मैच (7)
आईपीएल (2)
Pakistan vs New Zealand (1)
WT20 Qualifier (4)
ख़बरें

शेन बॉन्ड बने माय ऐमिरेट्स के हेड कोच

पार्थिव पटेल, विनय कुमार और जेम्स फ़्रैंकलिन भी कोचिंग स्टाफ़ का हिस्सा होंगे, रॉबिन सिंह होंगे जनरल मैनेजर

शेन बॉन्ड 2015 से ही मुंबई इंडियंस के सपोर्ट स्टाफ़ में शामिल हैं  •  Mumbai Indians

शेन बॉन्ड 2015 से ही मुंबई इंडियंस के सपोर्ट स्टाफ़ में शामिल हैं  •  Mumbai Indians

न्यूज़ीलैंड के पूर्व दिग्गज तेज़ गेंदबाज़ शेन बॉन्ड इंडियन प्रीमियर लीग में 2015 से ही मुंबई इंडियंस के बोलिंग कोच हैं और अब वह माय ऐमिरेट्स के मुख्य कोच भी होंगे। माय ऐमिरेट्स यूएई की आईएल टी20 लीग का हिस्सा है जिसका स्वामित्व मुंबई इंडियंस के पास है। कोचिंग स्टाफ़ में पार्थिव पटेल [बल्लेबाज़ी कोच] और विनय कुमार [बोलिंग कोच] को भी शामिल किया गया है। इन दोनों ही पूर्व भारतीय खिलाड़ियों का बतौर कोच ये डेब्यू भी होगा, जबकि न्यूज़ीलैंड के जेम्स फ़्रैंकलिन को फ़ील्डिंग कोच बनाया गया है। इसके अलावा पूर्व भारतीय ऑलराउंडर और लंबे समय से मुंबई इंडियंस के सपोर्ट स्टाफ़ का हिस्सा रहे रॉबिन सिंह क्रिकेट के जनरल मैनेजर होंगे।
हालांकि आईएल टी20 के कार्यक्रम की घोषणा अभी नहीं हुई है लेकिन ये प्रतियोगिता जनवरी-फ़रवरी 2023 के विंडो में ही आयोजित होगी। उसी समय साउथ अफ़्रीका में एसए20 लीग भी खेली जाएगी। लिहाज़ा मुंबई इंडियंस ग्रुप को इसके लिए अलग-अलग कोच नियुक्त करने की ज़रूरत थी क्योंकि इन दोनों ही प्रतियोगिताओं में मुंबई की टीमें रहेंगी।
मार्क बाउचर जो ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप के बाद से राष्ट्रीय टीम के कोच पद से इस्तीफ़ा दे रहे हैं, उन्हें आईपीएल में मुंबई इंडियंस के हेड कोच के तौर पर नियुक्त किया गया है।
महेला जयवर्दना जो 2017 से ही मुंबई इंडियंस के प्रमुख कोच थे, लेकिन अब वह मुंबई इंडियंस ग्रुप में ग्लोबल भूमिका में नज़र आएंगे। उन्हें मुंबई इंडियंस ग्रुप का 'ग्लोबल हेड ऑफ़ परफ़ॉर्मेंस' बनाया गया है। उनकी ज़िम्मेदारी मुंबई इंडियंस ग्रुप की तीनों टीमों के स्कॉउटिंग और कोचिंग की होगी। जबकि ज़हीर ख़ान को मुंबई इंडियंस ग्रुप के 'ग्लोबल हेड ऑफ़ क्रिकेट डेवलपमेंट' की ज़िम्मेदारी दी गई है।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज साइमन कैटिच को एमआई केप टाउन टीम का हेड कोच नियुक्त किया गया है, उन्हें हाशिम अमला का साथ मिलेगा जिनके ऊपर बल्लेबाज़ी कोच की ज़िम्मेदारी होगी। जबकि रॉबिन पीटरसन को टीम का जेनलर मैनेजर बनाया गया है। आईपीएल में मुंबई इंडियंस के फ़ील्डिंग कोच की भूमिका निभा रहे जेम्स पैमंट को एमआई केप टाउन टीम का भी फ़ील्डिंग कोच नियुक्त किया गया है।
माय ऐमिरेट्स की टीम में कायरन पोलार्ड, ट्रेंट बोल्ट और ड्वेन ब्रावो जैसे नॉन-यूएई के खिलाड़ी अभी ही विदेशी खिलाड़ियों के तौर पर टीम का हिस्सा बन चुके हैं। बॉन्ड इससे पहले भी कई टीमों के साथ बतौर कोच रह चुके हैं, जिसमें न्यूज़ीलैंड टीम के गेंदबाज़ी कोच के तौर पर भी वह अपनी ज़िम्मेदारी निभा चुके हैं। बॉन्ड इंग्लैंड क्रिकेट टीम के साथ भी बतौर गेंदबाज़ी सलाहकार अपनी सेवा दे चुके हैं।

अनुवाद ESPNcricinfo हिंदी के मल्टीमीडिया जर्नलिस्ट सैयद हुसैन ने किया है। @imsyedhussain