IPL 2025 : RCB ने चोटिल देवदत्त पड़िक्कल की जगह मयंक अग्रवाल को दल में शामिल किया
DC ने हैरी ब्रूक की जगह अफ़ग़ानिस्तान के बल्लेबाज़ सेदिकउल्लाह अटल को दी जगह
ESPNcricinfo स्टाफ़
07-May-2025 • 17 hrs ago
पड़िक्कल ने इस सीज़न अच्छी बल्लेबाज़ी की थी • BCCI
देवदत्त पड़िक्कल हैमस्ट्रिंग चोट के कारण IPL 2025 के बाकी मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने उनके स्थान पर उनके कर्नाटक कप्तान मयंक अग्रवाल को टीम में शामिल किया है।
34 वर्षीय अग्रवाल RCB से 1 करोड़ रुपये में जुड़ेंगे। वह अपनी घरेलू टीम में लौट रहे हैं। उन्होंने 2011 से 2013 के बीच इस टीम के लिए 35 मुक़ाबले खेले थे और 128.79 के स्ट्राइक रेट से 492 रन बनाए थे।
पड़िक्कल की चोट RCB के लिए एक बड़ा झटका है। टीम में दाएं हाथ के बल्लेबाज़ों के प्रभुत्व के बीच उनका बाएं हाथ से बल्लेबाज़ी करना टीम के लिए फ़ायदेमंद साबित हो रहा था। उन्होंने इस IPL में दस पारियों में 27.44 की औसत और 150.60 की स्ट्राइक रेट से 247 रन बनाए। पिछले सीज़न में उनका औसत 5.42 और स्ट्राइक रेट 71.69 का रहा था।
RCB इस साल प्लेऑफ़ में जगह बनाने से सिर्फ एक जीत दूर है। उनका अगला मुक़ाबला शुक्रवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के ख़िलाफ़ है।
DC में ब्रूक की जगह अटल
दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने अफ़ग़ानिस्तान के बल्लेबाज़ सेदिकउल्लाह अटल को हैरी ब्रूक की जगह पर टीम में शामिल किया है। ब्रूक ने IPL 2025 की शुरुआत से पहले ही टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया था। ब्रूक लगातार दूसरे साल DC के साथ अपने कॉन्ट्रैक्ट से पीछे हटे हैं और इसके चलते उन्हें टूर्नामेंट से दो साल का प्रतिबंध भी झेलना पड़ सकता है।
23 वर्षीय अटल DC से 1.25 करोड़ रुपये के बेस प्राइस पर जुड़ेंगे। वह एक बाएं हाथ के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज़ हैं। उन्होंने अब तक 49 T20 मुकाबले खेले हैं, जिनमें उन्होंने 34.25 की औसत और 131.27 की स्ट्राइक रेट से 1507 रन बनाए हैं। यह IPL में उनकी पहली उपस्थिति होगी।
टीम के प्रमुख कोच हेमांग बदानी ने कहा, "हम अटल का दिल्ली कैपिटल्स में स्वागत करते हुए बेहद उत्साहित हैं। वह एक रोमांचक और युवा प्रतिभा हैं, जिन्होंने अफ़ग़ानिस्तान की जूनियर और सीनियर टीमों दोनों के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। टूर्नामेंट के इस अहम दौर में उनकी मौज़ूदगी हमारे बल्लेबाज़ी क्रम को मज़बूती देगी।"
फ़रवरी में चैंपियंस ट्रॉफ़ी के दौरान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़ अपने सबसे हालिया अंतरराष्ट्रीय मैच में अटल ने 95 गेंदों पर 85 रन बनाए थे। इससे पहले वह इस साल की शुरुआत में SA20 के दौरान MI केप टाउन की तरफ़ से बेन स्टोक्स के स्थान पर खेले थे, जहां उन्होंने तीन पारियों में 27.33 की औसत और 146.42 की स्ट्राइक रेट से 82 रन बनाए थे।