WTC विजेता को मिलेगी 36 लाख अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि
विजेता को इस बार मिलने वाली पुरस्कार राशि पिछले दोनों संस्करणों की तुलना में दोगुनी से भी ज़्यादा है
ESPNcricinfo स्टाफ़
15-May-2025 • 7 hrs ago
11 जून से दो कप्तान Pat Cummins और Temba Bavuma WTC फ़ाइनल में आमने-सामने होंगे • Cricket Australia via Getty Images
11 जून से ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ़्रीका के बीच लॉर्ड्स में शुरू होने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियंशिप (WTC) फ़ाइनल के विजेता को पुरस्कार राशि के तौर पर 36 लाख अमेरिकी डॉलर (30.77 करोड़) मिलेंगे जो कि पिछले दोनों संस्करणों में विजेताओं को मिली पुरस्कार राशि की तुलना में दोगुनी से भी अधिक है। वहीं उपविजेता को 21 लाख अमेरिकी डॉलर (17.95 करोड़) से अधिक मिलेंगे, जबकि पिछले दोनों संस्करणों में उपविजेता को 8 लाख अमेरिकी डॉलर (6.83 करोड़) मिले थे।
पिछले दो संस्करणों के विजेता न्यूज़ीलैंड और ऑस्ट्रेलिया को 16 लाख अमेरिकी डॉलर (13.67 करोड़) पुरस्कार राशि के तौर पर मिले थे।
ICC ने अपनी एक विज्ञप्ति में बताया कि पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की वजह नौ टीमों वाली इस प्रतिस्पर्धा के पहले तीनों संस्करणों में बने मोमेंटम को आगे बढ़ाने और टेस्ट क्रिकेट को प्राथमिकता दिया जाना है।
तालिका में तीसरे स्थान पर रहने वाले भारत को 14 लाख अमेरिकी डॉलर (11.96 करोड़) की धनराशि मिलेगी जबकि चौथे स्थान पर रहने वाले न्यूज़ीलैंड को 12 लाख अमेरिकी डॉलर (10.25 करोड़) मिलेंगे। यहां तक कि क्रमश: पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाली टीमों - इंग्लैंड (9 लाख 60 हज़ार अमेरिकी डॉलर (8.20 करोड़)) और श्रीलंका (8 लाख 49 हज़ार अमेरिकी डॉलर (7.25 करोड़) को मिलने वाली पुरस्कार राशि पिछले दो संस्करणों में उपविजेताओं को दी गई पुरस्कार राशि से अधिक है।
ESPNcricinfo Ltd
2023-25 के चक्र में तालिका में शीर्ष स्थान पर रहने वाली साउथ अफ़्रीका पाकिस्तान के ख़िलाफ़ नाटकीय अंदाज़ में दो विकेट से जीत हासिल कर फ़ाइनल में प्रवेश करने वाली पहली टीम बन गई। वहीं गतविजेता ऑस्ट्रेलिया ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफ़ी में भारत को 3-1 से हराने के बाद दूसरा स्थान हासिल किया।
फ़ाइनल के दोनों टीमों ने अपने दल की घोषणा कर दी है। साउथ अफ़्रीका की नज़र एक महीने के प्रतिबंध के बाद लौट रहे कगिसो रबाडा पर होगी जबकि कैमरन ग्रीन पिछले साल रीढ़ की हड्डी की सर्जरी के बाद ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट दल में वापसी कर रहे हैं।