ख़बरें

क्या सिडनी में होगी कुलदीप यादव की वापसी?

वॉशिंगटन सुंदर ने अब तक तीन विकेट चटकाए हैं लेकिन बल्ले से कुछ ख़ास प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं

ESPNcricinfo स्टाफ़
Oct 24, 2025, 7:45 AM
Kuldeep Yadav took 4 for 6 in his three overs, West Indies vs India, 1st ODI, Bridgetown, July 27, 2023

Kuldeep Yadav ने इस सीरीज़ में अब तक एक भी मैच नहीं खेला है  •  AFP/Getty Images

पर्थ और एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार झेलने के बाद भारत जब सिडनी में सीरीज़ में अपना सम्मान बचाने उतरेगा तो बड़ा सवाल यही होगा कि भारत अपने एकदाश में कोई बदलाव करता है या नहीं। हालांकि पर्थ में मिली हार के बाद भी एडिलेड में भारत ने अपने एकादश में बदलाव नहीं किया था लेकिन संभव है कि तीसरे मुक़ाबले में हमें भारत की प्लेइंग इलेवन में बदलाव देखने को मिले। फ़िलहाल सिडनी में खेले जाने वाले तीसरे वनडे से संबंधित टीम न्यूज़, पिच रिपोर्ट और संभावित XI पर एक नज़र डालते हैं।

टीम न्यूज़ और संभावित XI

ऑस्ट्रेलिया के दृष्टिकोण से यह एक अहम मैच नहीं है इसलिए मेज़बान टीम मिचेल स्टार्क और जॉश हेज़लवुड को आराम देने पर विचार कर सकती है। तीसरे वनडे के लिए जैक एडवर्ड्स को भी टीम में शामिल किया गया है जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया ए के भारत दौरे पर प्रभावी प्रदर्शन किया था। पहले वनडे में अच्छी गेंदबाज़ी करने वाले नेथन एलिस को भी तीसरे वनडे के एकादश में शामिल किया जा सकता है।
ऑस्ट्रेलिया संभावित XI : 1 मिचेल मार्श (कप्तान), 2 ट्रैविस हेड, 3 मैट शॉर्ट, 4 मैथ्यू रेनशॉ, 5 एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), 6 कूपर कॉनली, 7 मिचेल ओवेन, 8 ज़ेवियर बार्टलेट, 9 मिचेल स्टार्क/जैक एडवर्ड्स, 10 ऐडम ज़ैम्पा, नेथन एलिस/जॉश हेज़लवुड
हार्दिक पंड्या की टीम में कमी साफ़ तौर पर नज़र आ रही है लेकिन भारत ने अब तक दोनों मैचों में कुलदीप यादव का रुख़ नहीं किया है। इस बात को लेकर चर्चा है कि भारत को कुलदीप के रूप में एक आक्रामक विकल्प के साथ जाना चाहिए या फिर ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियों को देखते हुए बल्लेबाज़ी में गहराई सुनिश्चित करना ही एक बेहतर विकल्प है। क्या भारत अपने तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण को भी धार देने की योजना बनाएगा और प्रसिद्ध कृष्णा को अंतिम वनडे के एकादश मे जगह मिलेगी? पर्थ की तेज़ पिच ने ही भारत की वनडे रणनीति की पर्याप्त परीक्षा ले ली थी लेकिन अब देखना है कि भारत अपनी रणनीति में बदलाव करता है या नहीं।
भारत संभावित XI : 1 शुभमन गिल (कप्तान), 2 रोहित शर्मा, 3 विराट कोहली, 4 श्रेयस अय्यर, 5 अक्षर पटेल, 6 के एल राहुल, 7 वॉशिंगटन सुंदर/कुलदीप यादव, 8 नीतीश रेड्डी/प्रसिद्ध कृष्णा, 9 हर्षित राणा, 10 अर्शदीप सिंह, 11 मोहम्मद सिराज

पिच और परिस्थितियां

शनिवार को सिडनी में मौसम साफ़ और सुहावना रहने की उम्मीद है। हालिया समय में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर स्पिन को उतनी मदद नहीं देखी गई है लेकिन सपाट सतहों पर स्पिन गेंदबाज़ अपना प्रभाव छोड़ने में सफल रहे हैं। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ों ने यहां की परिस्थितियों का भरपूर आनंद लिया है और यहां पिछले लगातार छह वनडे जीत में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ों ने बड़े स्कोर बनाए हैं।