द हंड्रेड में LSG फ्रेंचाइज़ी बनी मैनचेस्टर ओरिजिनल्स की हिस्सेदार
लंकाशायर ने ECB की हंड्रेड इक्विटी बिक्री के नवीनतम चरण में RPSG ग्रुप के साथ साझेदारी की
मैट रोलर और नागराज गोलापुड़ी
03-Feb-2025
LSG फ़्रेचाइजी अब मेनचेस्टर ऑरिजिनल्स की भी साझेदार होगी • Sportzpics
लंकाशायर ने अपने इच्छित IPL साझेदार को मैनचेस्टर ओरिजिनल्स को संयुक्त तौर पर संचालित करने के लिए RPSG ग्रुप को चयनित किया है। संजीव गोयनका के RPSG ग्रुप ने सोमवार को हंड्रेड फ्रेंचाइज़ी में हिस्सेदारी के लिए सबसे ऊंची बोली लगाई।
लखनऊ सुपर जाएंट्स के मालिक RPSG ग्रुप ने शुक्रवार को लंदन स्पिरिट में हिस्सेदारी हासिल करने के लिए तीन घंटे चली नीलामी में भाग लिया था, लेकिन यह बोली वे हार गए। इस नीलामी को सिलिकॉन वैली के एक टेक कंसोर्टियम ने जीता। हालांकि अब RPSG ग्रुप ने मैनचेस्टर स्थित हंड्रेड फ्रेंचाइज़ी में हिस्सेदारी हासिल कर ली है, जिसका कुल मूल्यांकन लगभग £116 मिलियन आंका गया है।
दोनों पक्ष अब आठ सप्ताह की विशिष्ट अवधि में प्रवेश करेंगे, जिसके दौरान वे सौदे की सटीक शर्तों पर चर्चा करेंगे। लंकाशायर पहले ही संकेत दे चुके हैं कि वे मैनचेस्टर ओरिजिनल्स में अपनी 51% हिस्सेदारी का कुछ हिस्सा बेचने पर विचार कर सकते हैं, बशर्ते क़ीमत इतनी अधिक हो कि उन्हें अपने बैंक ऋण का एक बड़ा हिस्सा चुकाने में मदद मिले।
लंकाशायर ने सोमवार दोपहर एक बयान जारी कर इस ख़बर की पुष्टि की। क्लब ने कहा, "हम एक बेहतरीन साझेदार खोजने पर ध्यान केंद्रित रहे थे। RPSG ग्रुप कुछ समय से हमारी पसंदीदा बोलीदाता रहा है।"
उन्होंने अपने बयान में कहा, "हम इस नतीजे से बेहद खु़श हैं और एकसाथ मिलकर एक बेहतरीन भविष्य बनाने के लिए उत्साहित हैं। हमारा साझा लक्ष्य मैनचेस्टर और नॉर्थ वेस्ट क्षेत्र के लोगों के लिए एक ख़ास क्रिकेट टीम तैयार करना है।"
ESPNcricinfo ने सबसे पहले पिछले अगस्त में खुलासा किया था कि RPSG ग्रुप के अधिकारियों ने एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड का दौरा किया था। उस समय लंकाशायर के मुख्य कार्यकारी डेनियल गिडनी ने एक साक्षात्कार में स्पष्ट किया था कि वे किसी IPL फ्रेंचाइज़ी के साथ साझेदारी करना चाहते हैं। लंकाशायर की शुरुआती शॉर्टलिस्ट में मुंबई इंडियंस के मालिक रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) भी शामिल थे, लेकिन उन्होंने पिछले हफ़्ते ओवल इनविंसिबल्स में हिस्सेदारी हासिल करने के बाद ओरिजिनल्स की बोली से खु़द को अलग कर लिया।
गोयनका RPSG ग्रुप के अध्यक्ष और संस्थापक हैं। उन्होंने 2021 में लखनऊ IPL फ्रेंचाइज़ी खरीदने के लिए 7090 करोड़ का भुगतान किया था। अगले वर्ष उन्होंने SA20 में डरबन फ्रेंचाइज़ी ख़रीदी और इससे पहले राइजिंग पुणे सुपरजायंट के मालिक भी रहे। RPSG ग्रुप ने 2016 और 2017 के IPL सीज़न में भाग लिया था, जब चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स निलंबित थे।
लंकाशायर अगले बुधवार को एक मेम्बर्स फोरम आयोजित करेगा। क्लब ने कहा, "एजेंडा के प्रमुख बिंदुओं में RPSG ग्रुप के साथ हमारी साझेदारी, लंकाशायर क्रिकेट के लिए अनुमानित वित्तीय प्रभाव और उत्पन्न धन के संभावित उपयोग से जुड़ी जानकारी शामिल होगी।"
उन्होंने आगे कहा, "यह निवेश अंतिम ड्यू डिलिजेंस और कानूनी प्रक्रियाओं की संतोषजनक रूप से पूर्णता पर निर्भर है, और इस पर आगे की घोषणा उचित समय पर की जाएगी।"