ में लगातार दो टेस्ट मैच में प्लेयर ऑफ़ द मैच रहे मिचेल स्टार्क तीन स्थान के सुधार के साथ टेस्ट गेंदबाज़ी रैंकिंग में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं जो कि अब तक के उनके टेस्ट करियर में उनकी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। स्टार्क ने ऐशेज़ के पहले दो टेस्ट में कुल 18 विकेट अपने नाम किए।
