मैच (13)
द हंड्रेड (पुरूष) (2)
IRE-W vs PAK-W (1)
द हंड्रेड (महिला) (2)
One-Day Cup (6)
ZIM vs NZ (1)
AUS-WA vs IND-WA (1)
ख़बरें

वरुण ऐरन SRH के साथ बतौर गेंदबाज़ी कोच करेंगे नई पारी का आग़ाज़

पूर्व भारतीय तेज़ गेंदबाज़ ऐरन न्यूज़ीलैंड के सीमर जेम्स फ़्रैंकलिन की लेंगे जगह

Varun Aaron is overjoyed, Kolkata Knight Riders v Rajasthan Royals, IPL 2019, Kolkata, April 25, 2019

वरुण ऐरन ने इसी साल की शुरुआत में क्रिकेट के सभी फ़ॉर्मैट से लिया है संन्यास  •  BCCI

भारत के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ वरुण ऐरन अब सनराइज़र्स हैदराबाद (SRH) के साथ नई पारी का आग़ाज़ करेंगे। IPL 2026 से पहले ऐरन बतौर गेंदबाज़ी कोच SRH के साथ जुड़ेंगे, वह न्यूज़ीलैंड के पूर्व बाएं हाथ के सीमर जेम्स फ़्रैंकलिन की जगह लेंगे। 35 वर्षीय ऐरन पहली बार बतौर कोच शुरुआत करेंगे, इसी साल जनवरी में उन्होंने क्रिकेट के सभी फ़ॉर्मैट से संन्यास ले लिया था। ऐरन जिस सपोर्ट स्टाफ़ का हिस्सा होंगे उसका नेतृत्व डेनियल विटोरी करेंगे।
2024 के मध्य में ऐरन चेन्नई में स्थित MRF पेस ऐकेडमी में सलाहकार की भूमिका में भी रहे हैं। ये एक ऐसा संस्थान है जिसने ऐरन की तेज़ गेंदबाज़ी निखारने में बेहद अहम किरदार निभाया था, जिसके बाद 2010-11 में ऐरन ने झारखंड के साथ अपने क्रिकेट जीवन की शुरुआत की थी।
ऐरन का करियर चोट की समस्या से काफ़ी प्रभावित रहा है, उन्हें कई बार स्ट्रेस फ़्रैक्चर हुए थे। हालांकि उन्होंने भारत के लिए नौ टेस्ट और नौ वनडे भी खेला है, उन्होंने आख़िरी बार भारत के लिए नवंबर 2015 में साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ बेंगलुरू टेस्ट खेला था। ऐरन के टेस्ट करियर का सबसे यादगार लम्हा 2014 के इंग्लैंड दौरे पर आया था, जब उन्होंने स्टुअर्ट ब्रॉड को बाउंसर डाली थी। ऐरन की वह बाउंसर ब्रॉड के चेहरे पर लगी थी और उससे उनकी नाक टूट गई थी, जिसके लिए ब्रॉड को सर्जरी से गुज़रना पड़ा था। ऐरन की बाउंसर ब्रॉड के हेलमेट में लगने के बाद ग्रील से होते हुए आंखों में भी लगी थी।
भारत के अलावा ऐरन ने IPL में भी कई टीमों का प्रतिनिधित्व किया है, जिसमें दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, कोलकाता नाइट राइडर्स, किंग्स-XI पंजाब (अब पंजाब किंग्स) और गुजरात टाइटंस शामिल हैं। IPL में उन्होंने कुल 52 मैच खेले जिसमें उनके नाम 9.93 की इकॉनमी से 44 विकेट हैं। ऐरन आख़िरी बार GT के साथ 2022 में थे, जब वह चैंपियन टीम का हिस्सा बने थे।
ऐरन ने संन्यास के बाद से लगातार अपना करियर बतौर क्रिकेट विश्लेषक के तौर पर जारी रखा है, और इस दौरान वह बतौर विश्लेषक ESPNcricinfo के साथ भी जुड़े रहे हैं।