दिल्ली कैपिटल्स के उपकप्तान बने फ़ाफ़ डुप्लेसी
डुप्लेसी पिछले तीन सीज़न से RCB के कप्तान थे
ESPNcricinfo स्टाफ़
17-Mar-2025
फ़ाफ़ डुप्लेसी दिल्ली कैपिटल्स में उप-कप्तान की भूमिका अदा करेंगे • AFP/Getty Images
फ़ाफ़ डुप्लेसी IPL 2025 में अक्षर पटेल के डिप्टी (उप-कप्तान) की भूमिका निभाएंगे। डुप्लेसी IPL 2024 के अंत तक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान थे। लेकिन पिछले साल मेगा नीलामी से पहले RCB ने उन्हें रिलीज़ कर दिया था। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने उन्हें उनके बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये में ख़रीदा। इस भूमिका को सौंपने के मामले में DC के द्वारा डुप्लेसी को केएल राहुल के ऊपर तरजीह दी गई, जो इस साल DC में शामिल हुए और एक पूर्व IPL कप्तान भी हैं।
Pick up your phones, it's your vice-captain calling pic.twitter.com/W3AkYO4QKZ
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) 17 march 2025
डुप्लेसी सभी फ़ॉर्मेट में साउथ अफ़्रीका के पूर्व कप्तान रह चुके हैं। वह 2012 में पहली बार IPL का हिस्सा बने थे। तब चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया था। वह 2015 तक CSK के साथ रहे, फिर दो सीज़न तक राइज़िंग पुणे सुपरजायंट्स के लिए खेले (जब CSK पर प्रतिबंध लगा था)। इसके बाद वह फिर से CSK की टीम के साथ रहे। RCB ने उन्हें 2022 की नीलामी में ख़रीदा, और जब विराट कोहली ने कप्तानी छोड़ी, तो डुप्लेसी को टीम की कमान सौंपी गई। उन्होंने RCB की तीन सीज़न तक कप्तानी की, जिसमें टीम 2022 और 2024 में प्लेऑफ़ तक पहुंची, लेकिन अभी तक वह ख़िताब नहीं जीत पाए हैं, जिसे RCB पिछले 17 सीज़न से जीतने की कोशिश कर रही है।
IPL में अब तक 40 वर्षीय डुप्लेसी ने 145 मैचों में 35.99 की औसत और 136.37 की स्ट्राइक रेट से 4571 रन बनाए हैं। वह अब भी फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट में सक्रिय हैं और इस साल SA20 में जोबर्ग सुपर किंग्स के लिए खेले थे। द हंड्रेड के आगामी सीज़न में भी कई टीमें उन्हें अपने साथ लाने का प्रयास कर सकती है। विशेष रूप से सदर्न ब्रेव की टीम यह प्रयास कर सकती है, जिसे अब वही GMR ग्रुप संचालित कर रहा है, जो DC के भी मालिक हैं।
DC ने अभी तक IPL नहीं जीता है, और इस रिकॉर्ड को बदलने के लिए टीम में बड़े बदलाव किए हैं। इसमें रिकी पोंटिंग को कोचिंग स्टाफ़ से हटाना और हेमांग बदानी को मुख्य कोच नियुक्त करना शामिल है। मैथ्यू मॉट को सहायक कोच, केविन पीटरसन को टीम मेंटॉर, और मुनाफ़ पटेल, वेणुगोपाल राव, तथा विजय भारद्वाज को अन्य अहम पदों पर नियुक्त किया गया है। अक्षर पटेल को कप्तान बनाए जाने को भी इसी बदलाव का हिस्सा माना जा रहा है। ऋषभ पंत पिछले सीज़न तक DC के कप्तान थे। इस बार वह नीलामी में वापस गए और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने उन्हें ख़रीदा, जहां उन्हें कप्तान नियुक्त किया गया। राहुल पिछले सीज़न तक LSG के कप्तान थे।