ख़बरें

हरमनप्रीत: पिच बल्लेबाज़ी के लिए आसान नहीं थी

इस जीत को भारतीय कप्तान ने बहुत अहम करार दिया

Deepti Sharma picked up 3 for 45 to derail Pakistan's chase, India vs Pakistan, Women's ODI World Cup, Colombo, October 5, 2025

दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट लिए  •  Getty Images

हरमनप्रीत कौर, भारतीय टीम के 2025 महिला विश्व कप में लगातार दूसरी जीत दर्ज से "बहुत ख़ुश" हैं। हालांकि रविवार को पाकिस्तान पर मिली 88 रनों की जीत को उन्होंने "बहुत अहम" करार दिया, जो कुछ मुश्किल पलों के साथ आया।
श्रीलंका के ख़िलाफ़ पहले मैच की तरह ही भारत की निचली क्रम की बल्लेबाज़ी ने टीम को बचाया और ऐसा स्कोर खड़ा किया, जिसे चुनौतीपूर्ण कहा जा सके। बल्लेबाज़ी के दौरान भारत लय पाने के लिए संघर्ष करता रहा। एक समय भारत का स्कोर 203 रन पर 7 विकेट था और टीम ऑलआउट होने की कगार पर थी, लेकिन ऋचा घोष के नाबाद 35 रन (20 गेंद) ने स्कोर को 247 तक पहुंचा दिया।
हरमनप्रीत ने कहा, "सच कहूं तो बल्लेबाज़ी करने के लिए पिच आसान नहीं थी। हम बस लंबे समय तक खेलना चाहते थे और देखना चाहते थे कि कितने रन बन सकते हैं। जब हमने यहां मई में त्रिकोणीय सीरीज़ खेली थी, तब पिचें अलग थीं। लेकिन पिछले दो दिनों की बारिश के कारण पिच थोड़ा रुक रही थी। मुख्य बात यह थी कि अंत तक विकेट बचाकर रखें, ताकि योजनाओं को लागू किया जा सकें।"
यही काम घोष ने किया और टीम को आख़िरी ओवरों में गति दी। दूसरी अहम खिलाड़ी तेज़ गेंदबाज़ क्रांति गौड़ रहीं, जिन्होंने शुरुआती विकेट लिए। फिर बाक़ी का बचा काम दीप्ति शर्मा और स्नेह राणा ने किया।
22 साल की गौड़ को उनकी तीन विकटों के लिए प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया। उन्होंने शुरुआती 10 ओवरों में ही दो विकेट लेकर पाकिस्तान को पीछे धकेल दिया।
गौड़ के लिए यह वही जगह थी, जहां से उनकी शुरुआत हुई थी। इसी साल मई में उन्होंने यहां पर वनडे डेब्यू किया था।
गौड़ ने बहुत तेज़ी से गेंदबाज़ी की, नई गेंद को इधर-उधर घुमाया और पिच से मिलने वाली उछाल से बल्लेबाज़ों को परेशान किया। "क्रांति ने बहुत अच्छी गेंदबाज़ी की," हरमनप्रीत ने माना। "रेणुका [सिंह] भी दूसरे छोर से मदद कर रही थीं, जिससे हमें शुरुआती विकेट मिले।"
भारत ने हालांकि फ़ील्डिंग में निराश किया। उन्होंने चार कैच छोड़े, जिनमें से तीन पाकिस्तान की शीर्ष स्कोरर सिदरा अमीन के थे। उनकी ग्राउंड फ़ील्डिंग भी कमज़ोर दिखी, जो अब धीरे-धीरे चिंता का विषय बन रही है।
"हमने फ़ील्डिंग में निराश किया। हमें इतने मौक़े मिले, लेकिन हमनें छोड़ दिए। लेकिन आख़िर में जब आप जीतते हो तो ख़ुशी होती है।"
अब भारत अपने अगले दो मैच साउथ अफ़्रीका (9 अक्टूबर) और ऑस्ट्रेलिया (12 अक्टूबर) के ख़िलाफ़ विशाखापट्टनम में खेलेगा। फ़िलहाल, हरमनप्रीत चाहती हैं कि टीम इस जीत के एहसास को जिये।
उन्होंने कहा, "सुधार करने के लिए बहुत से क्षेत्र हैं लेकिन अभी मैं ख़ुश हूं कि हम ये मैच जीते। हम बस उसी गति से आगे बढ़ना चाहते हैं। अब हम भारत लौटेंगे, जहां हमें पता है कि पिचें कैसी होंगी। देखते हैं कि हम कौन सा सबसे अच्छा कॉम्बिनेशन बना सकते हैं और कैसे रोज़ थोड़ा-थोड़ा बेहतर हो सकते हैं।"

शशांक किशोर ESPNcricinfo में वरिष्ठ संवाददाता हैं