ख़बरें

श्रेयस अय्यर की सोबो मुंबई फ़ाल्कंस मुंबई T20 लीग फ़ाइनल में हारी

मुंबई साउथ साउथ सेंट्रल मराठा रॉयल्‍स ने छह विकेट से हराकर जीता ख़‍िताब

Shreyas Iyer lauds his bowlers' efforts, Royal Challengers Bengaluru vs Punjab Kings, IPL, final, Ahmedabad, June 3, 2025

Shreyas Iyer टूर्नामेंट में बतौर बल्‍लेबाज़ भी ख़ास नहीं कर सके  •  Getty Images

श्रेयस अय्यर की सोबो मुंबई फ़ाल्‍कंस को गुरुवार को मुंबई T20 लीग के फ़ाइनल में शिकस्‍त का सामना करना पड़ा जहां पर उनकी टीम वानखेड़े स्‍टेडियम में मुंबई साउथ सेंट्रल मराठा रॉयल्‍स से हार गई। यह अय्यर की बतौर कप्‍तान टी20 लीग में 10 दिन के अंदर लगातार दूसरी फ़ाइनल में हार है। इससे पहले तीन जून को अहमदाबाद में पंजाब किंग्‍स (PBKS) को IPL 2025 के फ़ाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से हार का सामना करना पड़ा था।
सोबो ने 157 रन बनाए, जिसमें अय्यर ने 17 गेंद में 12 रनों की पारी खेली। सिद्धेश लाड की कप्‍तानी वाली मराठा रॉयल्‍स ने चार गेंद और छह विकेट शेष रहते लक्ष्‍य हासिल कर लिया। अय्यर ने पांच पारियों में 62 रन बनाए, जिसमें 25 रन उनका सर्वश्रेष्‍ठ स्‍कोर था।
अय्यर ने फ़ाइनल में हार के बाद कहा, "मैं किसी एक घटना पर टिप्पणी नहीं करना चाहता। कुल मिलाकर, लड़कों ने अपना प्रयास शानदार ढंग से किया। हमने फ़ाइनल में पहुंचने के दौरान सिर्फ़ एक मैच हारा है। अगर आप किसी की आलोचना करते हैं तो यह मूल रूप से पीठ में छुरा घोंपने जैसा है, और मुझे यह पसंद नहीं है।"
"फ़ाइनल में हार के बाद निराश होना आम बात है। इससे खिलाड़ियों को दुख होता होगा। लेकिन जब वे अगले साल वापस आएंगे, तो उनके पास अतिरिक्त प्रेरणा और आत्मविश्वास होगा। उन्हें अपने प्रयास पर गर्व होना चाहिए।"
अय्यर ने कप्तान के तौर पर बेहतरीन और बेहद सफल समय बिताया है। IPL 2025 के फ़ाइनल और मुंबई टी20 लीग के फ़ाइनल में पहुंचने से पहले, उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स को 2024 में एक दशक में अपना पहला IPL ख़‍िताब दिलाया था और मुंबई को सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफ़ी में भी जीत दिलाई थी। वह रणजी ट्रॉफ़ी 2023-24 और उसके बाद ईरानी कप दोनों में मुंबई के विजयी अभियान का हिस्सा थे और इस साल मार्च में, उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफ़ी ख़‍िताब के लिए भारत के सफल अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।