मैच (13)
IPL (3)
त्रिकोणीय वनडे सीरीज़, श्रीलंका (1)
विश्व कप लीग 2 (1)
HKG T20 (1)
County DIV1 (3)
County DIV2 (4)
फ़ीचर्स

किसी एक मैदान पर 1000 IPL रन पूरे करने वाले पांच बल्लेबाज़

इस सूची में नया नाम शुभमन गिल का है, जिन्होंने MI के ख़िलाफ़ मैच के दौरान अहमदाबाद में 1000 रन पूरे किए

गुजरात टाइटंस (GT) के कप्तान शुभमन गिल एक मैदान पर 1000 IPL रन बनाने वाले दूसरे सबसे तेज़ बल्लेबाज़ बन गए हैं। उन्होंने मुंबई इंडियंस (MI) के ख़िलाफ़ मैच के दौरान यह कारनामा किया और उन्हें अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 1000 IPL रन पूरे करने में सिर्फ़ 20 पारियां लगीं। आइए जानते हैं ऐसे पांच बल्लेबाज़ों के बारे में जिन्होंने किसी विशेष मैदान पर 1000 IPL रन पूरे किए हैं।

क्रिस गेल, चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरू - 19 पारियां

इस सूची में क्रिस गेल सबसे ऊपर हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) की तरफ़ से खेलते हुए उन्होंने बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में सिर्फ़ 19 पारियों में 1000 रन पूरे किए। कुल मिलाकर उन्होंने इस मैदान पर 41 की औसत और 160 के स्ट्राइक रेट से 1561 रन बनाए हैं।
गेल ने बेंगलुरू में तीन शतक भी लगाया है, जिसमें पुणे वॉरियर्स के ख़िलाफ़ 2013 में खेली गई नाबाद 175 रनों की पारी भी शामिल है, जो कि पुरूषों के T20 में एक पारी का सर्वश्रेष्ठ निजी स्कोर है।

शुभमन गिल, नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद - 20 पारियां

2022 में जब GT एक नई टीम के रूप में आई थी, तो GT ने शुभमन गिल को चार खिलाडियों में से एक के रूप में चुना था। जल्द ही गिल इस टीम की बल्लेबाज़ी क्रम का सबसे प्रमुख चेहरा बन गए। वह इस मैदान पर 60 की औसत और 160 के स्ट्राइक रेट से रन बनाते हैं।
2023 में तो गिल इस मैदान पर जैसे अलग ही रूप में थे और उन्होंने तब दो शतकों की मदद से कुल 572 रन बनाए थे, जिसमें क्वालिफ़ायर-2 में MI के ख़िलाफ़ करियर की सर्वश्रेष्ठ 129 रनों की पारी भी शामिल थी।

डेविड वॉर्नर, राजीव गांधी स्टेडियम, हैदराबाद - 22 पारियां

डेविड वॉर्नर ने सनराइज़र्स हैदराबाद (SRH) के लिए खेलते हुए हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में 22 पारियों में 1000 रन पूरे किए। उनके लिए यह मैदान घर से बाहर एक घर के जैसे था। हालांकि जब वह दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के लिए खेलते थे, तब उन्होंने इस मैदान पर डेक्कन चार्जर्स के ख़िलाफ़ 2012 में नाबाद 109 रनों की पारी खेली थी।
वॉर्नर ने हैदराबाद में 65 की औसत और 160 के स्ट्राइक रेट से 1623 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक भी शामिल हैं। उन्होंने 2017 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के ख़िलाफ़ मैच में 59 गेंदों में 126 रनों की पारी खेल कर यहां पर अपने 1000 रन पूरे किए थे।

शॉन मार्श, आईएस बिंद्रा क्रिकेट स्टेडियम, मोहाली - 26 पारियां

IPL के पहले ऑरेंज कैप विजेता शॉन मार्श के नाम मोहाली के स्टेडियम में 130 के स्ट्राइक रेट और 44 की औसत से 1064 रन दर्ज है। IPL 2008 में उन्होंने अपने 616 में से 289 रन इसी मैदान पर बनाए थे।
हालांकि मार्श के ये रन वॉर्नर और गिल की तरह ओपनर के रूप में नहीं बल्कि नंबर तीन बल्लेबाज़ के रूप में बनाए थे। उन्होंने 2017 में गुजरात लायंस के ख़िलाफ़ मैच में 43 गेंदों पर 58 रनों की पारी खेल इस मैदान पर 1000 रन पूरे किए।

सूर्यकुमार यादव, वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई - 31 पारियां

सूर्यकुमार यादव को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ T20 बल्लेबाज़ों में शामिल किया जाता है और KKR से MI में आने के बाद तो जैसे उनकी क़िस्मत ही पलट गई।
उनके नाम मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 162 के स्ट्राइक रेट से 1083 रन दर्ज हैं, जिसमें से 1034 रन MI की तरफ़ से आए हैं। उन्होंने 2024 में SRH के ख़िलाफ़ मैच में नाबाद 102 रनों की पारी खेल इस मैदान पर 1000 IPL रन पूरे किए थे।