मैच (30)
IPL (3)
त्रिकोणीय वनडे सीरीज़, श्रीलंका (1)
विश्व कप लीग 2 (1)
County DIV1 (3)
County DIV2 (4)
Women's One-Day Cup (4)
HKG T20 (1)
T20 Women’s County Cup (13)
ख़बरें

दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा बनेंगे अजीत आगरकर

पहली बार किसी भी प्रकार की कोचिंग भूमिका में नज़र आएंगे

Ajit Agarkar could be the frontrunner for the post of the BCCI selection committee chairman

अजीत आगरकर भारत और श्रीलंका के बीच घरेलू सीरीज़ के समापण के बाद कैपिटल्स के समूह में शामिल होंगे  •  Getty Images

पूर्व भारतीय तेज़ गेंदबाज़ अजीत आगरकर असिस्टेंट कोच के रूप में दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़ने जा रहे हैं। ईएसपीएनक्रिकइंफ़ो को पता चला है कि आगरकर प्रमुख कोच रिकी पोंटिंग के नेतृत्व वाले कोचिंग स्टाफ़ में कई भूमिकाएं निभाएंगे। वह कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत, कोच पोंटिंग, बल्लेबाज़ी कोच प्रवीण आमरे तथा गेंदबाज़ी कोच जेम्स होप्स के साथ नेतृत्व समूह का हिस्सा भी होंगे।
कैपिटल्स ने 2021 सीज़न तक सहायक कोच की भूमिका निभाने वाले मोहम्मद कैफ़ और अजय रात्रा को नए करार नहीं सौंपे हैं। जहां कैफ़ 2019 से टीम के साथ बने हुए थे, रात्रा को पिछले सीज़न कोचिंग स्टाफ़ में जोड़ा गया था।
समझा जा रहा है कि आगरकर, जो इस समय स्टार स्पोर्ट्स की ब्रॉडकास्टिंग टीम का हिस्सा हैं, भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली घरेलू सीरीज़ के समापण के बाद कैपिटल्स के समूह में शामिल होंगे। तीन टी20 अंतर्राष्ट्रीय और दो टेस्ट मैचों वाला यह दौरा 16 मार्च तक चलेगा।
यह पहला मौक़ा होगा जब आगरकर किसी भी प्रकार की कोचिंग भूमिका में नज़र आएंगे। 2013 में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले 44 वर्षीय आगरकर ने आख़िरी बार 2007 में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। अपनी बढ़िया तेज़ गेंदबाज़ी से आगरकर ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में क़रीबन 350 विकेट झटके। अपने अंतिम घरेलू सीज़न, 2012-13, में आगरकर ने पहली बार रणजी ट्रॉफ़ी में मुंबई की कप्तानी की और उन्हें चैंपियन बनाया।
2008 से 2010 तक कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलने के बाद 2011 से 2013 के बीच आगरकर दिल्ली डेयरडेविल्स का हिस्सा थे।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पिछले तीन सीज़नों में प्ले-ऑफ़ में जगह बनाकर कैपिटल्स इस लीग की सबसे सुसंगत और सफल टीमों में से एक रही है। 2020 में उन्होंने पहली बार इस प्रतियोगिता के फ़ाइनल में प्रवेश किया जहां मुंबई इंडियंस के हाथों उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। हाल ही में संपन्न हुई आईपीएल की बड़ी नीलामी में कैपिटल्स ने भारतीय ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर (पौने 11 करोड़), अनुभवी डेविड वॉर्नर (सवा 6 करोड़), ऑलराउंडर मिचेल मार्श (साढ़े 6 करोड़), चेतन साकरिया ( 4 करोड़ 20 लाख), कुलदीप यादव (2 करोड़) और आक्रामक रोवमन पॉवेल (2 करोड़ 80 लाख) को अपनी टीम में शामिल किया। इस नीलामी से पहले कैपिटल्स ने पंत, अक्षर पटेल, पृथ्वी शॉ और अनरिख़ नॉर्खिये को रिटेन किया था।

नागराज गोलापुड़ी ESPNcricinfo में न्यूज़ एडिटर हैं। अनुवाद ESPNcricinfo हिंदी के सब एडिटर अफ़्ज़ल जिवानी ने किया है।