मैच (10)
द हंड्रेड (पुरूष) (2)
द हंड्रेड (महिला) (2)
विश्व कप लीग 2 (1)
CPL (1)
One-Day Cup (2)
Duleep Trophy (2)
फ़ीचर्स

बांग्लादेश सीरीज़ के लिए भारतीय महिला टीम में शामिल चार नए चेहरे कौन हैं?

चयनकर्ताओं ने चार नए खिलाड़ियों को शामिल किया है- मिन्नू मणि, उमा छेत्री, राशि कन्नौजिया और अनुषा बारेड्डी

Harmanpreet Kaur and Co look at the big screen, Australia vs India, Women's T20 World Cup, semi-final, Cape Town, February 23, 2023

बांग्लादेश के ख़िलाफ़ दौरे के लिए एक युवा टीम का चयन हुआ है  •  ICC/Getty Images

2 जुलाई को बांग्लादेश दौरे के लिए भारतीय महिला वनडे और टी20 टीमों की घोषणा की गई। दोनों टीमें 9 से 22 जुलाई के बीच तीन टी20 और उसके बाद तीन वनडे मैच खेलेंगी। जहां ऋचा घोष, राधा यादव, राजेश्वरी गायकवाड़ और रेणुका सिंह ठाकुर को जगह नहीं मिली, वहीं अनुभवी खिलाड़ी शिखा पांडे को फिर से मौका नही दिया गया। चयनकर्ताओं ने भारतीय टीम में चार नए खिलाड़ियों को शामिल किया है, जिनके नाम हैं - मिन्नू मणि, उमा छेत्री, राशि कन्नौजिया और अनुषा बारेड्डी।
मिन्नू मणि: 24 वर्षीय केरल की मिन्नू बाएं हाथ की बल्लेबाज और दाएं हाथ की ऑफ़ स्पिनर है। उन्होंने 10 साल की उम्र में अपने पड़ोस के लड़कों के साथ क्रिकेट खेलना शुरू किया और 16 साल की उम्र में केरल राज्य की टीम में जगह बना ली। वह अभ्यास करने के लिए प्रतिदिन 84 किलोमीटर की यात्रा करती थीं। वह हमेशा से केरल टीम कि एक महत्वपूर्ण कड़ी रही हैं।
उनके लिए 2023 अब तक एक विशेष वर्ष रहा है। इस साल की शुरुआत में इस ऑलराउंडर ने सीनियर महिला वन डे ट्रॉफ़ी में शानदार प्रदर्शन किया और 41 की औसत से 246 रन बनाने के साथ-साथ 16.75 की औसत और 3.79 की इकॉनमी से 12 विकेट भी लिए। घरेलू क्रिकेट में उनके अच्छे प्रदर्शन की वजह से वह डबल्यूपूएल के उद्घाटन सत्र में चुने जाने वाली राज्य की पहली खिलाड़ी बनीं। इतना ही नहीं अब वह भारतीय टीम में जगह पाने वाली केरल की पहली महिला खिलाड़ी हैं। इसके अलावा उन्होंने 2019 इमर्जिंग टीम एशिया कप में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
अनुषा बारेड्डी: बारेड्डी आंध्रा की 20 वर्षीय क्रिकेटर हैं। वह एक बाएं हाथ की बल्लेबाज और बाएं हाथ की स्पिनर हैं। 2014 से वह अनंतपुर आरडीटी अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं। पिछले घरेलू सीजन में उन्होंने आठ टी20 में 4.33 की इकॉनमी से छह विकेट और छह लिस्ट ए मैचों में 2.59 की इकॉनमी से 12 विकेट लिए, जिसमे एक पांच विकेट हॉल भी शामिल था। वह सीनियर महिलाओं की एक दिवसीय ट्रॉफी में अपने राज्य के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली खिलाडी थीं। हाल ही वह हॉन्ग कॉन्ग में आयोजित इमर्जिंग महिला टी 20 एशिया कप में इंडिया ए की भी सदस्या थीं।
राशि कन्नौजिया: राशि उत्तर प्रदेश की 25 वर्षीय क्रिकेटर हैं। वह एक बाएं हाथ की स्पिनर हैं। आर्म बॉल उनका सबसे शक्तिशाली हथियार है। हालांकि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के रूप में की थी, लेकिन उन्होंने आगरा में मान्या क्रिकेट अकादमी में शामिल होने के बाद बाएं हाथ की स्पिन की ओर रुख किया। वह मनोज कुशवाहा के तहत प्रशिक्षण लेती हैं, जिन्होंने पहले ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम को दीप्ति शर्मा और पूनम यादव जैसे सितारे दिए हैं। पिछले साल राशि का घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन बढ़िया रहा था। सीनियर महिला इंटर ज़ोनल टी 20 ट्रॉफ़ी 2022-23 में सेंट्रल ज़ोन के लिए खेलते हुए राशि 10 विकेट के साथ संयुक्त सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली खिलाड़ी थी।
उमा छेत्री: उमा असम के गोलाघाट जिले की एक 20 वर्षीय क्रिकेटर हैं, जिन्होंने असम से भारतीय टीम में जगह बनाकर इतिहास रचा है। उन्होंने बहुत कम उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। उनकी मा ने उनको तीन साल कि उम्र में अपनी पहली बैट दिलाई थी। 2011 के आसपास वह गोलाघाट डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन के ट्रेजरर अजोय सरमा की नजर में आईं। यह जानते हुए कि उमा के पास पर्याप्त क्षमता थी, सरमा ने उनका नाम आगे बढ़ाया और जल्द ही उमा असम क्रिकेट एसोसिएशन के रडार में आई।
2017 में वह असम राज्य टीम का हिस्सा बनीं। पिछले घरेलू सीजन में उन्होंने छह एक-दिवसीय मैचों में 32.33 की औसत से 194 रन बनाया, जबकि पांच टी 20 पारियों में उनके नाम 88.88 की स्ट्राइक रेट से 120 रन था। उमा इंडिया ए टीम का हिस्सा थीं, जिसने हाल ही में इमर्जिंग महिला टी 20 एशिया कप जीता था। इस टूर्नामेंट में उमा ने दो मैच खेले, जिसमे बल्ले के साथ एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने उपयोगी 38 रन बनाए ( 16* & 22 ), 2 कैच लिए और 2 स्टंपिंग भी किया।

जुईली बल्लाल मुंबई की पूर्व क्रिकेटर हैं