चेन्नई सुपर किंग्स 156/6 (गायकवाड़ 88*, मिल्न 2-21) ने मुंबई इंडियंस 136/8 (तिवारी 50*, दीपक चाहर 2-19) को 20 रन से हराया
चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) और मुंबई इंडियंस (एमआई) के बीच के मैच को आईपीएल का एल-क्लासिको कहा जाता है और आज भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी चेन्नई सुपरकिंग्स का स्कोर पावरप्ले समाप्त होने के बाद 24 रन पर 4 विकेट था। इसके अलावा अंबाती रायुडू भी चोट खाकर रिटायर्ड हर्ट हो चुके थे। लेकिन ऋतुराज गायकवाड़ ने सिर्फ़ 58 गेंद पर 88 रन ठोककर चेन्नई के स्कोर को 156 पर पहुंचा दिया। गायकवाड़ ने इस पारी में 9 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के लगाए।
उन्होंने रवींद्र जाडेजा (33 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 64 गेंदों पर 81 रन की साझेदारी की। इसके बाद अंत में 8 गेंद पर 23 रन की धमाकेदार पारी खेल ब्रावो ने चेन्नई को एक सम्मानजनक स्कोर पर खड़ा कर दिया। चेन्नई ने अंतिम 4 ओवरों में 58 रन बनाए।
मुंबई इस मैच में बिना रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या के खेल रही थी, लेकिन फिर भी उनके लिए यह कठिन लक्ष्य नहीं था। लेकिन दीपक चाहर की अगुवाई में चेन्नई ने लगातार विकेट झटके और 10 ओवर की समाप्ति पर मुंबई का स्कोर 4 विकेट पर 58 रन था।
सौरभ तिवारी और इस मैच के लिए मुंबई के कप्तान बनाए गए कायरन पोलार्ड ने कुछ संघर्ष करने की कोशिश की लेकिन जॉश हेज़लवुड ने उन्हें अपने जाल में फंसा लिया। वह पगबाधा आउट हुए। जब पोलार्ड आउट हुए, उस समय मुंबई को 41 गेंद में 70 रन की जरूरत थी। सौरभ तिवारी अंत तक क्रीज़ पर डटे रहे और उन्होंने 40 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे और मुंबई की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 136 रन ही बना सकी व टीम को 20 रन से हार का सामना करना पड़ा।
हेमंत बराड़ ESPNcricinfo में सब एडिटर हैं, अनुवाद ESPNcricinfo हिंदी के दया सागर ने किया है