चैंपियंस ट्रॉफ़ी का ट्रॉफ़ी टूर शनिवार को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद से शुरू होगा। हालांकि अब यह पहले तय किए गए रास्ते के मुताबिक मुज़फ़्फ़राबाद नहीं जाएगा, जिसे लेकर
BCCI ने आपत्ति जताई थी। मुज़फ़्फ़राबाद, पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर का एक प्रमुख शहर है, जिसे भारत और पाकिस्तान दोनों ही अपना हिस्सा मानते हैं और यह क्षेत्र दोनों देशों के बीच विवादित है।
BCCI की आपत्ति के कारण ट्रॉफ़ी टूर के कार्यक्रम में बदलाव किया गया, जिससे टूर की शुरुआत में देरी का संकट भी पैदा हो गया था। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इस टूर के रूट का कार्यक्रम गुरुवार को सोशल मीडिया पर घोषित की थी, जिससे ICC भी चौंक गया था क्योंकि ऐसा प्रोटोकॉल है कि इस तरह के आयोजनों की घोषणा पहले ICC द्वारा की जाती है।
हालांकि शुक्रवार को एक वैकल्पिक मार्ग तय किया गया, जिससे यह टूर शनिवार के निर्धारित समय पर शुरू हो सका। पूर्व तेज़ गेंदबाज़ शोएब अख़्तर इस ट्रॉफ़ी टूर के पहले दिन ट्रॉफ़ी के साथ होंगे और इसे इस्लामाबाद के प्रमुख स्थलों जैसे दामन-ए-कोह, फ़ैसल मस्जिद और पाकिस्तान स्मारक पर प्रदर्शित किया जाएगा।
इस्लामाबाद से यह टूर शुरू होकर ट्रॉफ़ी एबटाबाद, मुर्री और कराची के स्कूलों, कॉलेजों और प्रमुख स्थलों पर जाएगी। इसके बाद यह ट्रॉफ़ी अंतरराष्ट्रीय टूर पर रवाना हो जाएगी, जिसमें चैम्पियंस ट्रॉफ़ी में शामिल सात अन्य देशों का टूर शामिल है।
ट्रॉफ़ी टूर्नामेंट के शुरू होने से तीन सप्ताह पहले 27 जनवरी को फिर पाकिस्तान लौटेगी और पाकिस्तान के विभिन्न स्थानों पर एक और टूर होगा।
हालांकि, टूर्नामेंट के शुरू होने में अब महज 100 दिन से भी कम समय बचा है, लेकिन पाकिस्तान में कितने मैच खेले जाएंगे, इस पर अभी भी स्पष्टता नहीं है। BCCI ने ICC को सूचित किया है कि भारतीय टीम पाकिस्तान नहीं जाएगी, जिसके चलते हाइब्रिड मॉडल के तहत भारत के मैच पाकिस्तान से बाहर खेले जाने की संभावना है। हालांकि, PCB इस संभावना के ख़िलाफ़ है और वह पूरी ट्रॉफ़ी पाकिस्तान में ही आयोजित करने की बात कर रहा है।
इसके अतिरिक्त PCB ने ICC के द्वारा BCCI से यह लिखित में स्पष्ट करने के लिए कहा है कि वह पाकिस्तान यात्रा से क्यों मना कर रहा है।