पृथ्वी शॉ ने जड़ा रणजी ट्रॉफ़ी का तीसरा सबसे तेज़ दोहरा शतक
चंडीगढ़ के ख़िलाफ़ केवल 156 गेंदों में खेली 222 रनों की आक्रामक पारी
ESPNcricinfo स्टाफ़
27-Oct-2025 • 7 hrs ago
Prithvi Shaw ने खेली जबरदस्त पारी • PTI
कमबैक की कोशिश में लगे युवा भारतीय बल्लेबाज़ पृथ्वी शॉ ने चंडीगढ़ के ख़िलाफ़ रणजी ट्रॉफ़ी मैच में धुआंधार दोहरा शतक लगा दिया है। इस सीज़न की शुरुआत से पहले मुंबई छोड़कर महाराष्ट्र आए शॉ के लिए यह पारी काफ़ी अहम है क्योंकि लंबे समय से वह वापसी की कोशिश कर रहे हैं। शॉ ने आक्रामक बल्लेबाज़ी करते हुए महाराष्ट्र को 463 रन का लक्ष्य चंडीगढ़ के सामने रखने में मदद की। पहली पारी में केवल आठ रन बनाने के बाद दूसरी पारी में उनका बल्ला जमकर बोला।
शॉ ने अपने अंदाज़ में बल्लेबाज़ी करते हुए चंडीगढ़ के गेंदबाज़ों पर शुरुआत से ही आक्रमण किया और अपनी पहली 55 गेंदों में 13 चौकों की मदद से 80 रन बना लिए थे। इसके बाद उन्होंने और तेज़ी से रन बनाना शुरू किया और केवल 72 गेंद में ही अपना शतक पूरा कर लिया। 17 चौकों की मदद से महाराष्ट्र के लिए उन्होंने अपना पहला शतक जड़ा। इसके बाद भी शॉ नहीं रुके और लगातार आक्रामक बल्लेबाज़ी करते रहे।
141 गेंदों में शॉ ने अपना दोहरा शतक पूरा किया था जो रणजी ट्रॉफ़ी में प्लेट ग्रुप के मैचों को छोड़ दिया जाए तो दूसरा सबसे तेज़ दोहरा शतक है। इससे पहले रवि शास्त्री ने केवल 123 गेंद में दोहरा शतक लगाया है। 200 से कम गेंदों में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में दो दोहरा शतक लगाने वाले शॉ केवल दूसरे भारतीय बल्लेबाज़ बने हैं। वीरेंद्र सहवाग ने सबसे अधिक तीन बार भारत के लिए यह कारनामा किया है। शॉ 156 गेंदों में 222 रनों की पारी खेलने के बाद आउट हुए और उनकी पारी में 29 चौकों के साथ पांच छक्के भी शामिल रहे।
