आंकड़े : विलियमसन और निकल्स ने दोहरे शतक ठोक बनाए कई बड़े रिकार्ड्स
यह दोनों के बीच दूसरी 300 रन की साझेदारी है
संपत बंडारूपल्ली
18-Mar-2023
हेनरी निकल्स और केन विलियमसन ने तीसरे विकेट के लिए 363 रन की साझेदारी की • Getty Images
1 - केन विलिमसन और हेनरी निकल्स की जोड़ी न्यूज़ीलैंड के लिए ऐसी पहली जोड़ी बन गई है, जिनके नाम एक ही पारी में व्यक्तिगत दोहरे शतक हैं। हालांकि ऐसा करने वाली वह विश्व की 18वीं जोड़ी है। यह न्यूज़ीलैंड के प्रथम श्रेणी क्रिकेट में भी पहला मौक़ा है, जब एक ही पारी में दो बल्लेबाज़ों ने दोहरे शतक लगाए हों।
363 - विलियमसन और निकल्स ने 363 रन जोड़े, जो किसी भी विकेट के लिए न्यूज़ीलैंड की तरफ़ से पांचवीं सबसे बड़ी साझेदारी है। इन पांच में से तीन साझेदारियां श्रीलंका के ख़िलाफ़ आई हैं। इसी तरह से श्रीलंका के ख़िलाफ़ पांच सर्वश्रेष्ठ साझेदारियों में से तीन न्यूज़ीलैंड के नाम है।
8124 - टेस्ट क्रिकेट में विलियमसन के नाम 8124 रन हैं। वह 8000 रन पूरा करने वाले न्यूज़ीलैंड के पहले बल्लेबाज़ हैं। 8000 टेस्ट रन बनाने वाले 35 बल्लेबाज़ों में उनका औसत (54.89) पांचवां सर्वश्रेष्ठ है।
41 - अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में विलियमसन के नाम 41 शतक है, जो न्यूज़ीलैंड के लिए सर्वाधिक है। विलियमसन ने इस मैच में रॉस टेलर के 40 शतकों के रिकॉर्ड को पार किया।
5 - विलियमसन के नाम घरेलू ज़मीन पर अब पांच दोहरे शतक हो गए हैं। सिर्फ़ डॉन ब्रैडमेन (7), विराट कोहली (6) और कुमार संगाकारा
(6) के नाम उनसे अधिक घरेलू टेस्ट शतक हैं, जबकि रिकी पोंटिंग के नाम ऑस्ट्रेलिया में पांच दोहरे शतक दर्ज हैं।
9 - बेसिन रिज़र्व के मैदान पर 15 में से 9 दोहरे शतक 2014 के बाद बने हैं। इस समयावधि के दौरान अन्य मैदानों पर चार से अधिक दोहरे शतक नहीं लगे हैं। वेलिंगटन के मैदान पर लगा 15 दोहरा शतक किसी भी टेस्ट वेन्यू पर संयुक्त रूप से चौथा सर्वाधिक है।
संपत बंडारूपल्ली ESPNcricinfo में स्टैटिशियन हैं। अनुवाद ESPNcricinfo हिंदी में सब एडिटर दया सागर ने किया है।